सटीक समाचार, मोहाली। Sher-E-Punjab T20 League New Update: यहां पीसीए (पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन) स्टेडियम में शेर-ए-पंजाब टी20 क्रिकेट लीग के पांचवें मैच में जालंधर वारियर्स की टीम ने शानदार जीत दर्ज की। जालंधर वारियर्स की टीम ने अमृतसर सूरमाज के विशाल स्कोर को महज दो विकेट के नुकसान पर पार कर लिया। मैच में अमृतसर के कप्तान अभिषेक के तूफानी 82 रन और नमन धीर के शतक पर जालंधर के कप्तान प्रभसिमरन सिंह की बल्लेबाजी भारी पड़ी।
टॉस जीतकर जालंधर वारियर्स ने पहले गेंदबाजी की
मैच में टॉस जालंधर के कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूरमास टीम की शुरूआत खराब रही और ओपनिंग बल्लेबाज सहज धवन महज दो रन बनाकर आउट हो गए।
दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहते रहे। अभिषेक और नमनधीर ने धुआंधार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की और गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
अभिषेक शर्मा ने 26 गेंद पर 82 रन और नमन धीर ने 56 गेंदों पर 117 रन बनाए
अभिषेक शर्मा ने सात छक्के और पांच चौके की मदद से सिर्फ 26 गेंदों पर 82 रन बनाए। नमन धीर ने 56 गेंदों पर 117 रन बनाए। नमन धीर ने अपनी इस पारी में 10 छक्के और सात चौके लगाए। अमृतसर ने निर्धारित 20 ओवरों में 264 रनों का पहाड़ किया। इस दौरान उसके पांच विकेट गिरे थे।
प्रभसिमरन सिंह ने 47 गेंद पर नाबाद 125 रन बनाए
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी जालंधर वारियर्स की टीम ने शुरूआत से ही अमृतसर सूरमाज के गेंदबाजों पर धावा सा बोल दिया। प्रभसिमरन सिंह और विश्वनाथ सिंह की ओपनिंग जोड़ी के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई। विश्वनाथ सिंह ने 12 गेंदों पर 31 रन बनाए। इसके बाद प्रभसिमरन और हरजंंस सिंह ने तेजतर्रार बल्लेबाजी जारी रखी। यह साझेदारी हरजंस के 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट होने पर टूटी।
यह समाचार भी पढ़िये : Sher E Punjab T20 New Update: शेर ए पंजाब T20 क्रिकेट लीग के पहले मैच में रनों की बारिश, 258 रन बनाकर भी हार गए अमृतसर सूरमाज, मोहाली किंग्स की जीत
इसके बाद प्रभसिमरन ने तेज बल्लेबाजी जारी रखते हुए आठ विकेट से जालंधर वारियर्स को शानदार जीत दिला दी। प्रभसिमरन ने महज 47 गेंदों पर नाबाद 125 रन बनाए। अनमोल मल्होत्रा ने 23 गेंदों पर 53 रन बनाकर अपने कप्तान का अच्छा साथ दिया। जालंधर वारियर्स की टीम ने 17वें ओवर में ही मैच जीत लिया। जालंधर वारियर्स ने 16.5 ओवर में दो विकेट खोकर 265 रन बनाए।
संक्षिप्त स्कोर मैच नंंबर पांच-
- अमृतसर सूरमास – 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 264 रन ।
- जालंधर वारियर्स – 16.5 ओवर में दो विकेट खोकर 265 रन।
लीग में अब तक खेले गए मैचों के परिणाम एक नजर में –
- मैच नंबर चार (1 सितंबर) : लुधियाना लायन्स ने बठिंडा रॉयल्स की टीम को तीन विकेट से हरा दिया। स्काेर – बठिंडा रॉयल्स 19 ओवर में 165 रनों पर ऑल आउट। लुधियाना लायन्स 18.4 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 169 रन।
- मैच नंबर तीन (31 अगस्त): बठिंडा रॉयल्स की टीम ने मोहाली किंग्स को सात विकेट से हरा दिया। स्काेर- मोहाली किंग्स 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 176 रन। बठिंडा रॉयल्स 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 181 रन।
- मैच नंबर दो (31 अगस्त) : फाजिल्का फॉल्कॉन्स ने जालंधर वारियर्स की टीम को आठ विकेट से मात दे दी। स्कोर – जालंधर वारियर्स 19.4 ओवर में 187 रन पर ऑलआउट। फाजिल्का फॉल्कन्स 17.4 ओवर में 192 रन।
- मैच नंबर एक (30 अगस्त): प्रतियोगिता के पहले मैच में मोहाली किंग्स ने अमृतसर सूरमास को पांच विकेट से हरा दिया था। स्कोर- अमृतसर सूरमास ने 19.5 ओवर में 258 रन बनाए। मोहाली किंग्स ने 19.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 262 रन बनाए।
