सटीक समाचार, मुंबई। JIO IPO World Record: देश के सबसे बड़े जियो IPO ने नया इतिहास रच दिया है। उसने ऐतिहासिक क्लोजिंग के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह 22 गुना से भी अधिक सब्सक्राइब हुआ और तीन दिनों में 1.38 करोड़ से अधिक के आवेदन आए। आज तक विश्व में किसी आईपीओ (IPO) के लिए इतनी संख्या में आवेदन नहीं आए थे। 21 से 23 अक्टूबर तक कुल बोलियां 7.40 लाख करोड़ रुपये रहीं। जियो का आईपीओ 30,213 करोड़ रुपये का है।
कुल बोलियां 7.40 लाख करोड़ रुपये पहुंची
आज शाम सात बजे जियो आईपीओ के लिए बोलियां समाप्त हो गई। तीन दिनों के दौरान 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए। शुक्रवार शाम 7 बजे बिडिंग बंद होने तक IPO 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका था। एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की कुल बोलियां करीब 7.40 लाख करोड़ रुपये पहुंच गईं। इनमें गैर-एंकर निवेशकों से करीब 4.90 लाख करोड़ रुपये और एंकर निवेशकों से करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये की मांग शामिल है।
रिटेल निवेशकों में शेयरों के लिए जबरदस्त होड़ दिखी
जियो IPO में रिटेल निवेशकों के बीच भी शेयरों के लिए जबरदस्त होड़ रही। रिटेल कैटेगरी में करीब 8.5 करोड़ शेयर उपलब्ध थे, लेकिन 23 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आईं। यानी, उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 2.72 गुना मांग रही। आईपीओ के लिए आवेदनकी तिथि समाप्त होने के बाद अब सबसे बड़ा प्रश्न और उत्सुकता का विषय है कि कितने निवेशकों को शेयर मिल पाएंगे? दरअसल, सब्सक्रिप्शन का यह अनुपात सीधे अलॉटमेंट की संभावना नहीं बताता। शेयरों का आवंटन वैध आवेदनों, न्यूनतम लॉट और लागू अलॉटमेंट प्रक्रिया के आधार पर होगा।

(ग्राफिक्स सोर्स जियो)
बड़े संस्थागत निवेशकों कोटा 70.55 गुना सब्सक्राइब
बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी 14 गुना, रिलायंस शेयरहोल्डर कोटा 7.60 गुना और कर्मचारी कोटा 2.93 गुना भर गया। अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट पर है।
अब 26 अक्टूबर को शेयर अलॉटमेंट होगा
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट तय होगा, 27 अक्टूबर को शेयर डीमैट खातों में क्रेडिट किए जाएंगे और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की BSE और NSE पर लिस्टिंग प्रस्तावित है।
जियो IPO ने आवेदनों के मामले में वारी एनर्जीज़ का रिकार्ड बड़े अंतर से तोड़ा
आवेदनों की संख्या के मामले में भी जियो IPO ने पिछला रिकॉर्ड बड़े अंतर से तोड़ा है। इससे पहले सबसे ज्यादा आवेदन पाने का रिकॉर्ड वारी एनर्जीज़ (Waaree Energies) के नाम था। अक्टूबर 2024 में उसके IPO को 97.34 लाख आवेदन मिले थे। जियो को इससे करीब 42 फीसदी ज्यादा आवेदन मिले हैं।
यह समाचार भी पढ़िये: Punjab Politics सुखबीर बादल के बयान से पंजाब में शिअद-भाजपा गठबंधन की चर्चाएं फिर हुईं तेज
जियो IPO में पहले दिन करीब 30.5 लाख आवेदन आए थे, जबकि दूसरे दिन के अंत तक यह संख्या 75 लाख पार कर गई थी। तीसरे दिन आवेदनों की संख्या 1.38 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई। जियो IPO की क्लोजिंग का दिन एक और वजह से खास रहा। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी का जन्मदिन भी था। इसी दिन दुनिया में सबसे ज्यादा आवेदन पाने वाले IPO की ऐतिहासिक बिडिंग पूरी हुई।

