सटीक समाचार, चंडीगढ़ / मोगा। Punjab Smart Ration Card: पंजाब में स्मार्ट कार्ड योजना की शुरूआत हो गई। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वीरवार को मोगा में 10 लाख लाभार्थियों तक खाद्य सुरक्षा लाभ पहुंचाने वाली इस योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने योजना के लाभार्थियों को ‘मेरी रसोई किट’ वितरित किए। ‘मेरी रसोई’ किट में दालें, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल था।
भगवंत मान ने कहा, परिवार में प्रति सदस्य हर माह मिलेगा मुफ्त पांच किलो गेहूं
इस अवसर पर भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सिद्धांत के तहत केवल वास्तविक जरूरतमंदों को ही पारदर्शी, डिजिटल और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से उनका अधिकार दिया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को ई-केवाईसी पूरी होने के बाद प्रति सदस्य प्रति माह पांच किलोग्राम मुफ्त गेहूं देने का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 19.25 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लोगों ने सेवा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) और ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से आवेदन दिए थे और जिला प्रशासन द्वारा योग्य परिवारों की पहचान करने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन किया गया।
कहा- जरूरतमंद परिवारों की डिजिटल डेटा व अंक प्रणाली से की गई पहचान
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जरूरतमंद परिवारों की पहचान करने के लिए डिजिटल डेटा और निष्पक्ष अंक प्रणाली का उपयोग किया गया। यह अभियान बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सिद्धांत के तहत चलाया गया है। हमने यह सुनिश्चित किया है कि केवल वास्तविक और जरूरतमंद परिवारों का ही चयन किया जाए ताकि यह लाभ वास्तविक हकदारों तक पहुंच सके। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), 2013 के तहत, पंजाब में इस समय 39.73 लाख परिवारों के 1.36 करोड़ लाभार्थी हैं।
भगवंत मान ने कहा, सभी नए राशन कार्ड धारकों को मिलेगा ‘मेरी रसोई’ किट
भगवंत मान ने कहा कि सभी नए राशन कार्ड धारकों को एक विशेष ‘मेरी रसोई’ किट दी जाएगी, जिसमें दो किलो दालें, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। इसके अलावा उनके लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुफ्त गेहूं का लाभ भी जारी रहेगा।
उन्होंन कहा कि हमारी सरकार हर योग्य परिवार के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ये अतिरिक्त लाभ आम परिवारों को बड़ी राहत देंगे और समाज के सबसे गरीब वर्ग को दी जाने वाली सहायता को और मजबूत करेंगे।
यह समाचार भी पढ़िये: जन्म के बाद मां की लात लगने से नन्हे ‘राजा’ के पैर की हड्डी टूटी, एयरलिफ्ट कर वनतारा लाया जा रहा
भगवंत मान ने बताया कि अंतिम लाभार्थी सूची में शामिल परिवारों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भेजकर सूचित किया जा रहा है।एसएमएस के अलावा पंजाब सरकार द्वारा चुने गए परिवारों को जानकारी देने के लिए आईवीआरएस संदेश और पत्र भी भेजे जा रहे हैं। लाभार्थी अपने आवेदन नंबरों का उपयोग करके, उसी पोर्टल पर लॉगिन करके अपने आवेदन की स्थिति भी जांच सकते हैं, जिसके माध्यम से उन्होंने आवेदन दिया था।
उन्होंने कहा कि सफल आवेदकों के राशन कार्डों को ऑनलाइन राशन वितरण प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया प्रगति पर है। योजना का पूरा लाभ लेने के लिए परिवार के प्रत्येक सदस्य को अपने नजदीकी राशन डिपो पर जाना होगा और ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करना होगा।
