सटीक समाचार, चंडीगढ़। Haryana Assembly Uproar New: हरियाणा विधानसभा में हंगामे को लेकर सदन के बाहर भी कांग्रेस और भाजपा के नेताओं में वार-पलटवार शुरू हो गया। पूर्व मुख्यमंंत्री और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सदन में आने के दौरान उनकी (कांग्रेस विधायकों) बेइज्जती की गई। मेरे तो कपड़े भी फाड़ दिए। दूसरी ओर, राज्य के शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंंने कहा कि सीनियर कांग्रेस नेताओं ने ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों को कोहनियों से मारा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- सरकार हर मोर्चे पर विफल
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शाम में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर विफल है। कानून व्यवस्था, गुरुग्राम में जलभराव, किसानों का मुद्दा या नौजवानों के मुद्दे पर सरकार चुप है। सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस विधायक प्रदर्शन कर रहे थे तो उनकी बेइज्ज़ती हुई । मेरे कपड़े भी फाड़े गए।

उन्होंने कहा कि हमें वहां रोका गया जहां पार्किंग है। यहां पर पंजाब विधानसभा की भी एंट्री है। सदन में आने के बाद हमने स्पीकर से सिर्फ इतना पूछा कि आपका आदेश था क्या। सीएम ने हमें ही गुंडा कह दिया। कई बार जुबान फिसल जाती है तो माफी मांगी जा सकती थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई माफी नहीं मांगी।
स्पीकर ने कहा- हमारी कोई सुनवाई नहीं की
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा ‘ स्पीकर की भूमिका तानाशाही जैसी थी, लेकिन ऐसा नहीं होता। यह इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस काम रोको प्रस्ताव लेकर आ रही थी। हमारे विधायकों को नेम किया गया। हमारी कोई सुनवाई नहीं की गई। उन्होंंने कहा कि सरकार आज कर्जे लेने में नंबर एक है , लेकिन कर्मचारियों की कोई सुध नहीं ली जाती। सफाई कर्मचारी धरने पर हैं लेकिन सरकार को इसकी कोई सुध नहीं है।
महिपाल ढांडा ने कांग्रेस नेताओं के रवैये पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विधानसभा भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस विधायकों पर जमकर हमला किया और उनके प्रदर्शन व रवैये पर सवाल उठाए। ढांडा ने कहा कि कांग्रेस विधायकों का आज का प्रदर्शन तो ही बनता नहीं था। जिन मुद्दाें को लेकर वे सड़क पर प्रदर्शन करते हुए आ रहे थे उन्हें विधानसभा में उठा सकते थे।
महिपाल ढांडा ने कहा, ‘ प्रदर्शन करना भी ठीक था, लेकिन जो सबके लिए नियम कानून बने हुए हैं उसका पालन करना चाहिए। यहां आकर इनकी जो गुंडागर्दी देखी वह आज तक के लोकतंत्र के इतिहास में सबसे अलोकतांत्रिक और मर्यादाहीन थी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस के सीनियर नेता ड्यूटी कर रहे सिक्योरिटी स्टाफ को कोहनियां मार रहे थे। यह बेहद शर्मनाक है।’
यह समाचार भी पढ़िये: See Video- Haryana Assembly New Update: मॉनसून सत्र की भारी हंगामे से शुरूआत, 8 विधायक सस्पेंड, कांग्रेस MLAs को गेट पर रोकने का आरोप, हुड्डा बोले- धक्के मारे गए
ढांडा ने कहा कि ये लोग (कांग्रेस विधायक ) अंदर आते ही खड़े होकर चिल्लाने लगे ‘गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’ उनसे जब पूछा गया कि , क्या बात है, तो उन्होंने कहा कि बाहर हमें धक्का दिया गया और हमारे साथ बुरा बर्ताव किया गया। क्या यह स्पीकर या सरकार के आदेश पर हुआ। स्पीकर ने कहा कि हम घटना की जांंच कराएंगे और उनसे वीडियो देखने को कहा गया तो नहीं आए।
ढांडा ने कहा कि ये लोग वीडियो देखने नहीं आए, क्योंकि वे इसे देखकर खुद शर्मिंदा हो जाते। दरअसल, ये लोग अपने आकाओं के आदेश पर काम करते हुए पहले से तय एजेंडा के साथ आए थे।

