सटीक समाचार, पानीपत। Panipat News: पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने नौल्था में छात्राओं को साईकिलें बांटीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि स्वार्थ नहीं सेवाभावना से राजनीति करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में केंद्र की सत्ता संभालने के बाद देश के जनप्रतिनिधियों को स्वार्थ की राजनीति छोड़कर सेवा की राजनीति करने का संदेश दिया था। हम सभी उसी मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
नौल्था में अंत्योदय फाउंउेशन के समारोह में 274 छात्राओं को दी गईं साईकिलें
उन्होंंने गांव नौल्था स्थित डेरा समाधि बाबा द्वारकानाथ में आयोजित अंत्योदय फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित समाराह में 274 छात्राओं को साइकिलें वितरित की। मनोहर लाल ने बताया कि इससे पूर्व भी लगभग 500 साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं तथा भविष्य में भी जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
2010 में हुई थी अंत्योदय फाउंउेशन की स्थापना
उन्होंने कहा कि अंत्योदय फाउंडेशन ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2010 में समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए सरकार के माध्यम से अंत्योदय की भावना को साकार करने के लिए अनेक योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने हर 20 किलोमीटर पर कॉलेज स्थापित करने, बिना खर्ची और बिना पर्ची के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा पारदर्शी शासन व्यवस्था का भी उल्लेख किया। अंत्योदय फाउंडेशन का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार किया जा सके।
40 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्यवाही शुरू : कृष्णलाल पंवार
हरियाणा के मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि मनोहर लाल द्वारा बताए गए नौ विकास कार्यों से संबंधित लगभग 40 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्यवाही शुरू हो चुकी है। क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया ने कहा कि अंत्योदय फाउंडेशन जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने का कार्य कर रहा है। फाउंडेशन द्वारा ड्राइविंग, ब्यूटीशियन, सिलाई, कंप्यूटर सहित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता योगी सुमेरनाथ ने की
कार्यक्रम की अध्यक्षता डेरा समाधि बाबा द्वारकानाथ के महंत योगी सुमेरनाथ ने की। उन्होंने कहा कि डेरा सदैव सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और अब अंत्योदय फाउंडेशन के सहयोग से समाजहित के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने मनोहर लाल का स्वागत किया। सिग्मा ग्रुप के अध्यक्ष जगदीप चड्ढा ने कहा कि समाज सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराने में सिग्मा ग्रुप का विशेष योगदान रहा है।
कार्यक्रम का संचालन सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने किया।इस अवसर पर अंत्योदय फाउंडेशन के सदस्य बृज गुप्ता, आसन कल्याण, अनिरुद्ध यादव, विधायक देवेंद्र कादयान, जिला परिषद अध्यक्ष ज्योति शर्मा, ईश कुमार राणा, डॉ. राजवीर आर्य, रविंद्र तुषामड , नवदीप शर्मा, सुनील कपूर व सुमित सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
