sateeksamachar.com, चंडीगढ़।
पंजाब के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य के किसानों को धान की खेती के लिए पर्याप्त नहरी पानी और बिजली मिलेगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि धान की फसल की सिंचाई के लिए पहली मई से नहरी पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश की नहरों में 21,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। इसके साथ ही धान की खेती के लिए प्रतिदिन आठ घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी।
भगवंत मान ने कहा कि सिंचाई के बुनियादी ढांचे में 6,700 करोड़ के निवेश, 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क और 7,000 नए बने राजबाहों और कस्सियों के साथ राज्य सरकार ने चार ज़ोनों में आठ घंटे बिजली सप्लाई शेड्यूल के साथ जोड़ा है ताकि बुआई को सुचारू बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह कदमधान के लिए सिंचाई सुनिश्चित करने के साथ ही मालवा क्षेत्र में कपास, बागवानी और चारे वाली मक्की के लिए नहरी पानी की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करता है। भूजल रिचार्ज में के कारण भूजलस्तर में 2 से 4 मीटर का इजाफा हो रहा है, जो प्रदेश की जल प्रबंधन रणनीति में संरचनात्मक बदलाव का संकेत है।
उन्होंने आगे कहा, ‘सिंचाई के बुनियादी ढांचे में 6,700 करोड़ का ऐतिहासिक निवेश किया गया है। इस सीजन में 14,000 किलोमीटर नई पाइपलाइनों और 4,000 किलोमीटर नई नहरों के निर्माण के साथ 1 मई से नहरों में पूरा पानी छोड़ा जाएगा। फाज़िल्का और अबोहर जैसे टेल (छोर) पर पड़ने वाले क्षेत्रों को भी 2 मई तक पानी मिल जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके साथ बिजली बचाने और मजदूरों के लिए सुविधा सुनिश्चित करने के लिए धान की बुआई को चार ज़ोनों में बांटा गया है। सीधी बुआई 15 मई से शुरू होगी और 1 जून से नहरी पानी की सप्लाई चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जाएगी। मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि ऑस्ट्रेलिया से वापस भेजे जा रहे पंजाबियों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
भगवंत मान ने कहा, “पहली बार पंजाब के किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए पहली मई से प्रदेश में पानी छोड़ा जा रहा है।” उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारी सरकार पानी की हर बूंद बचाने के लिए वचनबद्ध है। किसी और प्रदेश को पानी की एक बूंद भी अतिरिक्त नहीं दी गई, न ही पाकिस्तान को कोई पानी भेजा जा रहा है।”
टिकाऊ सिंचाई साधनों की ओर बदलाव की बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमने यह सुनिश्चित किया है कि नहरी पानी पर निर्भरता बढ़ाई जाए ताकि ट्यूबवेलों पर दबाव को कम किया जा सके।” उन्होंने आगे कहा, “मार्च 2026 तक पंजाब सरकार ने पूरे पंजाब में सिंचाई कार्यों पर 6,700 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।”
मुख्यमंत्री मान ने कहा, “छोड़ा जा रहा पानी दो भाखड़ा नहरों की सप्लाई के बराबर है और किसानों को बहुत लाभ पहुंचाएगा।” उन्होंने आगे कहा, “यह विशेष रूप से मालवा क्षेत्र के किसानों को बागों और कपास, मक्की तथा चारे जैसी फसलों की बुआई के साथ-साथ धान की खेती के लिए खेत तैयार करने में मदद करेगा।”
भगवंत मान ने कहा, “नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पानी के स्तर में दो से चार मीटर का इजाफा हुआ है।” उन्होंने आगे कहा, “यह फैसला आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से लिया गया है क्योंकि पंजाब का अस्तित्व उसके पानी से है और पानी के बिना प्रदेश की कोई होशियारी नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह गर्व की बात है कि पंजाब सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले एक साल में 21 लाख घन मीटर पानी रिचार्ज किया गया है। उन्होंने कहा, “अक्टूबर में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण किसानों को धान बेचने में आने वाली मुश्किलों से बचने के लिए पंजाब सरकार ने पहली जून से धान की खरीद शुरू करने का फैसला किया है।” उन्होंने आगे कहा, “धान की ज़ोन-वार खेती सही योजना और प्रबंधन के साथ की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “सभी जिलों में 15 मई से धान की सीधी बुआई शुरू होगी, जिसके लिए आठ घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई मिलेगी।” उन्होंने आगे कहा, “पहली जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरन तारन, रोपड़, एस.ए.एस. नगर, श्री फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर में धान की बुआई शुरू हो जाएगी।”
उन्होंने आगे बताया, “पांच जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाज़िल्का में बुआई शुरू हो जाएगी और 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और शहीद भगत सिंह नगर में शुरू हो जाएगी।”
