सटीक समाचार, राजपुरा (पटियाला)। Punjab New Update: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यहां ‘ एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में महिलाओं को मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत सम्मान राशि देने के बारे में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को यह सम्मान राशि नहीं मिली है वे अभी फार्म भर दें, उनको भी जुलाई से पैसा मिलेगा।
कहा- जनता का पैसा कल्याण और विकास पहलों के माध्यम से जनता को लौटा रहे हैं
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) जनता का पैसा उसी को लौटा रही है। सरकार कल्याण और विकास पहलों के माध्यम से जनता का एक-एक रुपया लोगों को लौटाने के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्षी दलों का कोई भी दबाव सरकार के जन-पक्षधर एजेंडे को पटरी से नहीं उतार सकता।
उन्होंने कहा कि हर घर को रोजगार, हर बुजुर्ग को इलाज और हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने, जिन महिलाओं को अभी तक सम्मान राशि नहीं मिली, उन्हें विश्वास दिलाया कि आवश्यक औपचारिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उन्हें भी जुलाई से राशि मिलेगी।

पंजाब मे हर त्योहार मिलकर मनाने की पंरपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सबका है और हर त्योहार को मिलकर मनाने की इसकी सदियों पुरानी परंपरा को बनाए रखना चाहिए। पंजाब एक ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें हर रंग का फूल मौजूद है और इस पवित्र धरती पर सभी बढ़ते-फूलते हैं। हमारी धरती इतनी उपजाऊ है कि यहां हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता क्योंकि हमारी एकता बहुत मजबूत है।
भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा दी जा रही है। अब इस योजना का दायरा बढ़ा दिया गया है और हरिद्वार, ऋषिकेश, सालासर धाम और खाटू श्याम जी जैसे पवित्र शहरों को भी इसमें शामिल किया गया है।
यह समाचार भी पढ़िये : Home Loan New Update: पंजाब में सरकारी कर्मियों को बड़ी सुविधा, कम ब्याज पर मिलेगा 75 लाख तक का होम लोन, इतने साल में चुका सकेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत मुफ्त परिवहन, आवास और भोजन की सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे लोग यात्रा का वित्तीय बोझ उठाए बिना पवित्र धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली जुलाई से प्रदेश की महिलाओं के खातों में ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पैसे आने शुरू हो गए हैं। हर महिला 1,000 रुपये प्रति माह की हकदार है, जबकि अनुसूचित जातियों से संबंधित महिलाएं 1,500 रुपये प्रति माह की हकदार हैं। लगभग 75 लाख महिलाओं को पहले ही पैसे मिलने शुरू हो चुके हैं।

