Guru Purnima In Panipat : गुरु पूर्णिमा पर भक्तिमय हुआ वातावरण, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने दिया धर्म और करुणा का संदेश

पानीपत के श्‍याम बाग में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज। (सटीक समाचार)
पानीपत के श्‍याम बाग में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज। (सटीक समाचार)
Last Updated: 29 Jul, 2026 at 02:38 AM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, पानीपत। गुरु पूर्णिमा (Guru Purnima) के पावन अवसर पर शहर में वातावरण भक्ति कं रंग से सराबोर हो गया। पानीपत के श्‍यामबाग में गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्‍य में भव्‍य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिष्‍यों ने ज्ञानानंद महाराज के श्रीचरणों में पुष्‍प अर्पि किए और उनका पूजन किया। उन्‍होंने सभी को आशीर्वाद दिए। ज्ञानानंद महाराज नेश्रद्धालुओं को धर्म, करुणा और मानवता का संदेश दिया।

इस गुरु पूजन कार्यक्रम में वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए अपने जीवन में धर्म, सेवा एवं संस्कारों का पालन करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन वृंदावन ट्रस्‍ट द्वारा किया गया।

गुरु का स्‍थान भगवान से भी श्रेष्‍ठ : राकेश बंसल

इस अवसर पर वृंदावन ट्रस्ट के प्रधान राकेश बंसल और ट्रस्टी वरुण सिंगला ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान भगवान से भी श्रेष्ठ माना गया है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, वरन गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल, सार्थक एवं समाज के लिए उपयोगी बना सकता है।

संतों का आशीर्वाद नई ऊर्जा का संचार करता है : विकास गोयल

ट्रस्ट के संरक्षक विकास गोयल और ट्रस्टी संजय गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा और संस्कारों की सबसे अधिक आवश्यकता है। पूज्य ज्ञानानंद महाराज जैसे संतों का सान्निध्य समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करता है। संतों का आशीर्वाद प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करता है।

महासचिव हरीश बंसल और ट्रस्टी बलदेव गांधी ने कहा कि वृंदावन ट्रस्ट सदैव धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित रहा है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महाराज श्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करना ट्रस्ट परिवार के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि संत समाज के मार्गदर्शन में समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी तथा मानव सेवा और गौसेवा जैसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

यह भी समाचार पढ़िये: Guru Purnima 2026 पर पीएम नरेंद्र मोदी से मिलीं हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष अर्चना गुप्‍ता, भेंट किया महिलाओं का हस्‍तनिर्मित खास तोहफा

गीता मनीषी ज्ञानानंंद महाराज ने शिष्‍यों को आशीर्वचन दिए

इस अवसर पर गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों से धर्म, सेवा, करुणा, सदाचार एवं मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग का अनुसरण करने वाला व्यक्ति जीवन में सदैव उन्नति और आत्मिक शांति प्राप्त करता है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : New Currency: देश में जल्‍द चलेंगे 10 और 20 रुपये के प्‍लास्टिक के नोट, सरकार ने दी मंजूरी, ट्रायल के लिए 200 करोड़ के नोट छपेंगे

हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष डा. अर्चना गुप्‍ता और शहरी विधायक प्रमोद विज ने भी ज्ञानानंद महराज से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में वृंदावन ट्रस्ट के हरीश बंसल, राकेश बंसल, विकास गोयल बलदेव गांधी, संजय साल वाले, वरुण सिंगला, अंकुश बंसल, प्रीतम गुज्जर, रविंद्र सैनी सहित अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पूज्य महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *