सटीक समाचार, पानीपत। Haryana BBY Registration: हरियाणा में भावांतर भरपाई योजना (BBY) के तहत रबी फसलों का पंजीकरण जारी है। इस योजना के तहत किसान राज्य सरकार के मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। राज्य सरकार और प्रशासन ने इसके लिए किसानों से अपील और आवश्यक जाानकारियां भी जारी की हैं। भावांतर भरपाई योजना से किसान अपनी फसल के मूल्य के जोखिम से बच सकते हैं। कुछ स्टेप से आसानी से पंजीकरण कराया जा सकता है।
योजना के तहत किसान फसलों की बिक्री में मूल्य जोखिम से बच सकते हैं
पानीपत के जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ का कहना है कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहती है। वह इसके लिए उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। भावांतर भरपाई योजना (BBY) इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसानों को बाजार में फसलों के भाव में उतार-चढ़ाव की स्थिति में आर्थिक संरक्षण प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
किसानों को परेशानी से बचाने को प्रशासन ने जागरूक किया
वर्तमान में बिजाई के समय के अनुसार आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर, किन्नू सहित अन्य निर्धारित रबी फसलों का पंजीकरण हो रहा है। डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि किसानों को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।
यह समाचार भी पढ़िये: जन्म के बाद मां की लात लगने से नन्हे ‘राजा’ के पैर की हड्डी टूटी, एयरलिफ्ट कर वनतारा लाया जा रहा
भावांतर भरपाई योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने जिले के जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-180-2021 पर कॉल करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। किसान बागवानी विभाग की वेबसाइट www.hortharyana.gov.in पर भी योजना से संबंधित दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
ऐसे उठाएं योजना का लाभ –
| – योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए केवल पोर्टल पर पंजीकरण करवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसानों को अपनी पंजीकृत फसलों के क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करवाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। |
| – किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करवाने के उपरांत भौतिक सत्यापन के लिए निर्धारित प्रोफार्मा में आवेदन भरकर बागवानी विभाग के संबंधित ब्लॉक अथवा जिला कार्यालय में जमा करवाएं। |
| – इसके बाद पंजीकृत फसल और उसके क्षेत्र का नियमानुसार भौतिक सत्यापन किया जाएगा तथा योजना के लाभ के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होंगी। |
| – भौतिक सत्यापन करवाने के लिए आवेदन का प्रारूप बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट hortharyana.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त किसान बागवानी विभाग के ब्लॉक और जिला कार्यालयों से भी आवेदन प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं। |
| – किसान अपनी फसलों का पंजीकरण करवाने के साथ-साथ भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया भी अवश्य पूरी करें। |
मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण से पहले ये दस्तावेज रखें तैयार-
| – आधार कार्ड और वह आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर। इस पर ओटीपी (OTP) आएगा। |
| – परिवार पहचान पत्र (PPP)। |
| – जमीन के कागजात। इसमें जमाबंदी/फर्द यानि खसरा व मुरब्बा नंबर की जानकारी हो। किराये /पट्टे पर जमीन लेकर खेती करने की स्थिति में लीज एग्रीमेंट। |
| – बैंक खाते का विवरण जिसमें मुआवजे की राशि लेनी हो। |
ऐसे करें मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण –
मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर घर बैठे कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल पर पंजीकरण कर सकते हैंं। इसके अलावा अटल सेवा केंद्र यानि जन सेवा केंद्र (CSC) क माध्यम से भी पंजीकरण कराया जा सकता है। पंजीकरण के लिए निम्न चरण का पालन करें-
| – सबसे पहले मेरी फसल-मेरा ब्यौरा (MFMB) पोर्टल यानि fasal.haryana.gov.in पर जाएं और इसे खोलें। |
| – पोर्टल के खुलने के बाद किसान पंजीकरण/लॉगइन (Farmer Reg./Login) पर क्लिक करें। |
| – यहां लॉगइन (Login) करें। इसके लिए अपना परिवार पहचान पत्र (PPP ID) अथवा अपना आधार कार्ड नंबर (Aadhaar Card No.) दर्ज करें। इसका बाद अपना नाम चुनें। फिर अपने आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी (OTP) को दर्ज कर सत्यापित (Verify) करें। |
| – इसके बाद जमीन का विवरण भरें। इसके लिए पहले अपना जिला, फिर तहसील व गांव चुनें। इसके बाद जमीन का खसरा/मुरब्बा नंबर चुनें। फिर जमीन के मालिक या काश्तकार (किरायेदार) की श्रेणी का चुनाव करें। |
| – इसके बाद फसल के बारे जानकारी दर्ज करनी है। किस खेत में कौन सी फसल लगाई गई है और यह कितने क्षेत्रफल में है, इस बारे में विवरण भरें। |
| – इसके पश्चात बैंक और मंडी का नंबर भरना है। अपने उस बैंक खाते का विवरण दर्ज करें, जिसमें भावांतर भरपाई की राशि लेना चाहते हैं। इसके साथ ही अपनी नजदीकी मंडी का नाम भी चुनें। |
| – अंत में दी गईं सारी जानकारियाें की ठीक से जांंचकर लें। इसके बाद फार्म को सबमिट कर दें। इसके साथ ही पंजीकरण की रसीद (Receipt) को सुरक्षित रखने के लिए इसका प्रिंट या स्क्रीनशॉट (Print/Screenshot) ले लें। भविष्य में इसकी आवश्यकता हो सकती है। |

