पंजाब में धान की खरीद, भगवंत मान बोले- किसानों को 24 घंंटे में भुगतान, विशेष ट्रेन से ढुलाई

Punjab Paddy procurement: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने राजपुरा मंडी में धान की खरीद का जायजा लिया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Punjab Paddy procurement: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने राजपुरा मंडी में धान की खरीद का जायजा लिया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Last Updated: 23 Oct, 2026 at 11:25 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, राजपुरा। Punjab Paddy procurement: पंजाब में धान की खरीद विभिन्‍न मंडियों मं चल रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 23 अक्‍टूबर को राजपुरा मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। उन्‍होंने कहा कि पंजाब में धान की खरीद निर्विघ्न चल रही है। किसानों को 24 घंटे के अंदर भुगतान किया जा रहा है। इसके साथ ही अनाज की ढुलाई के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं और सरकार मंडियों में फसल के भंडारण के लिए जरूरी जगह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।

भगवंत मान ने राजपुरा मंडी में धान खरीद का जायजा लिया

इस दौरान उन्‍होंने धान खरीद का जायजा लेते हुए किसानों, आढ़तियों और खरीद कर रहे कर्मियों से बातचीत भी की। उन्‍होंने उनकी समस्‍याओं के बारे में जानकारी प्राप्‍त की। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से सभी अहम मसले हल कर लिए गए हैं। धान की अच्छी पैदावार किसानों के लिए दिवाली को और खुशहाल बनाएगी। हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने से जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ेगी और भूजल की बचत होगी।

कहा, सरकार हर कदम पर किसानों के साथ है

इस दौरे का एक वीडियो साझा करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा: ‘पंजाब के किसान भाइयों की दिन-रात की अथक मेहनत आज अधिक पैदावार और बेहतर आमदनी के रूप में रंग ला रही है। खेतों से लेकर मंडियों तक, आपकी अपनी सरकार हर कदम पर आपके कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, ताकि आपको आपकी फसल का पूरा मूल्य मिल सके। हमारे किसानों की खुशहाली ही पंजाब की तरक्की है।’

राज्‍य में अब तक 62.07 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

भगवंत मान ने कहा कि गुरुवार तक सूबे भर की मंडियों में 62.07 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हुई है। इनमें से 60.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और किसानों को 12,969.01 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। जहां भी धान पहुंचा है, वहां बिना किसी देरी के उसकी खरीद की गई है, जिससे किसानों को बहुत फायदा हुआ है।

सीएम ने कहा, बासमती धान के लिए किसानों को अच्‍छे भाव मिल रहे हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल धान सूखा है और फसल की पैदावार भी उत्साहजनक रही है। फरीदकोट, संगरूर और गुरदासपुर जैसे इलाकों में बासमती की पैदावार बहुत अच्छी रही है। बासमती की खेती करने वाले किसानों को बहुत अच्छे भाव मिल रहे हैं और वे अधिक पैदावार से बहुत खुश हैं, जिससे उनकी आमदनी में भी चोखा वृद्धि हो रही है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Punjab Politics सुखबीर बादल के बयान से पंजाब में शिअद-भाजपा गठबंधन की चर्चाएं फिर हुईं तेज

नहरी सिंचाई के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नहरी पानी फसलों के लिए देसी घी की तरह है। यह अपने साथ जरूरी पोषक तत्व और उपजाऊ मिट्टी लाता है, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले सालों में पंजाब की जमीन की उपजाऊ शक्ति में और सुधार होगा।

इस साल बारिश कम होने के बावजूद भूजल का कम उपयोग हुआ

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगे कहा, ‘इस साल कम बारिश होने के बावजूद, भूजल का उपयोग कम हुआ है क्योंकि नहरी पानी जरूरी मात्रा में उपलब्ध करवाया गया है। यह बहुत गर्व की बात है कि पंजाब अपने भूजल के कीमती संसाधनों का संरक्षण कर रहा है।’

कहा- सीसीएल के तहत फंड प्राप्‍त हो चुका है

उन्‍होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर-अंदर अदायगी की जा रही है और नकद कर्ज सीमा (सीसीएल) के तहत फंड प्राप्त हो चुके हैं। सूबा सरकार, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और अन्य अथॉरिटीज के साथ लगातार संपर्क में है ताकि राइस मिलों के भंडारण के लिए जगह संबंधी किसी भी समस्या को हल किया जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *