सटीक समाचार, पानीपत। Panipat: ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने चित्रों में अपनी कल्पनाओं और संवेदनाओं को उकेरा। ‘भारत-चित्र सेवा’ के विजेताओं को यहां आर्य पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। हरियाणा के शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
बता दें कि ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रमों का जिलेभर में करीब 900 स्कूलों में आयोजन किया गया। इसके बाद शनिवार को पानीपत के आर्य पीजी कॉलेज में जिलास्तरीय कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सेवा परमो धर्म है और समाज में जागृति लाने के लिए सेवा की भावना, संवेदना और संकल्प को मजबूत करना जरूरी है।
यह समाचार भी पढ़िये: Pitru Paksha 2026: पितृ पक्ष शुरू,10 अक्टूबर तक होंगे श्राद्ध, जानें कौन सा श्राद्ध कब
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा, बच्चों के सपनों में दिख रहा विकसित भारत का संकल्प
उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ जिला स्तरीय कार्यक्रम बच्चों की कल्पनाओं, संवेदनाओं और विकसित भारत के प्रति उनके संकल्प को दर्शाता है। बच्चों की सोच और प्रतिभा को देखकर लगता है कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले ही हासिल करने की दिशा में देश आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। शिक्षामंत्री ने शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई पोस्टर मेकिंग प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों व पोस्टरों की सराहना की। इस मौके पर उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बच्चों की सोच और प्रतिभा की सराहना की।
ढांडा बोले- केवल नीतियां बनाने से चुनौतियाें का समाधान नहीं होगा
ढांडा ने कहा कि देश के सामने अनेक चुनौतियां हैं, लेकिन केवल नीतियां बनाने से इनका समाधान नहीं होगा। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का संकल्प और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आज के बच्चे जिस आत्मविश्वास और सोच के साथ विकसित भारत की कल्पना कर रहे हैं, उससे देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है।
जिला उपायुक्त ने कहा- सामूहिक संकल्प राष्ट्र का संकल्प बन जाता है
जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से हुई थी। संकल्प दिमाग में बनता है और जब यही संकल्प सामूहिक रूप लेता है तो वह राष्ट्रीय संकल्प बन जाता है। आज हर बच्चे ने विकसित भारत का सपना देखा है और बच्चों का यही सपना निश्चित रूप से साकार होगा।

उन्होंने कहा कि समाज की हर समस्या के समाधान की शुरुआत संकल्प से होती है और यह संकल्प स्कूलों, बच्चों और अध्यापकों के माध्यम से मजबूत किया जा सकता है। बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें जिम्मेदार और अच्छे नागरिक बनाने की दिशा में भी काम करना होगा।
मेयर कोमल सैनी बोलीं- विकसित भारत का सपना साकार होने के करीब
पानीपत की मेयर कोमल सैनी ने कहा कि विकसित भारत का सपना साकार होने के करीब है। नई शिक्षा नीति पर काम करने वाला हरियाणा पहला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने होंगे, तभी भारत विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा।
यह समाचार भी पढ़िये: T20 Team India : मिडिल आर्डर पर ध्यान नहीं, विश्वकप के बाद जारी है फ्लाॅप शो, तिलक वर्मा के प्रदर्शन पर सवाल
सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए पूरे देश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व पार्षद पूर्व पार्षद लोकेश नागरू ने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे, बुद्धिजीवी और युवा ने विकसित भारत का सपना देखा है और सभी का संकल्प एक जैसा होने के कारण यह सपना निश्चित रूप से साकार होगा।

Panipat जिले में 900 स्कूलों में हुए कार्यक्रम
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि जिले के करीब 900 स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें करीब 30 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानितकिया। इस मौके पर एक पुस्तक का भी सामूहिक विमोचन किया गया।
ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा मंत्री, उपायुक्त सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एसडीएम मनदीप कुमार, मेयर कोमल सैनी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, पूर्व पार्षद लोकेश नागरू, संजीव दहिया सहित विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थी और अध्यापक मौजूद रहे।

