यमुना जल में जहर पर चुनावी दाव पेंच, केजरी ने सैनी के पानी पीने को बताया ढोंग,तो हरियाणा भाजपा का पलटवार, कहा – सीएम का वीडियो किया एडिट

यमुना जल में जहर पर चुनावी दाव पेंच, केजरी ने सैनी के पानी पीने को बताया ढोंग,तो हरियाणा भाजपा का पलटवार, कहा – सीएम का वीडियो किया एडिट
Last Updated: 26 Jun, 2025 at 02:36 PM

Sateek Samachar, चंडीगढ़।

दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव के लिए तेज गहमागहमी के बीच हरियाणा से दिल्‍ली आने वाले यमुना के पानी को लेकर राजनीति चरम पर पहुंच गई है। यमुना के पानी में जहर व प्रदूषण का मामला राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्‍तेमाल हो रहा है। हरियाणा के मुख्‍यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्‍ली हरियाणा सीमा के पास यमुना नदी का पानी पीकर आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक और दिल्‍ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आरोप का जवाब दिया। इसके बाद केजरीवाल ने सैनी के पानी पीने को ढोंग करार दिया। दोनों नेताओं ने अपने सोशल मीडिया पेज पर वीडियो भी डाले हैं।

हरियाणा भाजपा ने केजरीवाल पर किया पलटवार, लगाया सैनी के वीडियो को एडिट करने का आरोप

दूसरी ओर, हरियाणा भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है और सीएम नायब सिंह सैनी के यमुना का पानी पीने के वीडियो को एडिट करने का आरोप लगाया है। हरियाणा भाजपा ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा है – झूठ और फरेब का चश्मा उतारो और दोबारा वीडियो देखो केजरीवाल। अगर हिम्मत है तो दिल्ली की तरफ यमुना का पानी पीकर दिखाओ। राजनीतिक जगत के अब तक के सबसे नीचे बयानों का कीर्तिमान केजरीवाल स्थापित कर रहे हैं। केजरीवाल आप तो खुद हरियाणा के कपूत हो और आप जानते हो कि हरियाणा के लोग पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाकर पुण्‍य के भागीदार बनते हैं।

हरियाणा भाजपा ने पोस्‍ट में लिखा है- दिल्ली में हरियाणा के लाखों परिवार जाकर बसे हुए हैं, अब आपके जैसा कोई विक्षिप्त व्यक्ति ही इस तरह की बयानबाजी कर सकता है। हम तो यमुना को माता भी मानते हैं, उनका जल भी पीते हैं। पर आपके जैसे लोग हर सच पर थूकने के आदी हैंं उनको सिर्फ वही दिखाई देता है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है कि ‘जाकि रही भावना जैसी प्रभु मूरत देखहीं तिन तैसी।’

https://twitter.com/BJP4Haryana/status/1884610928668541046

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने सोनीपत के पल्‍ला गांव में यमुना तट पर पानी पिया

केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर दिल्‍ली आ रहे यमुना नदी के पानी का जहरीला बनाने का आरोप लगाया था। दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मामला गर्मा गया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मामले में केजरीवाल और आप (AAP) पर निशाना साधा। सैनी ने सोनीपत जिले के पल्‍ला गांव में यमुना घाट पर नदी का जल पिया। दूसरी ओर, केजरीवाल ने कहा कि सैनी पर यमुना नदी का पानी पीने का ढोंग किया। उन्‍होंने पानी वापस नदी में थूक दिया।

केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना पानी को जहरीला बनाने का लगाया था आरोप

बता दें कि दो-तीन दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्‍ली आनेवाले यमुना के पानी में जहर मिलाया है। इससे दिल्‍ली में काफी संख्‍या में लोगों की मौत हो जाती और यह नरसंहार की तरह होता। यह तो दिल्‍ली जल बोर्ड के इंजीनियरों को समय पर पता चल गया और उन्‍होंने इस पानी को दिल्‍ली में आने से रोक दिया। दिल्‍ली की सीएम आतिशी ने भी चुनाव आयोग को शिकायत देकर कहा कि हरियाणा से दिल्‍ली आनेवाले यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा काफी बढ़ गई है।

नायब और दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री आतिशी ने एक -दूसरे पर साधा निशाना

बुधवार को हरियाणा के सीएम सैनी ने यमुना नदी का पानी पीने का वीडियो भी जारी किया और कहा- ‘ हरियाणा की सीमा पर बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना जल का आचमन किया।’ इससे पहले दिल्‍ली की सीएम आतिशी ने एक्‍स हेंडल पर लिखा – ‘ नायब सैनी जी, मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्‍ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा सरकार दिल्‍ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।

सैनी ने आतिशी को बताया खड़ाऊं मुख्‍यमंत्री

इसके बाद सीएम सैनी ने आतशी को खड़ाऊं मुख्‍यमंत्री बताया और कहा- आप-दा खड़ाऊं मुख्‍यमंत्री आतिशी मार्लेना जी , पल्‍ला गांव के यमुना तट पर आपका स्‍वागत है। हरियाणा से दिल्‍ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए , कभी पराली के धुंए के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए आप हमेशा हरियाणावासियों को कोसती रहती हैं।

सैनी ने कहा- 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत

नायब सिंह सैनी ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा- दिल्‍ली की देवतुल्‍य जनता इन फरेबियों को पहचान चुकी है। 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत हो जाएगा। आतिशी जी तो आईं नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। दिल्‍ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सजा देंगे क्‍योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है।

केजरीवाल ने नायब सिंह सैनी के यमुना का पानी पीने पर सवाल उठाया

इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट डालकर नायब सिंह सैनी के यमुना का पानी पीने पर सवाल उठाया। केजरीवाल ने लिखा, ‘ हरियाणा के मुख्‍यमंत्री नायब सिंह सैनी जी ने यमुना नदी का पानी पीने का ढोंग किया … और फिर वही पानी यमुना में थूक दिया। जब मैंने अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्‍ली वालों की जान के लिए खतरा हो सकता है, तो इन्‍होंने मुझ पर FRI करने की धमकी दी। जिस जहरीले पानी को ये खुद पी नहीं सकते, वही पानी दिल्‍ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूंगा।

हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल ने कहा- केजरीवाल के खिलाफ एफआइआर कराएंगे दर्ज

इससे पहले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा, राज्‍य सरकार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FRI दर्ज कराएगी। इस मामले में कोर्ट में डिजास्‍टर मैंनेजमेंट की धारा 2डी, 154 के तहत शिकायत दी जाएगी। केजरीवाल ने हरियाणा और दिल्‍ली के लोगों में पैनिक फैलाने की कोशिश की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *