सटीक समाचार, मुंबई/चंडीगढ़। New Recruitment In Income Tax Department : आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के अंतर्गत हरियाणा के 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति दी है। इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मुंबई स्थित आयकर भवन में मुंबई के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आलोक कुमार ने प्रदान किए। कुल 97 खिलाड़ियों को नियुक्ति मिली है।
आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के तहत हरियाणा के 10 सहित 97 खिलाड़ियों को नियुक्त किया
आयकर विभाग द्वारा 7 जनवरी 2026 को अधिसूचना जारी कर 97 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान देशभर से विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों से कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदनों की गहन जांच एवं मूल्यांकन के बाद 97 खिलाड़ियों का मेरिट के आधार पर चयन किया गया।
यह समाचार भी पढ़िये: World Elephant Day 2026 New: …ताकि हाथी राजा झूमकर चलें, Reliance वनतारा ने की संरक्षण की पहल, देश-विदेश में बढ़ाया सेवा का दायरा
इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जो चयनित खिलाड़ियों की उच्च खेल प्रतिभा को दर्शाता है। चयनित 97 खिलाड़ियों में हरियाणा के 10 खिलाड़ियों ने योगासन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस जैसे विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
खेल प्रतिभाओं को करियर जारी रखने का अवसर
इस अवसर पर आलोक कुमार ने नवनियुक्त खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि खिलाड़ियों को विभागीय जिम्मेदारियों के साथ अपने खेल का अभ्यास जारी रखने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिले।
आयकर विभाग में शामिल हुई हरियाणा की खेल प्रतिभाएं
- अभिषेक (24 वर्ष,योगासन): कर सहायक। वर्ष 2026 में अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित दूसरी एशियाई योगासन खेल चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक जीते।
- अजय कुमार (21 वर्ष, वॉलीबॉल): कर सहायक। बहरीन के रिफा में आयोजित 21वीं एशियाई पुरुष अंडर-20 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। मध्य प्रदेश के पन्ना में आयोजित 25वीं यूथ नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी रजत पदक जीता।
- अमन (19 वर्ष, फुटबॉल) : बहु-कार्य कर्मचारी। वर्ष 2022 में श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित SAFF अंडर-17 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। वर्ष 2023 में सऊदी अरब के दम्माम में आयोजित AFC अंडर-17 एशियन कप क्वालीफायर में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जहां भारत ने AFC अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया।
- आशीष (20 वर्ष, कबड्डी): बहु-कार्य कर्मचारी। वर्ष 2023 में दूसरी जूनियर विश्व कबड्डी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। 2025 में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- निशा (21 वर्ष, फुटबॉल) : कर सहायक। वर्ष 2022 में जमशेदपुर में SAFF चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2021 में ढाका में आयोजित SAFF चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। टीम ने रजत पदक जीता।
- रमन (20 वर्ष, एथलेटिक्स): बहु-कार्य कर्मचारी! वर्ष 2024 में चेन्नई में दक्षिण एशियाई जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। वर्ष 2023 में कोयंबटूर में 38वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया।
- रितु देवी (21 वर्ष, फुटबॉल): बहु-कार्य कर्मचारी। वर्ष 2022 में SAFF अंडर-18 महिला चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम चैंपियन बनी। हिसार के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भी प्रतिनिधित्व किया, जिसने वर्ष 2023-24 में अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल चैंपियनशिप जीती।
- रोहित कुमार (20 वर्ष, कबड्डी) : बहु-कार्य कर्मचारी। वर्ष 2023 में दूसरी जूनियर विश्व कबड्डी चैंपियनशिप में भारत टीम में रहे। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। 2025 में आयोजित 50वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया।। हरियाणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- उपेंद्र (23 वर्ष, कबड्डी) : बहु-कार्य कर्मचारी! राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ष 2024 में महाराष्ट्र में आयोजित 70वीं सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2025 में उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी कांस्य पदक जीता।
- सुहाना सैनी (19 वर्ष, टेबल टेनिस): कर सहायक। वर्ष 2025 में सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मिश्रित युगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2023 में स्लोवेनिया में आयोजित विश्व युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

