सटीक समाचार, चंडीगढ़। Punjab Da Crorepati Quiz: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने नया कदम दम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर अनोखी क्विज प्रतियोगिता ‘ पंजाब दा करोड़पति’ शुरू करने की घोषणा की। इसमें पहला इनाम 1 करोड़ रुपये का होगा। प्रतियोगिता में 15 से 30 साल की आयु के पंंजाब के रहनेवाले युवा भाग ले सकेंगे।
पहला पुरस्कार 1 करोड़ रुपये, चार रनर अप को 10-10 लाख रुपये मिलेंगे
मुख्यमंत्री भगवंत ने शनिवार को इस राज्य-स्तरीय युवा क्विज़ प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, शिक्षा और सरकारी नौकरियों की तैयारी की ओर लगाना है। इस क्विज़ के विजेता को 1 करोड़ रुपये का बड़ा इनाम जीतने का मौका मिलेगा। चार उप-विजेताओं (रनर-अप) को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर शीर्ष आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
ये होंगे पुरस्कार
| पुरस्कार | राशि और पुरस्कार की संख्या |
| पहला पुरस्कार – | विजेता को करोड़ रुपये। |
| द्वितीय पुरस्कार – | चार प्रतियोगियाें को 10-10 लाख रुपये। |
| लीडरबोर्ड पर अन्य आठ प्रतियोगी | 5-5 लाख रुपये। |
| अन्य पुरस्कार- | 10 हजार से अधिक प्रतियोगियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। |
इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘पंजाब के युवाओं के लिए यह बड़ी खबर है। आज हमने युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए तैयार करने के लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता की घोषणा की है। हम चाहते हैं कि हमारे युवाओं के हाथों में किताबें हों क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है। तुम बस सख्त मेहनत पर ध्यान दो; सरकार हर कदम पर तुम्हारे साथ खड़ी है। तुम्हारी सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है। आओ, अपने हुनर और सख्त मेहनत के जरिए एक खुशहाल और जीवंत ‘रंगला पंजाब’ बनाएं।’
सीएम भगवंत मान ने कहा, युवा अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं
प्रतियोगिता की घोषणा करते हुए उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने की अपील की। भगंवत मान ने कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ पहल सीखने, ज्ञान बढ़ाने और बड़े नकद पुरस्कार जीतने का एक शानदार मौका है। यह प्रतियोगिता का ढांचा मशहूर टेलीविज़न क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तरह तैयार किया गया है। प्रतिभागियों को चुनिंदा सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें से हर सवाल के चार विकल्प होंगे और उनमें से सिर्फ एक ही सही होगा।

प्रतियोगिता में ये होंगे दौर
- प्रतियोगिता के विवरण जल्द ही अखबारों में भी प्रकाशित किए जाएंगे।
- मोबाइल फोन और वेब के जरिए इस पोर्टल तक पहुंचा जा सकेगा और युवा ‘पंजाब दा करोड़पति’ ऐप/पोर्टल के जरिए पंजीकरण करवा सकते हैं, जो गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है।
- प्रतियोगिता में कुल 11 दौर होंगे।
- पहले 9 दौर ऑनलाइन करवाए जाएंगे।
- दसवां दौर पंजाब के सभी 23 जिलों में ऑफलाइन तरीके से करवाया जाएगा। इसमें प्रतिभागी खुद आकर हिस्सा लेंगे।
- 11वां दौर ‘ग्रैंड फिनाले’ होगा।
यह होगा प्रश्नों का स्वरूप
- सीएम भगवंत मान ने बताया कि प्रश्न बैंक में लगभग 50,000 प्रश्न शामिल होंगे।
- इसके सिलेबस में पंजाब का इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, जनरल नॉलेज, करंट अफेयर्स, एप्टीट्यूड और शासन प्रबंध से संबंधित सवाल शामिल होंगे, जिनमें सरकारी पहल, उपलब्धियां और विकास कार्य भी शामिल हैं।
- प्रश्न कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसे पदों पर भर्ती के लिए ली जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न के अनुसार ही होंगे।
- यह पहल युवाओं को उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करने में मदद करेगी।
प्रतियोगिता 15 से 30 साल के युवाओं के लिए
यह मुकाबला 15 से 30 साल की उम्र के पंजाब के सभी 23 जिलों के नौजवानों के लिए खुला है और यह एक डिजिटल क्विज प्लेटफॉर्म के माध्यम से करवाया जाएगा। मुकाबले के विभिन्न चरणों के दौरान नौजवानों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रतियोगियों के पास डिजिटल सर्टिफिकेट और अन्य इनाम जीतने के मौके भी होंगे।
रजिस्ट्रेशन 14 से 28 नवंबर तक
- प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन 14 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगा।
- मुकाबले में कुल 11 राउंड होंगे, जिनमें से पहले नौ राउंड डिजिटल तरीके से करवाए जाएंगे।
- दसवें राउंड में जिला स्तरीय मुकाबले होंगे और 11वां राउंड ग्रैंड फिनाले होगा।
- डिजिटल क्विज राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर को तथा उसके बाद 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को करवाए जाएंगे।
- जिला स्तरीय मुकाबले 9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में करवाए जाएंगे। यह प्रतियोगियों को ग्रैंड फिनाले की दौड़ में अपने-अपने जिलों की नुमाइंदगी करने का मौका प्रदान करेंगे।
प्रतियोगियों के लिए ‘मॉक क्विज’ भी होगी
प्रतियोगियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और इसकी कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए ‘मॉक क्विज’ की व्यवस्था भी की गई है। इससे प्रतियोगियों को एप/पोर्टल को समझने, क्विज के स्वरूप का अनुभव करने और असल मुकाबले के राउंड शुरू होने से पहले खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी।
यह समाचार भी पढ़िये: दुष्यंत चौटाला ने कहा- हरियाणा में धान खरीद में हुआ 1500 से 2000 करोड़ रुपये का घपला
17 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले
- इस मुकाबले की समाप्ति 17 दिसंबर को प्रदेशस्तरीय ग्रैंड फिनाले के साथ होगी।
- इसमें पंजाब भर के 23 जिला स्तरीय विजेता हिस्सा लेंगे और विजेता रहने वाला प्रतियोगी 1 करोड़ रुपए का प्रतिष्ठित नकद इनाम अपने घर ले जाएगा।
- प्रतियोगी अन्य आकर्षक नकद इनामों के लिए भी मुकाबला करेंगे। इनमें चार उप-विजेताओं के लिए 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड पर जगह बनाने वाले आठ प्रतियोगियों के लिए 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे।
- यह फिनाले किसी उपयुक्त स्टेडियम या बड़े स्थान पर करवाने की योजना है, जिसमें इनाम वितरण समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नौजवानों के मनोरंजन के कार्यक्रम और प्रमुख पंजाबी कलाकारों व हस्तियों की शिरकत होगी।
- प्रदेश की नौजवान प्रतिभा के इस उत्सव को पंजाब और इससे बाहर बैठे दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इस आयोजन का टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्मों के माध्यम से सीधा प्रसारण (लाइव-स्ट्रीमिंग) भी किया जा सकता है।
‘पंजाब का करोड़पति’ के लिए कैसे करें रजिस्ट्रेशन और कैसे हिस्सा लें
पंजाब सरकार ने ‘पंजाब का करोड़पति’ क्विज मुकाबले के लिए रजिस्ट्रेशन को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसान बनाया है। युवा चार-चरणें की सरल प्रक्रिया से रजिस्ट्रेशन करवाने के साथ इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
चरण 1: पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें
- ‘पंजाब दा करोड़पति’ के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं या इसकी एप डाउनलोड करें।
- अपने मोबाइल नंबर का उपयोग करके रजिस्टर करें।
- ओटीपी के माध्यम से अपने मोबाइल नंबर की पुष्टि करें।
- पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।
- यदि आप वर्तमान समय में पढ़ाई कर रहे हैं तो अपने स्कूल या कॉलेज के विवरण दर्ज करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरी करने के लिए अपने जिले का चयन करें।
चरण 2: ऑनलाइन राउंड्स में हिस्सा लें
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ओटीपी का उपयोग करके लॉग-इन करें।
- ऑनलाइन क्विज राउंड्स में हिस्सा लें।
- प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे, जिनमें से एक सही जवाब होगा।
- प्रतियोगियों को प्रत्येक सवाल का जवाब देने के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा।
- यदि निर्धारित समय खत्म हो जाता है तो अगला सवाल अपने-आप स्क्रीन पर आ जाएगा।
- इसमें क्विज को बीच में रोकने की कोई सुविधा नहीं है, इसलिए प्रतियोगियों को पूरे राउंड के दौरान ध्यान केंद्रित रखना होगा।
चरण 3: रैंकिंग में आगे बढ़ें
- प्रतियोगियों को रैंकिंग उनके प्रदर्शन के आधार पर दी जाएगी।
- सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले प्रतियोगी अगले राउंड्स के लिए क्वालीफाई करेंगे।
- कुल अंक जिलास्तरीय फाइनल और प्रदेश स्तरीय राउंड तक पहुंचने की संभावनाएं तय करेंगे।
चरण 4: ग्रैंड फिनाले का मुकाबला
- जिलास्तरीय फाइनलिस्टों को ग्रैंड फिनाले में ‘हॉट सीट’ हासिल करने का मौका मिलेगा।
- फाइनलिस्ट 1 करोड़ रुपये के शीर्ष इनाम के लिए मुकाबला करेंगे।
- ग्रैंड फिनाले प्रदेश स्तर पर करवाया जाएगा।
प्रतियोगियों की मुख्य बातें
- योग्यता: 15 से 30 साल की उम्र के पंजाब निवासी।
- रजिस्ट्रेशन: मोबाइल नंबर और ओटीपी का उपयोग करके आधिकारिक पोर्टल/एप के माध्यम से।
- सवालों का रूप: चार विकल्पों वाले बहु-विकल्पीय उत्तर वाले सवाल।
- समय सीमा: प्रति सवाल 20 सेकंड।
- मुकाबले का ढांचा: ऑनलाइन राउंड, जिला स्तरीय फाइनल और प्रदेश स्तरीय ग्रैंड फिनाले।
- शीर्ष इनाम: 1 करोड़ रुपये।
- पूरे मुकाबले के दौरान अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपने पास चालू रखें, क्योंकि ऑनलाइन राउंड्स में लॉग-इन करने और हिस्सा लेने के लिए इसकी जरूरत पड़ेगी।
