सटीक समाचार, उत्तरकाशी। Late Night Earthquake In Uttarakhand: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के झटके महसूस हुए। देर रात करीब 1:00 बजे के आसपास भूकंप के तेज झटके आए और इससे गहरी नींद में सोए लोग जाग गए। लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
भूकंप की तीव्रता 4.2 आंकी गई है
राज्य के आपदा प्रबंधन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से उत्तर पश्चिम में करीब 22 किलोमीटर दूर होने की संभावना है। इसका केंद्र जमीन के करीब 10 किलोमीटर अंदर बताया गया है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज किए जाने की सूचना है।
किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। क्षेत्र में किसी तरह के नुकसान की भी जानकारी नहीं मिली है। बताया जाता है कि भूकंप के झटके उत्तरकाशी की गंगा और यमुना दोनों घाटी क्षेत्र में महसूस किए गए। भूकंंप के कारण लोग देर रात तक जागते रहे।
यह समाचार भी पढ़िये: Sawan 2026 Special: यहां प्रकृति की मनाेरम छटा के बीच शिवभक्ति की तरंग, भीमाशंकर में होती है विशेष अनुभूति
उत्तरकाशी में अक्टूबरी 1991 में विनाशकारी भूकंप आया था
उल्लेखनीय है कि उत्तरकाशी भूकंंप को लेकर अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र रहा है। यहां एक बार विनाशकारी भूकंप आ चुका है। वर्ष 1991 में 20 अक्टूबर को आए भूकंप में जानमाल का भारी नुकसान हुआ था। उस समय भी मध्यरात्रि को भूकंप के झटके लगे थे। उस समय रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.6 मापी गई थी। इस भूकंप में काफी संख्या में लोग मारे गए थे और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा था।
लोगों में दहशत
रविवार-साेमवार की रात को भूकंप के झटके आए तो लोगों को 1991 के विनाशकारी भूकंंप की याद आ गई। इस पर राहत की खबर यह रही कि भूकंप की तीव्रता अधिक नहीं रही। इसके बावजूद लोग में दहशत हैं।

