सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Kavya Goshthi : यहां आर्य कॉलेज में रविवार को अंकन साहित्यिक मंच की मासिक काव्य गोष्ठी सजी। इसमें कवियों द्वारा पेश रचनाओं ने दिल को छू लिया। ‘चुस्की चुस्की पीकर मुझको क़तरा क़तरा जीना है’ पंक्ति से डॉ. सोनिया सोनम ‘अक्स’ ने खूब वाह-वाही बटोरी। काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता कमला आर्य ने की।
दो सत्रों में आर्य कॉलेज में हुई काव्य गोष्ठी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जवाहर लाल शर्मा व विशिष्ट अतिथि कपिल जैन रहे। मंच संचालन डॉ. सोनिया सोनम ‘अक्स’ ने किया। इस अवसर पर कमला आर्य की आत्मकथा “गांव से चेतना तक का रोमांचक सफ़र” का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ। पहला सत्र स्व. दीपचंद्र निर्मोही को समर्पित था। दूसरे सत्र में सामान्य काव्य गोष्ठी हुई।
डॉ. दीपचंद्र निर्मोही को दी गई श्रद्धांजलि
अंकन साहित्यकि मंच के संरक्षक डॉ. एपी जैन ने दीपचंद्र निर्मोही के बारे में परिचय दिया। उन्होंने बताया कि दीपचंद्र निर्मोही पानीपत के आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य थे और सन् 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। निर्मोही ने उपन्यास, कहानी, कविता, जीवनवृत और ऐतिहासिक संदर्भों से जुड़ी ढाई दर्जन से अधिक पुस्तकों की रचना की। वह बच्चों एवं युवाओं के लिए रूप से लिखते थे। इनमें कुछ संपादित भी थीं।

डॉ. एपी जैन ने डॉ. दीपचंद्र निर्मोही की साहित्यक यात्रा की जानकारी दी
डॉ. जैन ने बताया कि अधिकतर पुस्तकों के एकाधिक संस्करण प्रकाशित हुए। विशेष उल्लेख के लिए उनकी महर्षि दयानंद सरस्वती पर लिखी पुस्तक ”कालजयी संत” थी। इस पुस्तक की 8 संस्करणों में 1,10,000 प्रतियां प्रकाशित हुईं। उनकी ”सूरज का सफ़र” पुस्तक के छह संस्करण तथा दो पुनर्मुद्रण छपे। ‘सूरज का सफ़र’ तथा ‘इतिहास के झरोखे से’ हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कृत हुईं।
यह समाचार भी पढ़िये: जन्म के बाद मां की लात लगने से नन्हे ‘राजा’ के पैर की हड्डी टूटी, एयरलिफ्ट कर वनतारा लाया जा रहा
चेतना ट्रस्ट के संस्थापक न्यासी थे निर्मोही
उन्हाेंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर लिखी उनकी पुस्तक “देश की सर्वाधिक संघर्षशील महिला’ पर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त हुआ था। देश की शिक्षा प्रणाली से बाहर पड़े अति गरीब बच्चों की पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा के लिए चेतना स्कूलों की परिकल्पना की तथा इसके लिए ‘चेतना ट्रस्ट’ के संस्थापक न्यासी थे। आज देश भर में फैले ऐसे लगभग 125 स्कूलों की सारी व्यवस्था वह स्वयं संभालते थे और उन पर अपनी पेंशन का बड़ा भाग भी खर्च करते थे।
साहित्य सम्मान की पूरी राशि चेतना स्कूलों पर खर्च की थी
उन्होंने बताया कि निर्मोही जी ने दिल्ली हिंदी अकादमी द्वारा बाल साहित्य सम्मान से मिली 1,00,000 रुपये की सारी राशि उन्होंने चेतना स्कूलों पर खर्च कर दी थी। उन्हें एक ‘गृहस्थ संत’ कहना अतिशयोक्ति न होगी। उनकी ग़ज़ल के कुछ मिसरें देखिए – ”चांद सा रहता हुआ देखा गया है आदमी, ज़ख़्म सा बहता हुआ देखा गया है” , ”आदमी में आदमी से बात कुछ दिखती नहीं, इस तरह कहता हुआ देखा गया है आदमी”। डॉ. जैन ने कहा ”मैं कहना चाहूंगा- भांति भांति के फूल खिले हैं अभी भी उपवन में, एक फूल क्या टूटा, लगा कि उपवन उजड़ गया।”
दीपचंद्र निर्मोही का परिवार भी रहा मौजूद
दीपचंद्र निर्मोही की पौत्री एंजेला ने अपने परिवार की ओर से इस आयोजन के लिए अंकन साहित्यिक मंच का आभार प्रकट किया। एंजेला ने कहा कि 24 वर्ष तक वह चेतना परिवार के आधार स्तंभ रहे, लेकिन कभी आभास नहीं हुआ कि उनका यह सफ़र कितना कठिन रहा होगा।
एंजेला ने कहा कि आज उनके जाने के बाद हम हैरान हैं कि आख़िर कोई कैसे एक पुरानी साइकिल पर घूम कर हजारों बच्चों की निःशुल्क शिक्षा का प्रबंध करता रहा होगा। उन्होंने समाज से जो पाया उसे निस्वार्थ भाव से समाज को ही लौटा कर अपने ‘निर्मोही’ नाम को सार्थक कर दिखाया। उनका यह त्याग और समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। काव्य गोष्ठी में निर्मोही जी की धर्मपत्नी कमला आर्य, पुत्र सत्यप्रिय, पुत्रवधू राखी निर्मोही, पौत्र दिव्यांशु भी उपस्थिति रहीं।
काव्य गोष्ठी का पहला सत्र
काव्य गोष्ठी के पहले सत्र में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से दीपचंद्र निर्मोही को श्रद्धांजलि अर्पित की। पेश है इनके कुछ अंश –
” जिन्होंने ख़ुद जलकर भी शिक्षा के दीप जलाए हैं,
जिन्होंने निर्धन बच्चों के सपनों को पंख लगाए हैं;
अपनी पेंशन तक लुटा दी जिनके चेहरों की मुस्कान में,
ऐसे निर्मोही कहां मिलते हैं इस स्वार्थ भरे जहान में।”
– अनिरुद्ध सिंह।
”दीप वह जलता रहा, तम को मिटाने को,
ज्ञान के प्रकाश से मनुज को जगाने को;
सत्य की राह खोजी, ज्ञान के टोही थे,
अपकारों से दूर रहे, ऐसे गुरु ‘निर्मोही’ थे।’
– अनिल कुमार रोहिल्ला।
”बड़े सलीके व बड़ी सादगी से काम लिया,
दिया चेतना का जलाकर रोशन जहान किया।”
– गुलशन सपड़ा।
”शिक्षा के रोशन दीपक थे श्री दीप चंद्र निर्मोही,
नगर के नाम चीन थे म्हारे दीपचंद्र निर्मोही।”
– प्राचार्य दमन यादव।
”विद्या को उत्तम धनवान मानो,
सब इसकी कीमत पहचानो;
‘निर्मोही’ जी बस यही समझाता,
प्रेम भाव का रखना नाता।”
– सुधा बत्रा।
”स्वयं मोह से दूर, जग के थे वे नूर;
याद बहुत आएंगे, ऐसे गुणों से भरपूर।”
– डॉ. कंचन प्रभाती।
”निर्धन बच्चों के आप बने सरपरस्त,
अंधेरी राहों में दीपक बन ज्ञान का,
जीवन कर दिया उनका प्रशस्त।
– डॉ. रानी रजनी।
”दीपचंद ऐसे दीप थे जो स्वयं जलकर दूसरों को उजाला देते, जाने के बाद भी गरीबों को चेतना स्कूल से शिक्षा का सहारा देते।”
– डॉ. सुलेख जैन।
”मौत तो वह है जिसका जमाना करे अफ़सोस,
यूं तो सभी आते हैं दुनिया से जाने के लिए।”
– सुरेंद्र धीमान बापौली।
”कौन कहता है निर्मोही जी नहीं रहे,
वे तो हम सबके दिलों में जिंदा हैं।”
– सरोज आहुजा।
काव्य गोष्ठी का दूसरा सत्र
काव्य गोष्ठी के दूसरे सत्र में कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाएं पेश कीं। इसमें प्रस्तुत की गईं कविताओं के मुख्य अंश –
” उसके नाम की मय है तो फिर साकी जाम लबालब भर,
चुस्की चुस्की पीकर मुझको क़तरा क़तरा जीना है।
– डॉ. सोनिया सोनम ‘अक्स’।
” यह जग सुख दुःख का एक मेला,
सुख में है सब संगी साथी, दुःख में रहता अकेला;
इस जग में जो दिल को लगावे, अंत बड़े पछताना,
तुझको भी तो ख़बर है सब कुछ, साथ ना जाए धेला।”
– राजकुमार भारद्वाज।
”वेदना संवेदना मित्र के जीवन की, पोषक रस कहलाता है,
साहित्य साधना सच्चे मित्र की, संदेश और मार्गदर्शन कहलाता है।”
– जवाहरलाल शर्मा।
” सबको सारे दिन हंसाते फिरते हैं,
नीति प्रति पुष्प खिलाने फिरते हैं;
हर पल दूध पिलाते फिरते हैं,
जरूर रही हम तो बाबुल खिलाते फिरते हैं।”
– कप्तान सिंह।
”दुनिया के ए मुसाफ़िर मंजिल तेरी कब्र है,
क्या कर रहा है तू, उस ख़ुदा को सब ख़बर है।”
– चंद्रशेखर आजाद।

