सटीक समाचार, होशियारपुर। Punjab New Update: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने बुजुर्गों काे बड़ा उपहार दिया है। राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना’ का विस्तार किया है। इसके तहत 15 बसों में बुजुर्गों को श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा जी-वृंदावन धाम जैसे पवित्र स्थानों की यात्रा पवर रवाना कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं को ले जाने वाली इन बसों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना के तहत 50 साल और उससे अधिक उम्र के श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं। एक परिवार के अधिकतम दो सदस्य यात्रा कर सकेंगे। श्रद्धालुओं को एसी स्लीपर बस यात्रा में करवाने सहित उनके रहने और खाने-पीने का प्रबंध मुफ़्त है।
आने वाले समय में कुल डेढ़ लाख लोगों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी
इस मौके पर आयाेजित समारोह में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों के लिए यह तीर्थ यात्रा पर जाने का एक बहुत बड़ा अवसर है। बसें बहुत ही शानदार, आरामदायक और एसी हैं। आने वाले महीनों में पंजाब के कुल डेढ़ लाख लोगों को विभिन्न तीर्थ स्थानों पर ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘इस पवित्र अवसर पर होशियारपुर, पठानकोट, मुकेरियां और आस-पास के इलाकों से आए सभी लोगों को दिल से बधाई देता हूं, जो खाटू श्याम, सालासर, वृंदावन, मथुरा, ऋषिकेश तथा अन्य स्थानों के दर्शनों के लिए जा रहे हैं। इससे पहले भी श्री दरबार साहिब, श्री राम तीर्थ, श्री अमृतसर साहिब और फतेहगढ़ साहिब जैसे धार्मिक स्थानों के लिए तीर्थ यात्रा बसें चल रही हैं।’
भगवंत मान बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा को पूरा ध्यान
उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा के लिए एसी स्लीपर बसों का प्रबंध किया गया है और उनके रहने के लिए एसी कमरों का प्रबंध किया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन और देखभाल प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु का चिकित्सा बीमा सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ़्त इलाज करवा सकें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बस में एक अटेंडेंट मौजूद रहेगा और प्रत्येक मंजिल पर एक विशेष टीम तैनात की गई है।
यह समाचार भी पढ़िये : Punjab New Bill: पंजाब में आउटसोर्सिंग से रखे कर्मचारियों को मिलेगा पीएफ और ग्रेच्युटी सहित अन्य लाभ, कांट्रैक्ट पर रखेगी सरकार, बिल पास
इस अवसर पर ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, मशहूर गायक कैलाश खेर सहित राज्य के कई मंत्री व अन्य लोग उपस्थित थे।
ये बसें किन-किन तीर्थ स्थानों के दर्शन कराने ले जाएंगी ?
- ये बसें श्रद्धालुओं को लेकर .ऋषिकेश, हरिद्वार, मथुरा, वृंदावन, श्री खाटू श्याम और सालासर धाम के लिए रवाना हुई हैं।
तीर्थयात्रा पर कहां-कहां के श्रद्धालु गए हैं?
- इस बार तीर्थ यात्रा में पांच जिलों से श्रद्धालु गए हैं। होशियारपुर से कुल 15 बसों में होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर के श्रद्धालुओं को रवाना किया गया है।
कितनी बसें कौन से तीर्थ स्थान रवाना हुईं?
- होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से 10 बसें ऋषिकेश-हरिद्वार के लिए रवाना हुईं।
- फगवाड़ा और गुरदासपुर से दो बसें श्रद्धालुओं को मथुरा-वृंदावन लेकर गई हैं।
- जालंधर और गुरदासपुर से तीन बसें श्रद्धालुओं को श्री खाटू श्याम-सालासर लेकर रवाना हुई हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में अब तक कितने श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं?
- सीएम भगवंत मान ने बताया कि इस योजना के पहले चरण में अब तक 4 लाख श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब-नैना देवी की यात्रा कर चुके हैं।
- इस तीर्थ यात्रा के लिए विभिन्न जिलों से क्लस्टर बनाए गए हैं। इस तीर्थ यात्रा पर अब तक 148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
- इन यात्राओं पर 10 लाख श्रद्धालुओं को ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस विशेष तीर्थ यात्रा के लिए श्री आनंदपुर साहिब पर एक टेंट सिटी भी स्थापित की गई है।

