सटीक समाचार, मोहाली। ISB Leadership Summit 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के युवाओं के सपनों को उड़ान दे रही है। इसके लिए उचित अवसर, वित्तीय सहायता और संस्थागत सहयोग का मजबूत ढांचा तैयार कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कृषि और उद्योगों के एक साथ विकास और उत्थान पर बल दिया।
कहा- पंजाब के युवा प्रतिभाशाली
भगवंत सिंह मान ने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आइएसबी) द्वारा मोहाली कैंपस में ‘इंडिया अनबाउंड: डिफाइनिंग टुमॉरोज लीडरशिप’ विषय पर आयोजित आईएसबी लीडरशिप सम्मेलन-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं में प्रतिभा या ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी योग्यता दिखाने, कारोबार स्थापित करने और रोजगार पैदा करने के लिए उचित मंच प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा दे रहीं आइएसबी जैसी संस्थाएं
उन्होंने आइएसबी के चेयरमैन हरीश मनवानी, आईएसबी के डीन प्रोफेसर मदन, अकादमिक और कारोबारी जगत की प्रमुख हस्तियों तथा विद्यार्थियों का धन्यवाद दिसा। उन्होंने आइएसबी को 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आइएसबी जैसी संस्थाएं युवाओं की अपार ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

पंजाब में स्थापित किया स्टार्टअप सेंटर
उन्होंने कहा कि सरकार ने नवाचारपूर्ण विचारों को हकीकत में बदलने के लिए ‘स्टार्टअप सेंटर’ स्थापित किया है। वहीं ‘बिजनेस ब्लास्टर्स’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को सीड मनी तथा स्कूल ऑफ एमिनेंस के विद्यार्थियों को रचनात्मक और उपयोगी विचारों को साकार करने के लिए सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों को पंजाब में निवेश करने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि राज्य को उद्योग, निवेश और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘ मोहाली में आयोजित आइएसबी लीडरशिप सम्मेलन में शामिल हुए और संस्थान को 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई। आइएसबी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं हमारे युवाओं की अपार ऊर्जा को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।’

कहा- आने वाला समय नवाचार लाने वाले समाज का
लीडरशिप सम्मेलन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाला समय उस समाज का है जो नवाचार लाने, सोच-समझकर जोखिम उठाने और उभरते अवसरों को टिकाऊ विकास में बदलने के लिए तैयार है। आईएसबी लीडरशिप सम्मेलन संस्थान का सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक लीडरशिप कार्यक्रम है।
यह समाचार भी पढ़िये: Gold And Silver Price: इस सप्ताह उतार-चढ़ाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में रही बढ़त, यह है ताजा भाव
उन्होंने कहा कि आज भारत के पास अपनी युवा आबादी, तकनीकी क्षमताओं और बढ़ती आर्थिक आकांक्षाओं के कारण अपार क्षमता है, लेकिन अवसर अपने आप लाभकारी साबित नहीं होते। वास्तविक नेतृत्व चुनौतियों के बीच अवसरों की पहचान करने के बारे में है। दूरदर्शी सोच, निवेश और जोखिम उठाने के साहस के माध्यम से अवसरों को परिणामों में बदलना पड़ता है।
भारत विकास के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा
उन्होंने कहा कि भारत लगातार विकास के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है और आइएसबी जैसी संस्थाएं उद्यमियों, पेशेवरों और कारोबारी नेताओं की अगली पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो इस बदलाव का नेतृत्व कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहाली में आइएसबी की मौजूदगी पंजाब के लिए बहुत गर्व की बात है और यह संस्था राज्य में ज्ञान, अनुसंधान, प्रतिभा, उद्यमिता और निवेश का बेहतर माहौल तैयार करने में योगदान दे रही है। मोहाली तेजी से तकनीक, उद्यमिता और नवाचार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
‘पंजाब के युवाओं को अवसरों की तलाया में विदेश जाना पड़े’
इस दौरान उन्होंने कालकट भवन में स्थित ‘स्टार्टअप इनक्यूबेटर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार उभरते उद्यमियों और नवाचारपूर्ण उद्यमों को संस्थागत सहयोग देने के लिए तैयार है। पंजाब के पास स्टार्टअप्स, तकनीक-आधारित उद्यमों और आधुनिक युग के उद्योगों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनने की अपार क्षमता है। राज्य सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है कि पंजाब के युवाओं को अवसरों की तलाश में राज्य छोड़कर विदेश न जाना पड़े।
यह समाचार भी पढ़िये: Punjab Farmer Fair: सीएम भगवंत मान ने फिर कहा- पंजाब के पास अतिरिक्त पानी नहीं, किसी दूसरे राज्य को एक बूंद नहीं देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘स्कूल्स ऑफ एमिनेंस’ में ‘बिजनेस ब्लास्टर्स’ कार्यक्रम शुरू किया है। उद्योग जगत के अगुवा और उद्यमियों के मार्गदर्शन वाले इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को नए कारोबार स्थापित करने के लिए सीड मनी दी जाती है। विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर के रास्तों से हटकर सोचना चाहिए।
नए उद्योगों का पंजाब आना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पंजाब भले ही एक कृषि प्रधान राज्य है, लेकिन विकास के अगले चरण के लिए नए उद्योगों का भी पंजाब आना जरूरी है। कृषि और उद्योग को एक साथ आगे बढ़ना होगा।’ उन्हाेंने राज्य की औद्योगिक नीति का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने एक पारदर्शी और निवेशक-पक्षीय ढांचा बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। जब सरकारी नीति, निजी निवेश, उद्यमी ऊर्जा और आइएसबी जैसी संस्थाएं एक साथ काम करती हैं तो पंजाब में असीम संभावनाएं पैदा हो सकती हैं।
