सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Employees DA : पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी खुशशबरी है। भगवंत सिंह मान सरकार ने राज्य के आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को त्योहारी सीजन का तोहफा देते हुए उनके महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) में वृद्धि की है। महंगाई भत्ते में 8% की वद्धि की गई है। यह वृद्धि अक्टूबर माह से लागू होगा, यानि बढ़ा डीए अक्टूबर महीने के वेंतन और पेंशन से मिलेगा।
सीएम भगवंत मान ने कर्मचारियों व पेंशनरों के प्रतिनिधियों से मुलाकात में की घोषणा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। इसी दौरान उन्होंने डीए में वृद्धि की घोषणा की। उन्होंंने कहा कि यह कदम कर्मचारियों व पेंशनरों की भलाई और सम्मान के लिए उठाया गया है। कर्मचारी को राज्य के प्रशासनिक ढांचे की रीढ़ हैं। मुख्यमंत्री ने जायज मुद्दों के समाधान के लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ नियमित मासिक बैठकें करने और महिला कर्मचारियों की तैनाती उनके घरों से 40 किलोमीटर के दायरे में करने की घोषणा भी की।

4-4 प्रतिशत की दो किस्ताें में मिलेगा डीए में वृद्धि का लाभ
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ अकाउंट पर भी इस बारे में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘ आज कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के साथ बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई। कर्मचारी हमारे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी भलाई को ध्यान में रखते हुए हमने तुरंत महंगाई भत्ते (डीए) में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। यह बढ़ोतरी अक्टूबर महीने के वेतन के साथ लागू होगी।कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते में की गई वृद्धि 4-4 प्रतिशत की दो किस्तें में दी जाएंगी।’
बैठक में कर्मचारियों के कई मुद्दों पर हुई चर्चा
भगवंत मान ने कहा कि हमने पिछली सरकारों के समय से लंबित चले आ रहे मुद्दों पर भी चर्चा की, जिनमें पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस), परखकाल (प्रबोशन) के दौरान वेतन तथा आशा और मिड-डे-मील वर्करों से संबंधित मुद्दे शामिल हैं। इन लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों के स्थायी समाधान के लिए हम अक्टूबर के पहले सप्ताह में दोबारा बैठक करेंगे।
उन्होंंने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों द्वारा निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों और उनके व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में उत्पन्न होने वाले दबावों से भली-भांति परिचित है। एक खुश कर्मचारी ही बेहतर तरीके से काम कर सकता है और मेरा मानना है कि जब कोई कर्मचारी संतुष्टि, सम्मान और मानसिक शांति के साथ काम करता है, तो पूरा सिस्टम बेहतर तरीके से काम करता है और लोगों को बेहतर सेवाएं मिलती हैं।
भगवंत मान ने कहा अब तक 70000 को दी सरकारी नौकरियां
भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 70,000 सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता और पारदर्शिता पर आधारित रही है, जिससे युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरी प्राप्त करने का अवसर मिला है।
यह समाचार भी पढ़िये : Indigo Fare Hike : इंडिगो ने यात्रियों को दिया झटका, घरेलू उड़ानों के लिए किराया और शुल्क में की वृद्धि
उन्होंने कहा, ‘सरकार निरंतर बातचीत, पारदर्शिता और सहानुभूतिपूर्ण रवैये के साथ कर्मचारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए काम करती रहेगी और साथ ही यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य के संसाधनों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग किया जाए। त्योहारों का मौसम न केवल आम नागरिकों के घरों में, बल्कि उन सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में भी खुशियां लेकर आए, जिन्होंने अपना जीवन पंजाब की सेवा के लिए समर्पित किया है।’
इस अवसर पर राज्य के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और डॉ. बलजीत कौर, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, सचिव (आम राज प्रबंध) केके यादव तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


Pingback: Punjab Farmer Fair: सीएम भगवंत मान ने फिर कहा- पंजाब के पास अतिरिक्त पानी नहीं, किसी दूसरे राज्य को एक बूंद न