Punjab Sports New Update: पंजाब खेल महाकुंभ का आगाज, गुरदास मान ने प्रस्‍तुतियों से समां बांधा, खिलाड़ि‍यों का मार्चपास्‍ट See Video

पंजाब के खेलों के महाकुंभ 'खेडां वतन पंजाब दियां' का बठिंडा में आगाज हुआ। (फोटो सोर्स पंजाब डीपीआरओ)
पंजाब के खेलों के महाकुंभ 'खेडां वतन पंजाब दियां' का बठिंडा में आगाज हुआ। (फोटो सोर्स पंजाब डीपीआरओ)
Last Updated: 6 Sep, 2026 at 06:02 AM by Sunil Kumar Jha

बठिंडा में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीज़न का आगाज

सटीक समाचार, बठिंडा। Punjab Sports New Update: पंजाब में खेलों के महाकुंभ ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का शानदार और रंगारंग समारोह में आगाज हुआ। बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्‍टेडियम में आयोजित समारोह में प्रसिद्ध पंंजाबी सूफी गायक गुरदास मान और कुलविंदर बिल्‍ला ने अपनी गायकी के रंग बिखेरे। इस अवसर पर मशाल प्रज्‍ज्‍वलित की गई और सीएम भगवंत मान ने गुरदास मान के साथ मिलकर गुब्‍बारे उड़ाकर इन खेलों का शुभारंभ किया।

कुलविंदर बिल्‍ला ने भी दीं प्रस्‍तुतियां

पंजाब के गांवों और शहरों में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किए गए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का यह चौथा सीज़न है। इन खेलों की सबसे बड़ी खूबी है कि इसमें राज्‍यभर में तीन पीढ़ी के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें 14 से 70 साल के खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे।

इन खेलों में 14 से 70 साल आयु के खिलाड़ी लेंगे भाग

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब की खेल प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। यह सीज़न 14 से 70 साल से अधिक उम्र के लगभग 10 लाख खिलाड़ियों को 39 खेल प्रतियोगिताओं और चार पैरा-खेल खेलने के लिए खेल मैदान में उतारेगा। ये खेल 29 नवंबर को पटियाला में समाप्त होंगे। इनमें विजेताओं के लिए 12.50 करोड़ रुपये के नकद पुरस्‍कार रखे गए हैं, जिसमें पहली बार वेटरन खिलाड़ियों के लिए भी नकद इनाम शामिल हैं।

राष्‍ट्रमंडल खेल 2026 के रजत विजेता खिलाड़ी लवप्रीत सिंह व हर‍जिंदर कौर को मिले 50-50 लाख रुपये

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 की रजत पदक विजेता हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह को 50-50 लाख रुपये के चेक देकर सम्मानित किया। उद्घाटन समारोह में भांगड़ा और गिद्धा सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ने सबका मनमोह लिया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और गायक गुरदास मान ने संयुक्त रूप से आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर चौथे सीज़न की औपचारिक शुरुआत की। समारोह ने पंजाब के खेल जज़्बे, सांस्कृतिक विरासत और नौजवानों की असीम ऊर्जा को रंगारंग जश्न में पिरो दिया। मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने इस समारोह की कुछ झलकियां अपने एक्‍स पेज पर भी साझा किया।

12 अगस्‍त को संगरूर से रवाना की गई खेल मशाल लेकर खिलाड़ीद्घाटन समारोह में पहुंच

12 अगस्त को संगरूर से रवाना की गई राज्‍य के विभिन्‍न स्‍थानों से होते हुए खेल मशाल को लेकर खिलाड़ी बठिंडा में उद्घाटन समारोह में लेकर पहंचे । इस साल प्रदेश भर के लगभग 10 लाख खिलाड़ियों को शामिल करने का लक्ष्य है ताकि नौजवानों की असीम ऊर्जा को खेलों और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाया जा सके। खेलों में 14 साल से लेकर 70 साल से अधिक उम्र के 9 आयु वर्गों में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Khedan Wattan Punjab Diyan New: खेलों के रंग रंगेगा पूरा पंजाब, मैदान में एक संग तीन पीढ़ि‍यां, तस्‍वीरों में देखें खेलों के उत्‍सव के आगाज का नजारा

सीएक भगवंत मान ने बताया कि इस साल कुल 39 खेलों की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंंगी। इनमें एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल सहित चार पैरा-खेल शामिल हैं। पहली बार लड़कों और लड़कियों के लिए टेनिस-बॉल क्रिकेट को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विजेता खिलाड़ियों को कुल 12.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक विजेताओं को 10,000 रुपये, रजत पदक विजेताओं को 7,000 रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 40 वर्ष तक की आयु वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रेडेशन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे सरकारी नौकरियों में खेल कोटे का लाभ उठा सकेंं।

पहले तीन सीजनों में 25.51 करोड़ रुपये के पुरस्‍कार वितरित किए गए

पिछले सीजनों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि पहले तीन सीजनों के दौरान अब तक 25.51 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जा चुकी है। वर्ष 2022 में आयोजित पहले सीजन में लगभग 3.50 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

उन्‍होंने बताया कि इनमें से 9,688 खिलाड़ियों ने पदक जीते और उन्हें 6.88 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वर्ष 2023 में आयोजित दूसरे सीजन में लगभग 4 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 12,500 खिलाड़ियों ने पदक जीते और 8.87 करोड़ रुपये वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में आयोजित तीसरे सीजन में लगभग 4.35 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान 14,500 खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए और 9.76 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। हालांकि, वर्ष 2025 में बाढ़ की स्थिति के कारण ये खेल आयोजित नहीं किए जा सके।

सीएम भगवंत मान ने कहा- पंजाब में खेलों के लिए 1744 करोड़ का बजट

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार केवल खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जा चुकी है। नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में शामिल पंजाब के आठ खिलाड़ियों में से प्रत्येक को एक-एक करोड़ रुपये दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले 11 खिलाड़ियों को पीसीएस/डीएसपी के पदों पर नियुक्त किया गया।

उन्होंने बताया कि एशियाई खेल-2023 में पंजाब के खिलाड़ियों ने 20 पदक जीते थे और 33 पदक विजेता खिलाड़ियों के बीच 30 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। इसी प्रकार, 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले दो खिलाड़ियों को कोच और 42 खिलाड़ियों को जूनियर कोच नियुक्त किया गया।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Punjab T20 Cricket League New : शेर-ए-पंजाब T20 क्रिकेट लीग का रंगारंग शुभारंभ, छह टीमें के बीच होंगे 27 मैच

इससे पहले प्रमुख खिलाड़ियों गुरप्रीत सिंह (एथलेटिक्स), रुपिंदर पाल सिंह (हॉकी), लवप्रीत सिंह (भारोत्तोलन), हरजिंदर कौर (भारोत्तोलन), अवतार सिंह (जूडो), सिमरनजीत सिंह (हॉकी), अवनीत कौर (शूटिंग) और गुरजंट सिंह (हॉकी) ने मशाल मार्च समारोह में हिस्सा लिया। विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता परनीत कौर (तीरंदाजी) ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। एशियाई खेलों के पदक विजेता चरणजीत सिंह ने फ्लैग मार्च का नेतृत्व किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, तरुनप्रीत सिंह सौंद और हरदीप सिंह मुंडियां, लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *