पानीपत के एसडी पीजी कॉलेज का कुवि ताइक्‍वांडो चैंपियनशिप में जलवा, महिला वर्ग में खिताब

Panipat Sports: पानीपत के एसडी कॉलेज की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय के इंटर कॉलेज तइक्‍वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। कॉलेज पहुंचने पर खिलाड़ि‍यों का स्‍वागत किया गया। (फोटो सोर्स एसडी पीजी कॉलेज)
Panipat Sports: पानीपत के एसडी कॉलेज की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय के इंटर कॉलेज तइक्‍वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। कॉलेज पहुंचने पर खिलाड़ि‍यों का स्‍वागत किया गया। (फोटो सोर्स एसडी पीजी कॉलेज)
Published: 19 Nov, 2026 at 09:07 PM

सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Sports: एसडी पीजी कॉलेज पानीपत (SD PG College Panipat) के खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंटर कॉलेज ताइक्‍वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। कॉलेज के खिलाड़ि‍यों ने इस खेल प्रतियोगिता में सात पदक जीते। इनमें चार स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। कॉलेज की महिला वर्ग में कॉलेज की टीम ने खि‍ताब जीता।

महिला वर्ग में तीन स्‍वर्ण और दो कास्‍यं पदक जीते

महिला वर्ग में आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के सितारों साक्षी ने 46 किलोग्राम भारवर्ग में खालसा कॉलेज यमुनानगर एवं आर्य कॉलेज पानीपत की खिलाड़ि‍यों को हराकर स्वर्ण, तन्नु ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में आर्य कॉलेज पानीपत एवं जाट कॉलेज कैथल की खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण, कीर्ति ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में आईबी कॉलेज पानीपत एवं आर्य कॉलेज पानीपत की खिलाड़ि‍याें को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

इसके साथ ही प्रीती ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में आर्य कॉलेज पानीपत की खिलाड़ी को हराकर कांस्य जीता। किरण ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में एसए जैन कॉलेज अंबाला की खिलाड़ी को पराजित कर कांस्य पदक हासिल किए। इन खिलाड़ियों के शानदार खेल की बदौलत कॉलेज की महिला ताइक्‍वांडो टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविधालय इंटर कॉलेज ओवर आल ट्राफी पर भी कब्ज़ा किया।

पुरुष वर्ग में एक स्‍वर्ण और एक रजत पदक जीता

पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने वाले प्रदीप ने खालसा कॉलेज यमुनानगर एवं आर्य कॉलेज पानीपत के खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण जीता। विशाल ने खालसा कॉलेज यमुनानगर एवं आर्य कॉलेज पानीपत के खिलाड़ि‍यों को पराजित कर रजत पदक हासिल किया। महिला और पुरुष वर्ग के कुल पांच खिलाड़ियों का चयन आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए हो गया है।

कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल ने कहा- खेल से ही सही एवं स्‍वस्‍थ विकास संभव

सभी खिलाड़ियों का कॉलेज पहुंचने पर स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो नीलम, प्रो पूजा, प्रो आनंद, कोच मोहित, ग्राउंड्स मैन प्रताप और अन्य प्राध्यापकों ने किया। कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि विद्यार्थियों का सही एवं स्वस्थ विकास खेलों से ही संभव है।

यह समाचार भी पढ़िये: हरियाणा के स्‍टार्टअप्‍स की अब UAE तक पहुंच, इमर्शन कार्यक्रम में उद्यमिता व बाजार को समझा

उन्‍होंने कहा कि हर प्राध्यापक और अभिभावक को चाहिए कि वे अपने बच्चों को खेल के फायदे समझाएं। यदि हम अपने बच्चों को बचपन में खेलने से रोक रहे हैं या बच्चे मोबाइल में ही व्यस्त रहते है तो न सिर्फ उनका बचपन खराब हो रहा है बल्कि उनकी सेहत के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है।

खेलों से शारीरिक संग मानसिक विकास भी होता है: डॉ. अनुपम अरोड़ा

प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी बेहतर खेल दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवा जीवन में खेलों में भाग लेने से युवाओं के सामाजिक कौशल का विकास होता है और वे टीम वर्क सीखते हैंं। यह भविष्य में बहुत काम आते हैं। मस्तिष्क के विकास के लिए भी खेल बहुत जरूरी है। शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी महत्वपूर्ण है। स्वस्थ हृदय, मजबूत श्वसनतंत्र और इम्यूनिटी बढाने के लिए खेल रामबाण साबित होते हैं।

डॉ. सुशीला बेनीवाल ने ताईक्‍वांडाे के बारे में दी जानकारी

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ.सुशीला बेनीवाल ने कहा कि ताइक्‍वांडो मार्शल आर्ट का एक कोरियाई रूप है। इसमें पंचिंग और किकिंग तकनीकों की विशेषता है। इसमें सिर की ऊंचाई वाली किक, स्पिनिंग जंप किक और फास्ट किकिंग तकनीक पर जोर दिया जाता है । ताइक्‍वांडो एक पारंपरिक कोरियाई मार्शल आर्ट है जिसका अर्थ है ‘लात मारने और मुक्का मारने का तरीका’। ताइक्‍वांडो में किया गया शारीरिक प्रशिक्षण उद्देश्यपूर्ण होता है और मानसिक शक्ति को भी बढ़ावा देता है।

उन्‍होंने बताया कि ताइक्‍वांडो की उत्पत्ति कोरिया के 50 ईसा पूर्व में हुई, जब सिला राजवंश के योद्धा हवारंग ने एक मार्शल आर्ट विकसित करना शुरू किया। 20वीं सदी की शुरुआत तक आते-आते ताइक्‍वांडो कोरिया में प्रचलित मार्शल आर्ट का प्रमुख रूप बन गया । इसके बाद ताइक्‍वांडो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए कोरियाई राष्ट्रीय मार्शल आर्ट के रूप में नामित किया गया था । 1973 में वर्ल्ड ताइक्‍वांडो फेडरेशन को खेल के विश्वव्यापी वैध शासी निकाय के रूप में स्थापित किया गया और उसी वर्ष कोरिया के सियोल में इसकी पहली विश्व चैंपियनशिप आयोजित की गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *