सटीक समाचार, मुंबई। JIO IPO Demand: कमजोर शेयर मार्केट के बावजूद जियो आईपीओ (JIO IPO) में रिकार्ड मांंग ने सभी विशेषज्ञों को भी चौंका दिया। जियो IPO में निवेशकों की करीब 7.40 लाख करोड़ रुपये की डिमांड रही। यह किसी आईपीओ को मिली सबसे अधिक बोलियां हैं। सार्वजनिक बोलियों का पिछला रिकार्ड 47 हजार करोड़ रुपये का था। जियो आईपीओ का अंतिम सब्सक्रिप्शन 22 गुना से अधिक रहा।
देश के अब तक सबसे बड़े आईपीओ में आए 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन आए
बड़े संस्थागत निवेशकों का जबरदस्त भरोसा, रिटेल निवेशकों का उत्साह और शेयरहोल्डर्स व कर्मचारियों की भागीदारी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तक पहुंचा दिया। 30,213 करोड़ रुपये के देश के सबसे बड़े IPO में 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए और अंतिम सब्सक्रिप्शन 22 गुना के पार पहुंच गया।
वैश्विक अनिश्चितता से शेयर बाजार की स्थिति कमजोर
जियो ने IPO बाजार में ये कीर्तिमान ऐसे समय में कायम किए, जब शेयर बाजार पर दबाव बना हुआ था। विदेशी निवेशकों की बिकवाली, महंगे कच्चे तेल और वैश्विक अनिश्चितता ने बाजार का माहौल कमजोर कर रखा था। ऐसे में जियो के IPO को मिली मांग बाजार विशेषज्ञों की उम्मीदों से भी आगे निकल गई। साथ ही सार्वजनिक बोलियों की रकम के मामले में पिछला रिकॉर्ड भी टूट गया।
यह समाचार भी पढ़िये: Shard Purnima 2026: शरद पूर्णिमा रविवार को, गजकेसरी योग सहित बनेंगे कई शुभ संंयाेग
अक्टूबर 2025 में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (LG Electronics India) के आईपीओ (IPO) की सार्वजनिक बिडिंग में करीब 4.43 लाख करोड़ रुपये की बोलियां आई थीं। जियो की गैर-एंकर बिडिंग में यह आंकड़ा करीब 4.90 लाख करोड़ रुपये रहा, यानी पिछले बेंचमार्क से लगभग 47 हजार करोड़ रुपये या 11 फीसदी ज्यादा। इसके अलावा जियो के एंकर निवेशकों से भी करीब रुपये 2.50 लाख करोड़ की मांग आई थी।
बड़े संस्थागत निवेशकों की मांग उम्मीद से अधिक रहा
खासकर बड़े संस्थागत निवेशकों की मांग उम्मीद से कहीं आगे निकल गई। QIB कैटेगरी में करीब ₹3.87 लाख करोड़ की बोलियां आईं और यह 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई। इस कैटेगरी का कोटा शुरुआती 10 मिनट में ही भर गया था।
पूरा जियो आईपीओ महज 100 मिनटहो गया था पूरा सब्सक्राइब
वहीं, पूरा जियो IPO पहले ही दिन 21 अक्टूबर को महज 100 मिनट में सब्सक्राइब हो गया था। एंकर निवेशकों में वैश्विक फंडों, बीमा कंपनियों और घरेलू म्यूचुअल फंडों की दिलचस्पी भी रही। शुरुआती रफ्तार अंतिम दिन तक बनी रही और संस्थागत मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
बड़े संस्थानों के साथ आम निवेशकों की भी रही रिकार्ड भागीदारी
बड़े संस्थानों के साथ आम निवेशकों ने भी जियो IPO में रिकॉर्ड भागीदारी की। रिटेल कैटेगरी में ही एक करोड़ से ज्यादा आवेदन आने का रिकॉर्ड बना। रिलायंस के मौजूदा शेयरहोल्डर्स की कैटेगरी में 21 लाख से ज्यादा और कर्मचारी कैटेगरी में दो लाख से अधिक आवेदन आए।
रिटेल कोटा 2.72 गुना, शेयरहोल्डर कोटा 7.60 गुना और कर्मचारी कोटा 2.93 गुना सब्सक्राइब हुआ। दुनिया में पहली बार किसी IPO को कुल एक करोड़ से ज्यादा आवेदन मिलने का कीर्तिमान भी जियो के नाम रहा।
जियो आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू था
भारत के सबसे बड़े IPO की एक खासियत यह भी रही कि यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू था। यानी मौजूदा शेयरधारकों ने इसके जरिए अपनी हिस्सेदारी नहीं बेची। सब्सक्रिप्शन की रफ्तार भी असाधारण रही। पहले दिन यह 3.16 गुना, दूसरे दिन 5.57 गुना और तीसरे दिन 22.19 गुना तक पहुंच गया।
अब सोमवार को होगा अलॉटमेंट
एक के बाद एक कीर्तिमान बनाने के बाद अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट तय होगा और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग प्रस्तावित है।
जियो आईपीओ की खास बातें –
| जियो आईपीओ के लिए कुल 7.40 लाख करोड़ रुपये की रिकार्ड बोलियां आईं। |
| कुल 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन आए। |
| अंतिम सब्सक्रिप्शन 22 गुना को पार कर गया। |
| बड़े संस्थागत कैटेगरी (QIB) के निवेशकों ने लगाईं करीब 3.87 लाख करोड़ रुपये की बोलियां, कैटेगरी 10 मिनट में हो गई थी फुल। |
| दुनिया में पहली बार किसी IPO को 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन, जियो में कुल 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन। |
| 26 अक्टूबर को होगी शेयरों की अलाॅटमेंट। |
| जियो प्लेटफाफर्म्स की शेयर बाजार में प्रस्तावित लिस्टिंग 28 अक्टूबर को। |
