भगवंत मान ने कहा, खेल हब के रूप में उभर रहा है पंजाब, नशे के खात्‍मा के लिए दे रहे प्रोत्‍साहन

Punjab Sports: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान जहांगीर-कहेरु में हॉकी एस्‍ट्रो टर्फ मैदान का लोकार्पण करने के मौके पर खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Sports: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान जहांगीर-कहेरु में हॉकी एस्‍ट्रो टर्फ मैदान का लोकार्पण करने के मौके पर खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 23 Nov, 2026 at 12:23 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, धूरी। Punjab Sports: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब खेल हब के रूप में उभर रहा है। इसके लिए राज्‍य सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार युवाओं की असीम ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने, विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है।नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए खेलों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

धूरी में स्‍पोर्ट्स कॉम्‍प्‍लैक्‍स की आधारशिला रखी, जहांगीर-कहेरू में हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान का लोकार्पण

मुख्यमंत्री मान ने रविवार को धूरी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स की आधारशिला रखी और जहांगीर-कहेरू में अत्याधुनिक हॉकी एस्ट्रो-टर्फ जनता को समर्पित किया। यह खेल सुविधाओं को मजबूत करने के राज्य सरकार के व्यापक अभियान का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से बातचीत की

समारोह स्थल पर पहुंचने पर बच्चों ने मुख्यमंत्री का गुलाब के फूल भेंट करके गर्मजोशी से स्वागत किया। भगवंत मान इस अवसर पर विभिन्न टीमों और खेलों का प्रतिनिधित्व कर रहे खिलाड़ियों से मिले और उनसे बातचीत की। उन्होंने युवा हॉकी खिलाड़ियों के खेलों के प्रति उनके उत्साह तथा जज्बे की सराहना की।

मुख्‍यमंत्री ने जहांगीर-कहेरू और आसपास के गांवों के निवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि यह आधुनिक हॉकी एस्ट्रो-टर्फ सुविधा क्षेत्र के खेल बुनियादी ढांचे को एक बड़ा प्रोत्साहन है। यह एस्ट्रो-टर्फ मैदान और पवेलियन 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। हॉकी हमारा मातृ खेल है, जो पंजाबियों के खून में बसा हुआ है। इस विश्वस्तरीय एस्ट्रो-टर्फ मैदान के साथ क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को अब अपने ही गांव में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

10 एकड़ क्षेत्र में बनेगा स्‍पोर्ट्स कॉम्‍प्‍लैक्‍स

भगवंत मान ने कहा कि 10 एकड़ क्षेत्र में 39.20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स विकसित किया जा रहा है। हॉकी मैदान का काम पूरा हो चुका है, जिसे आज जनता को समर्पित किया गया है। बाकी सुविधाओं का काम भी तेजी से चल रहा है, ताकि हर खेल क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। इस कॉम्प्लैक्स में एक ही छत के नीचे बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, नेटबॉल और स्क्वैश सहित कई खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

9 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा इनडोर स्‍पोर्ट्स हॉल

उन्होंने बताया कि 9 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देश्यीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण किया जा रहा है। इसका 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे 31 मार्च, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। 5 करोड़ रुपये की लागत से पवेलियन सहित एक आधुनिक 25 x15 मीटर स्विमिंग पूल का निर्माण शुरू हो चुका है! इसका काम 30 जून, 2027 तक पूरा हो जाएगा।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: जन्‍म के बाद मां की लात लगने से नन्‍हे ‘राजा’ के पैर की हड्डी टूटी, एयरलिफ्ट कर वनतारा लाया जा रहा

एक अलग खेल बुनियादी ढांचा का कार्य भी जारी

कॉम्प्लैक्स में विकसित की जा रही अन्य सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि 5.20 करोड़ रुपये की लागत से एक अलग खेल बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिसमें दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल मैदान, दो बैडमिंटन कोर्ट, एक स्केटिंग रिंग, एक लॉन टेनिस कोर्ट और एक खो-खो कोर्ट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये सुविधाएं 30 जून, 2027 तक तैयार हो जाएंगी।

सिंथेटिक एथलेटिक्‍स ट्रैक का का 80 प्रतिशत काम पूरा

मुख्यमंत्री ने धूरी के बरड़वाल स्थित देश भगत कॉलेज में 12 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका 80 प्रतिशत काम पहले ही पूरा हो चुका है और यह ट्रैक इसी साल 31 दिसंबर तक खिलाड़ियों के लिए तैयार हो जाएगा। खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा प्रदान करते हैं।

भारतीय हॉकी में पंजाब के योगदान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम के 11 खिलाड़ियों में से 9 खिलाड़ी पंजाब से हैं। हाल ही में पंजाब द्वारा एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टूर्नामेंट ने खिलाड़ियों को अपने रिश्तेदारों और मित्रों के सामने खेलने तथा उनका भरपूर उत्साह देखने का अवसर प्रदान किया।

खेल क्षेत्र में भगवंत मान सरकार द्वारा उठाए गए कदम-

अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी-

  • पंजाब ने ‘पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ की मेजबानी की।यह पंजाब द्वारा आयोजित पहला अंतरराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट था।
  • ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार। ओलंपिक/पैरालंपिक स्वर्ण पदक: 3 करोड़ रुपये।ओलंपिक/पैरालंपिक रजत पदक: 2 करोड़ रुपये। ओलंपिक/पैरालंपिक कांस्य पदक: 1 करोड़ रुपये।

खेलों में रिकॉर्ड निवेश

  • पंजाब के इतिहास में पहली बार खेलों के लिए विशेष रूप से 1,744 करोड़ रुपये का बजट रखा गया।
  • वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए गए।

नई खेल नीति के तहत खेल तैयारियों के लिए वित्तीय सहायता-

  • ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये।
  • एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये।
  • अब तक बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की तैयारी में सहायता के रूप में उन्हें 15 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान खिलाड़ियों का सम्मान –

  • पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले पंजाब के 20 खिलाड़ियों को 9.80 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
  • कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम में शामिल पंजाब के आठ खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ रुपये की राशि दी गई।
  • राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले 11 खिलाड़ियों को पीसीएस/डीएसपी के पदों पर नियुक्त किया गया।
  • पंजाब के खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में 20 पदक जीते। पदक जीतने वाले 33 खिलाड़ियों को 30 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
  • 85 खिलाड़ियों को ‘महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
  • राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में से 2 कोचों और 42 जूनियर कोचों की भर्ती की गई।

खेल ढांचे को मजबूती-

  • राज्यभर में 3,148 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 750 का उद्घाटन किया जा चुका है।
  • पंजाबभर में 6,000 जिम स्थापित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 500 जिम जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।
  • खेलों का सामान खरीदने के लिए 9,501 खिलाड़ियों के बैंक खातों में सीधे तौर पर 12.50 करोड़ रुपये की राशि जमा करवाई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *