सटीक समाचार, चंडीगढ़/दिल्ली। Haryana Congress: हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में बैठक हुई। इसमें पार्टी के राज्य में होनेवाले कार्यक्रमाें और हरियाणा विधानसभा के आगामी सत्र के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की। इसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी विशेष रूप से शामिल हुए।
कांग्रेस की बैठक में फैसला- ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांव-चौपालों तक ले जाएंगे
हरियाणा कांग्रेस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि बैठक में तीनों नेताओं ने 1 नवंबर को दिल्ली में हुई विपक्ष की महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी विधायकों की सराहना की। उन्होंने महारैली में शामिल होने के लिए हरियाणा के लोगों का भी आभार जताया। बैठक में फैसला किया गया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को अब कांग्रेस घर-घर, गांव-चौपाल तक ले जाएगी।

कांग्रेस विधायक जनता के साथ चौपाल बैठक करेंगे
बैठक में कहा गया कि कांग्रेस के तमाम विधायक अपने-अपने हलके में जनता के साथ चौपाल बैठक करेंगे और वोट चोरी तथा एसआईआर को लेकर उन्हें जाेगरूक करेंगे। इस मौके पर यह भी निर्णय किया गया कि 25 नवंबर को चंडीगढ़ में एकबार फिर विधायक दल की बैठक होगी। इससे पहले विधायकों को अपने-अपने हलकों में चौपाल बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह समाचार भी पढ़िये: आप ने पंजाब विधानसभा 2027 के लिए जारी की प्रत्याशियों की दूसरी सूची, 31 नाम शामिल
हुड्डा ने कहा, विधानसभा सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी बैठक में हुई चर्चा
पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि तमाम विधायकों ने आने वाले विधानसभा सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा की। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में जारी विद्यार्थियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कांग्रेस ने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है। उन्हें जरूरत के मुताबिक पूरा स्टाफ और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
हुड्डा बोले, सरकार पूरे शिक्षा तंत्र पर ध्यान दे
हुड्डा ने कहा कि सरकार को प्रदेश के पूरे शिक्षा तंत्र पर ध्यान देना चाहिए। हरियाणा में आज हालत यह है कि बहुत सारे स्कूलों में न स्टाफ है और न ही विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं। कॉलेज और विश्वविद्यालय की शिक्षा का स्तर भी लगातार गिरता जा रहा है। इसलिए कांग्रेस ने फैसला लिया है कि शिक्षा के मुद्दों को लेकर जल्द ही राज्यपाल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा।
भाखड़ा प्रबंध बोर्ड का मुद्दा भी उठा
बैठक में भाखड़ा प्रबंध बोर्ड का मुद्दा भी उठा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में सिर्फ लोगों के वोट ही चोरी नहीं हो रहे, बल्कि हरियाणा के हक का पानी भी चोरी हो रहा है। इस मुद्दे को भी एक बार फिर कांग्रेस विधानसभा में उठाएगी। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के तमाम मुद्दों को लेकर विधानसभा के भीतर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। क्योंकि यह सरकार किसानों को एमएसपी से लेकर खाद तक, हर चीज के लिए तरसा रही है।

