Haryana Politics New Update: भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- मॉनसून सत्र जैसा दुर्व्‍यवहार कभी नहीं झेलना पड़ा

हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमले किए। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमले किए। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
Last Updated: 2 Sep, 2026 at 08:00 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Haryana Politics New Update: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह कई बार सांसद और विधायक रह चुके हैं, लेकिन जैसा दुर्व्यवहार इस बार मॉनसून सत्र में झेलना पड़ा, ऐसा कभी नहीं देखा। भाजपा सरकार ने वरिष्ठ विधायकों तक से जैसी तानाशाही दिखाई, वह विधानसभा के इतिहास में काले अध्याय के रूप में लिखी जाएगी।

कहा- सरकार ने पूरे सत्र में गुमराह किया

उन्‍होंंने यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले विधायकों के साथ धक्का-मुक्की की गई।भाजपा ने पूरे सत्र के दौरान सिर्फ झूठ बोला और सदन को गुमराह किया। सरकार विपक्ष के किसी भी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई और अपने ही झूठ में फंसती नजर आई।

बोले- भाजपा सरकार कौशलकर्मियों पर चुनावी वादे से मुकर रही है

हुड्डा ने कौशल निगम और सफाई कर्मियों को लेकर कहा कि भाजपा ने चुनाव में झूठ बोलकर कौशल कर्मियों का वोट लिया और उन्हें रिटायरमेंट तक पक्का करने का चुनावी जुमला उछाला। अब जब कांग्रेस मांग कर रही है कि भाजपा अपने चुनावी वादे को पूरा करे तो खुद मुख्यमंत्री ने सदन में कहा है कि कौशल निगम सिर्फ एक वैकल्पिक व्यवस्था है। इसके तहत काम करने वाले कर्मियों को कभी भी नौकरी से हटाया जा सकता है।

हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने माना कि यह कोई पक्का रोजगार नहीं है और उन्हें किसी तरह की जॉब सिक्योरिटी नहीं दी गई है। यानी, खुद ही सरकार ने अपने झूठ को सदन के जरिए पूरे प्रदेश के सामने उजागर कर दिया है।

आज कौशल कर्मियों की ऐसी हालत है कि ये ना बेरोजगार हैं, ना ये तनख्वाह-दार हैं, इनको बना दिया दिहाड़ीदार है, कौशल कर्मी युवा लाचार हैं, जिनका शोषण हो रहा बार-बार है।

कहा- सरकार ने सफाई कर्मियों के मुद्दे पर भी झूठ बोला

उन्‍होंने कहा कि इसी तरह सरकार के मंत्री ने सफाई कर्मियों पर भी बहुत बड़ा झूठ बोला। उन्होंने (सरकार ने) कहा कि सफाई कर्मियों की मांग नहीं मानी जा सकती और दो साल में उन्हें पक्का करने की नीति नहीं बन सकती। उन्होंने यह भी झूठ बोला कि कांग्रेस ने सिर्फ 10 साल से कार्यरत कर्मियों को पक्का करने की नीति बनाई थी।

कहा- कांग्रेस की सराकर ने तीन साल से कार्यरत कर्मियों को पक्‍का करने का फैसला किया था

हुड्डा ने बाकायदा नोटिफिकेशन दिखाते हुए बताया कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान 16 जून 2014 और 18 जून 2014 को दो नीति ऐसी बनाई गई थी, जिनमें तीन साल से कार्यरत कर्मियों को पक्का करने का फैसला लिया था। इतना ही नहीं, इन नीतियों को हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ने जायज ठहराया है। जबकि भाजपा ने हमारी नीति के तहत लगे कर्मचारियों को नौकरी से हटाने और उन्हें पक्का न होने देने के लिए पूरा जोर लगाया था।

प्रदेश में कच्‍चे कर्मचारियों को पक्‍का करने के प्रस्‍ताव का कांग्रेस समर्थन करेगी

हुड्डा ने कहा कि पूरे प्रदेश में कच्चे कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा है। सरकार द्वारा सफाई कर्मियों की मांगों को अनदेखा करने के चलते पूरे प्रदेश में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान 11000 ग्रामीण और 14000 शहरी सफाईकर्मी नियुक्त किए गए थे, लेकिन बीजेपी सरकार ने आज तक उनको पक्का नहीं किया। कांग्रेस की मांग है कि इन कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव विधानसभा में लाया जाए, विपक्ष में होने के बावजूद हम उसका समर्थन करेंगे।

हुड्डा ने बताया कि विधानसभा सत्र में आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक में हुए घोटालों पर चर्चा के लिए कांग्रेस प्रस्ताव लाई थी। लेकिन सरकार इस चर्चा से भागती नजर आई। इसी तरह सरकार नौकरियों पर सदन के भीतर झूठ बोला।

भाजपा सरकार पर हरियाणा को कर्ज में डुबोने का आरोप लगाया

उन्‍होंने कर्जे का आंकड़ा पेश करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को कर्ज में डुबो दिया है। आज प्रदेश पर 5 लाख 53 हज़ार करोड़ का कर्जा है। सरकार पूरी तरह घोटालों में डूबी हुई है। यह P-P-P-P की सरकार है यानी प्रचार, पुलिस, पोर्टल और पोलराइजेशन।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Sugar Price New Update: चीनी की कीमत को काबू में लाने के लिए सरकार ने उठाया बड़ा कदम, डीलरों और व्‍यापारियों के लिए स्‍टॉक लिमिट तय

हुड्डा ने कहा कि भाजपा ख़ुद की आयुषमान योजना तक को ढंग से नहीं चला रही है। सरकार पर प्राइवेट अस्पतालों का 1200 करोड़ बकाया है। इसके चलते गरीबों को इलाज में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है और सरकार कागजों में ही योजना चला रही है।

अशोक अरोड़ा ने अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाया

इस मौके पर हुड्डा के साथ विधायक अशोक अरोड़ा ने भी अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं और लोगों से लाखों-करोड़ों की लूट हो रही है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले सेक्टरों की खस्ता हालत है। बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद हुडा का नाम बदलकर एचएसवीपी तो कर दिया, लेकिन उसके विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *