रिलायंस जियो का लाभ 8389 करोड़ हुआ, 5G ग्राहक संख्‍या 30 करोड़ पहुंची

Reliance JIO: रिलायंस जियो ने साल की दूसरी तिमाही में अच्‍छा प्रदर्शन किया है। (फाइल फोटो)
Reliance JIO: रिलायंस जियो ने साल की दूसरी तिमाही में अच्‍छा प्रदर्शन किया है। (फाइल फोटो)
Last Updated: 31 Oct, 2026 at 01:11 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, मुंबई। Reliance JIO: रिलायंस जियो के 5G ग्राहकों की संख्या 30 करोड़ पहुंच गई है। जियो प्लेटफॉर्म्स के अनऑडिटेड तिमाही नतीजों के मुताबिक, कंंपनी का दूसरी तिमाही में मुनाफा 8389 करोड़ रुपये हो गया है। यह पिछले साल इसी अवधि में 7379 करोड़ रुपये था। कंपनी की प्रति ग्राहक कमाई में भी वृद्धि हुई है।

पिछले एक साल में जियो के 5G ग्राहकों की संख्‍या में 6.6 करोड़ की वृद्धि

इसके साथ ही पिछले 12 महीनों यानी 1 अक्‍टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक जियो के 5G ग्राहकों की संख्या में 6.6 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में भी 3 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा छू लिया है। जियो का कुल ग्राहक आधार 54.2 करोड़ के पार पहुंच गया है।

प्रति ग्राहक औसत डेटा खपत में भी वृद्धि

जियो के नेटवर्क पर डेटा का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ा है। प्रति ग्राहक औसत मासिक डेटा खपत 44.2 GB पहुंच गई है। कंपनी के कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक में 5G की हिस्सेदारी अब करीब 56 फीसदी हो गई है। सितंबर तिमाही में जियो का कुल डेटा ट्रैफिक सालाना आधार पर 22.1 फीसदी बढ़कर 71 एक्साबाइट पहुंच गया। ये आंकड़े जियो के नेटवर्क पर डेटा के बढ़ते इस्तेमाल को दिखाते हैं।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: सोना की कीमत में 2201 रुपये की गिरावट, चांदी हुई 9134 रुपये सस्‍ती

जियो एयरफाइबर ग्राहकों की संख्‍या डेढ़ करोड़ से ऊपर पहुंची

फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के क्षेत्र में जियो एयरफाइबर की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। एयरफाइबर के ग्राहकों की संख्या 1.51 करोड़ हो गई है। पिछले एक साल में जियो के फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की कुल शुद्ध बढ़ोतरी में एयरफाइबर की हिस्सेदारी 75 फीसदी से ज्यादा रही। इस दौरान जियो के कुल ग्राहक आधार में 3.6 करोड़ की शुद्ध बढ़ोतरी हुई, जबकि जुलाई-सितंबर तिमाही में 91 लाख ग्राहक जुड़े।

जियो प्‍लेटफाॅर्म्‍स के ग्रास रेवेन्‍यू में 11.3 प्रतिशत की वृद्धि

ग्राहकों की बढ़ती संख्या और डिजिटल सेवाओं के विस्तार का असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया। जियो प्लेटफॉर्म्स का तिमाही ग्रॉस रेवेन्यू 11.3 फीसदी बढ़कर 47,485 करोड़ रुपये और EBITDA 16.6 फीसदी बढ़कर 21,879 करोड़ रुपये हो गया। प्रति ग्राहक औसत मासिक कमाई (ARPU) भी बढ़कर 218.8 रुपये पहुंच गई।

जियो के आईपीओ को 22 गुना अधि‍क सब्‍सक्रप्‍शन मिला था

इससे पहले 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई थी। कंपनी का ₹30,188 करोड़ का IPO भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा IPO रहा, जिसे 22 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला। लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स बाजार मूल्यांकन के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी बन गई है।

जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स के तिमाही नतीजे की खास बातें –
* जियो के फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या भी 3 करोड़ पहुंची।
* जियो के कुल ग्राहक आधार में 3.6 करोड़ की वृद्धि हुई। जियो का कुल ग्राहक आधार 54.2 करोड़ हुआ।
* हर ग्राहक औसतन 44.2 GB डेटा हर महीने इस्तेमाल कर रहा।
* जियो प्लेटफॉर्म्स का ग्रॉस रेवेन्यू 11.3% बढ़कर ₹47,485 करोड़।
* जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स का लाभ 8389 करोड़ रुपये हुआ।
* EBITDA में 16.6 प्रतिशत की वृद्धि, 21,879 करोड़ रुपये हुआ।
* प्रति ग्राहक औसत मासिक कमाई 218.80 रुपये हुई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *