New Health Card: पंजाब में मुख्‍यमंत्री सेहत कार्ड, 54 लाख परिवारों को स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा छतरी

पंजाब में मुख्‍यमंत्री सेहत योजना के तहत लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा कार्ड मिलेंगे। इसका शुभारंभ सीएम भगवंत मान ने किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआर)
पंजाब में मुख्‍यमंत्री सेहत योजना के तहत लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा कार्ड मिलेंगे। इसका शुभारंभ सीएम भगवंत मान ने किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआर)
Published: 20 Sep, 2026 at 10:00 PM

सटीक समाचार, एसएएस नगर (मोहाली)। New Health Card: पंजाब में लोगों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा योजना शुरू की गई है। राज्‍य में मुख्‍यमंत्री सेहत योजना (CM Health Scheme) के तहत 54 लाख परिवारों को स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा छतरी मिलेगी। योजना के तहत 1.26 करोड़ स्‍वास्‍‍थ्‍य सुरक्षा कार्ड दिए जाएंगे। एक समारोह में कार्ड वितरण का शुभारंभ किया गया। मुख्‍यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कार्डों के वितरण के शुरूआत की। इसके तहत प्रत्‍येक परिवार को 10 लाख रुपये का फ्री स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा कवर दिया जाएगा।

सीएम भगवंत मान ने स्‍वाथ्‍य सुरक्षा कार्ड वितरण का शुभारंभ किया

‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के कार्ड वितरण समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि 1.26 करोड़ स्वास्थ्य कार्डों के माध्यम से 54 लाख परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके तहत अब तक सात लाख से अधिक मरीजों के इलाज पर 1,310 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

भगवंत मान का दावा- यह दुनिया की एकमात्र बिना शर्त पूरी तरह से फ्री स्‍वास्‍थ्‍य योजना

भगंवत मान ने इसे दुनिया की एकमात्र बिना शर्त और पूरी तरह निश्‍शुल्क स्वास्थ्य देखभाल योजना बताया। उन्‍होंने कहा कि यह पहल सुनिश्चित करती है कि परिवार बिना किसी खर्च की चिंता के अपना इलाज करवा सकें। इसके साथ ही सरकार आम आदमी क्लीनिक राज्य भर में सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत कर रही है।

‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, “आज मोहाली में मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्ड वितरण समारोह के दौरान लोगों के साथ अपने विचार साझा किए। पंजाब के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।’

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Punjab Farmer Fair: सीएम भगवंत मान ने फिर कहा- पंजाब के पास अतिरिक्‍त पानी नहीं, किसी दूसरे राज्‍य को एक बूंद नहीं देंगे

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना लाभार्थियों से एक भी पैसा लिए बिना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाती है। लोगों को चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करने से पहले स्वास्थ्य बीमा करवाना पड़ता है और प्रीमियम देना पड़ता है, वहीं पंजाब लाभार्थियों पर कोई वित्तीय बोझ डाले बिना इलाज उपलब्ध करवा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, लोकसभा सदस्य मलविंदर सिंह कंग तथा अन्य लोग भी उपस्थित थे।

लाभार्थियों ने अनुभव साझा किए

  • बुजुर्ग लाभार्थी ने बताया कि वह घुटनों की समस्या से पीड़ित थे और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत नि:शुल्क इलाज हो पाया। उन्होंने यह योजना शुरू करने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
  • एक अन्य लाभार्थी ने अपने बच्चे को इलाज के लिए ले जाने का अनुभव साझा की। उसने कहा कि एक निजी अस्पताल ने इलाज के लिए बड़ी राशि की मांग की थी, लेकिन मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत फ्री इलाज मिला।

यह है योजना –

  • योजना के तहत प्रत्‍येक परिवार को 10 लाख रुपये के फ्री इलाज की सुविधा मिलेगी।
  • योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगाा। इसका लाभ लेने के लिए कोई शर्त नहीं है।
  • योजना के तहत 1.26 करोड़ कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके तहत 54 लाख परिवारोंं को स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा मिलेगी।
  • योजना पंजाब और चंडीगढ़ में 900 से अधिक सूचीबद्ध अस्पतालों के माध्यम से 2,356 उपचार पैकेजों को कवर करती है। इनमें सरकारी और निजी अस्पताल शामिल हैं।
  • यह योजना जीवनरक्षक और उच्च लागत वाले उपचार को भी कवर करती है।
  • योजना में डायलिसिस, कैंसर देखभाल, हृदय संबंधी रोगों के उपचार, किडनी ट्रांसप्लांट और लिवर ट्रांसप्लांट आदि पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह निरंतर उपचार, दीर्घकालिक देखभाल, सर्जरी और विशेष उपचार उपलब्ध करवाती है।
  • योजना के तहत घुटना प्रत्यारोपण, मोतियाबिंद सर्जरी, सी-सेक्शन डिलीवरी, ट्रांसप्लांट सेवाओं और आपातकालीन देखभाल सहित विभिन्न सेवाओं को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।

कैंपों और घर-घर होगा स्वास्थ्य कार्ड वितरण

  • पूरे राज्‍य में योग्य परिवारों तक स्वास्थ्य कार्ड सीधे पहुंचाए जाएंगे। 1,800 से अधिक गांवों में कैंप लगाकर कार्ड वितरित किए जाएंगे। शेष क्षेत्रों में नियुक्त स्वास्थ्य मित्रों और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर कार्ड वितरित किए जाएंगे।
  • फील्ड टीमें लाभार्थियों के घर जाकर पूरी कार्ड किट सौंपेंगी और उन्हें योजना के लाभों के बारे में भी जानकारी देंगी। जो लोग कैंपों में अपने ई-कार्ड प्राप्त करने में असमर्थ रहेंगे, उन्हें फॉलोअप दौरों के माध्यम से कवर किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन, स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्य मित्रों, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य फील्ड कर्मचारियों को निर्देश – यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य परिवार इस योजना से वंचित न रह, चाहे वह किसी दूरदराज के गांव में रहता हो, कैंप में शामिल होने में असमर्थ हो या नामांकन एवं वितरण प्रक्रिया से अनजान हो।


Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *