Bhagwant Mann Viral Video: भगवंत मान बोले- मास्‍क लगाकर बनाया गया मेरा फर्जी वीडियो, पूरी साजिश का जल्‍द करेंगे खुलासा

Bhagwant Mann Viral Video: भगवंत मान बोले- मास्‍क लगाकर बनाया गया मेरा फर्जी वीडियो, पूरी साजिश का जल्‍द करेंगे खुलासा
Last Updated: 25 Jun, 2026 at 10:07 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी वायरल वीडियो (Bhagwant Mann Viral Video) के मामले मेंं साजिश किए जाने आरोप लगाया है। उन्‍होंने कहा कि धर्म के आधार पर उनकी छवि खराब करने के लिए फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। उनका मास्‍क (मुखौटा) तैयार कर यह वीडियो बनाया गया। जल्‍द ही पूरी साजिश का खुलाया किया जाएगा।

मीडिया के समक्ष सुबूत रखे, कहा- कनाडा के जगमन समरा ने वीडियो शूट किया

मुख्‍यमंत्री मान ने यहां मीडिया को वीडियो और अन्य सामग्री दिखाया। उन्‍होंने कहा कि उनके जैसा दिखने वाला एक मास्क (मुखौटा) तैयार करवाया गया था और उसका उपयोग इस कथित फर्जी वीडियो को बनाने के लिए किया गया। उन्होंने कनाडा में रहने वाले जगमन समरा ने इस मास्क का उपयोग कर वीडियो शूट की थी।

भगवंत मान ने कहा- कनाडा के होटल में फिल्‍माया गया

भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कथित फर्जी वीडियो कनाडा के एक होटल में फिल्माया गया था। उन्‍होंने कहा कि वह (भगवंत मान) वर्ष 2016 के बाद कभी कनाडा नहीं गए। यह मास्क एक कार में जगमन समरा को डिलीवर किया गया था। समरा इसे अपने हाथ में पकड़े हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वीडियो में मास्क स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वीडियो में उनकी गर्दन के ऑपरेशन का निशान भी उसमें नहीं है। उन्होंने कहा कि फर्जी वीडियो बनाने वालों की पहचान कर ली गई है और जांच पूरी होने के बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूरे मामले को सबूतों सहित श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष रखा जाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, ‘बुजुर्ग हमेशा कहते आए हैं कि भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। मेरे प्यारे पंजाबियों, पिछले कुछ दिनों से मेरे राजनीतिक विरोधियों ने मेरी एक फर्जी वीडियो पर राजनीति की है। आज एक मास्क ने उन विरोधियों के असली चेहरे उजागर कर दिए हैं। मैं शुरू से ही कहता आ रहा हूं कि उस वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं हूं।’

कहा- श्री अकाल तख्‍त साहिब के आगे मेरा सिर हमेशा झुका रहेगा

मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘ श्री अकाल तख्त साहिब के आगे मेरा सिर हमेशा झुका है और हमेशा झुका रहेगा। मेरा विश्वास, मेरी अंतरात्मा और पंजाब के समझदार लोग मेरे साथ खड़े हैं। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कौन था, आने वाले दिनों में हम इस बारे में भी बड़े खुलासे करेंगे। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।’

‘विपक्षी मुझे बदनाम करने की कर रहा साजिश’

मीडिया से बातचीत में भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछले कई दिनों से मेरी एक फर्जी और मनगढ़ंत वीडियो बार-बार वायरल की जा रही है। इससे केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए धार्मिक आदेश भी जारी करवाए गए। राजनीतिक आकाओं द्वारा धार्मिक पदों पर बैठे लोगों का इस्तेमाल अपने हित में घोषणाएं करवाने के लिए किया जा रहा है, ताकि मुझे धार्मिक रूप से बदनाम किया जा सके।

उन्‍होंने कहा, ‘हमारी सरकार ने पंजाब के लोगों के सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। चाहे बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाना हो, पालकी साहिब ले जाने वाले वाहनों का टैक्स माफ करना हो, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आनंदपुर साहिब में पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना हो या सिखों के तीन तख्त साहिब वाले शहरों को ‘पवित्र शहर’ का दर्जा देना हो, विपक्ष इन फैसलों का मुकाबला नहीं कर सकता।’

मान ने कहा कि विपक्षी दल अब केवल एक ही उद्देश्य से एकजुट हो गए हैं कि झूठी वीडियो के माध्यम से भगवंत मान को निशाना बनाया जाए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “गुरुद्वारों के बाहर ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के नाम पर लोगों से भगवंत मान का बहिष्कार करने की अपील की जा रही है। मैं स्वयं और पूरी सिख संगत श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का सम्मान करती है।’

सुखबीर बादल को लेकर उठाए सवाल

उन्‍होंने कहा कि सुखबीर बादल को ‘तनखाहिया’ घोषित किए जाने पर ऐसे बोर्ड क्यों नहीं लगाए गए? बेअदबी की घटनाओं और पुलिस फायरिंग के लिए जिम्मेदार लोगों के बहिष्कार की अपील क्यों नहीं की गई? जब शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष स्वयं कहते हैं कि वह गुरु गोबिंद सिंह जी की बजाय सुखबीर बादल के सिपाही हैं, तो उनकी निष्ठा किसके प्रति है, यह स्पष्ट हो जाता है।’

भगवंत मान ने कहा कि जब मुझे श्री अकाल तख्त साहिब बुलाया गया था, तब मैं वहां एक विनम्र सिख के रूप में गया था। आज भी यदि मुझे बुलाया जाता है तो मैं बिना किसी हिचकिचाहट के उपस्थित होऊंगा। मैं श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता को कभी चुनौती नहीं दे सकता और न ही ऐसा करने की मेरी कोई हैसियत है।

श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी की कार्यवाही की जारी की गई वीडियो का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने अनुरोध किया था कि इस कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए। मुझे बताया गया कि पांच सिंह साहिबानों के लिए केवल एक रिकॉर्डिंग रखी जाएगी। अब उसी रिकॉर्डिंग को संपादित कर चुनिंदा रूप में जारी किया जा रहा है। उस रिकॉर्डिंग में भी मैं यही कह रहा हूं कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं हूं। कोई भी इसकी जांच करवा सकता है।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *