Punjab T20 Cricket League New : शेर-ए-पंजाब T20 क्रिकेट लीग का रंगारंग शुभारंभ, छह टीमें के बीच होंगे 27 मैच

मोहाली के पीसीए स्‍टेडियम मेंं पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने पहले शेर-ए-पंजाब टी20 क्रिकेट लीग का रंगारंग शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
मोहाली के पीसीए स्‍टेडियम मेंं पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने पहले शेर-ए-पंजाब टी20 क्रिकेट लीग का रंगारंग शुभारंभ किया। (फोटो सौजन्‍य डीपीआरओ)
Published: 30 Aug, 2026 at 11:12 PM

सटीक समाचार,चंडीगढ़। Sher E Punjab T20 Cricket League New : मोहाली के पीसीए स्‍टेडियम में शेर-ए-पंजाब टी20 क्रिकेट लीग का रविवार शाम रंगारंग शुभारंभ हो गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्‍य की पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित इस क्रिकेट लीग का उद्घाटन किया। इस क्रिकेट लीग में छह टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों के बीच कुल 27 मुकाबले होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया उद्घाटन, कहा – लीग पंजाब की क्रिकेट प्रतिभा को निखारेगी

इस अवसर पर भगवंत मान ने कहा कि यह टूर्नामेंट राज्य के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) द्वारा आयोजित किया जा रहा यह टूर्नामेंट 13 सितंबर तक मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

भगवंत मान ने कहा कि यह लीग पंजाब के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने तथा स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करेगी। लीग का पहला मुकाबला अमृतसर सूरमा और मोहाली किंग्स के बीच खेला गया। यह लीग दो सप्ताह तक चलेगी, जिसका फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को होगा।

भगवंत मान बोले- पंजाब भारतीय क्रिकेट के पावरहाउस के रूप में उभर रहा है

भारतीय क्रिकेट में पंजाब के योगदान का उल्लेख करते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य ने लगातार ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने देश का उच्चतम स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। पंजाब के लिए यह बेहद गर्व की बात है कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान क्रमशः शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर पंजाब से हैं। इस समय पंजाब के 21 खिलाड़ी आइपीएल में खेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में पंजाब के चार खिलाड़ी हैं, जिनमें कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं। राज्य की समृद्ध क्रिकेट विरासत का उल्लेख करते हुए भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ने लाला अमरनाथ, बिशन सिंह बेदी, मोहिंदर अमरनाथ, यशपाल शर्मा और युवराज सिंह जैसे महान क्रिकेटर देश को दिए हैं।

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ 5 सितंबर को बठिंडा से शुरू होंगी

मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार 5 सितंबर को बठिंडा से सबसे बड़े खेल महाकुंभ ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का शुभारंभ करेगी। खिलाड़ियों की तीन पीढ़ियां इस खेल आयोजन में भाग लेंगी, जो इसे पंजाब की खेल भावना का अनूठा उत्सव बनाएगा। इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर और अन्य प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित थीं।

शेर -ए-पंजाब टी20 क्रिकेट लीग में भाग ले रहींं टीमें और उनके कप्‍तान

  • छह फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम की कमान पंजाब के प्रमुख क्रिकेटर संभाल रहे हैं।
  • फाजिल्का फाल्कन्स – कप्तान शुभमन गिल।
  • लुधियाना लायंस- कप्‍तान अर्शदीप सिंह।
  • अमृतसर सूरमा- कप्‍तान अभिषेक शर्मा।
  • जालंधर वॉरियर्स- कप्‍ताान प्रभसिमरन सिंह।
  • मोहाली किंग्स- कप्‍तान रमनदीप सिंह।
  • बठिंडा रॉयल्स- कप्तान गुरनूर बराड़।

लीग में कितने खिलाड़ी भाग ले रहे हैं ?

  • लीग में पंजाब के प्रमुख क्रिकेटर भाग ले रहे हैं। इनमें अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत शामिल हैं।
  • पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों के पूल में से विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बोली के माध्यम से 119 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

लीग में कितने ग्रुप में कौन-कौन सी टीमें शामिल हैं ?

  • लीग में शामिल टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है।
  • ग्रुप ए- मोहाली किंग्‍स (Mohali Kings), फाजिल्‍का फाल्‍कन्‍स ( Fazilka Falcons) और जालंधर वॉरियर्स (Jalandhar Warriors)।
  • ग्रुुप बी – बठिंडा रॉयल्‍स (Bathinda Royals), अमृतसर सूरमास (Amritsar Soormas) और लुधियाना लायंस (Ludhiana Lions)।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *