Haryana Assembly New Update: कांग्रेस विधायक फिर प्रदर्शन करते हुए विधानसभा तक पहुंचे, हुड्डा ने कहा- पुलिस ने फिर रोकने की कोशिश की

हरियाणा के कांग्रेस विधायक पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्‍व में प्रदर्शन करते हुए हरियाणा विधानसभा पहुंचे। इस दौरान रास्‍ते में पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास भी किया। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
हरियाणा के कांग्रेस विधायक पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्‍व में प्रदर्शन करते हुए हरियाणा विधानसभा पहुंचे। इस दौरान रास्‍ते में पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास भी किया। (फोटो सौजन्‍य हरियाणा कांग्रेस)
Published: 31 Aug, 2026 at 07:17 PM

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Haryana Assembly New Update: हरियाणा विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भी कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्‍व में कांग्रेस विधायक नारेबाजी और मार्च करते हुए विधानसभा तक पहुंचे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस बार फिर पुलिस ने कांग्रेस विधायकों को रोकने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक नारे लिखे प्‍ले बोर्ड लहरा रहे थे

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने कर्मचारियों के तमाम मुद्दों को उठाते हुए प्लेकार्ड लहराए। उन्‍होंने सफाई कर्मियों की मांगें मानने, कौशल निगम कर्मियों को पक्का करने, कौशल निगम को बंद करने, युवाओं का शोषण बंद हो जैसे नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं। उनके हाथों में समान काम समान वेतन ,गेस्ट टीचर्स को पक्का करने, बिजली कर्मियों की मांगों को मानने, फायर ब्रिगेड कर्मियों की मांग, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने, एचपीएससी चेयरमैन को हटाने और बाहरियों को नौकरी में प्राथमिकता बंद करने व नौकरियों में पारदर्शिता की मांग वाले पोस्‍टर भी थे।

हुड्डा के नेतृत्व में तमाम विधायक सरकार-विरोधी नारेबाजी करते हुए विधानसभा तक पहुंचे। हुड्डा ने कहा कि रास्‍ते में फिर पुलिस ने बैरिकेडिंग और भारी बल प्रयोग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने विधायकों के साथ धक्कामुक्की करने की भी कोशिश की।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Haryana Assembly New Update : कांग्रेस विधायक व पुलिस में धक्‍कामुक्‍की का मामला गर्माया, हुड्डा के नेतृत्‍व में राज्‍यपाल से मिले MLAs

हुड्डा ने कहा, सरकार का रवैया न‍िंंदनीय

हुड्डा ने कहा कि सरकार का यह रवैया निंदनीय है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना न सिर्फ उनका अधिकार है, बल्कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के मुद्दों को उठाना उनकी जिम्मेदारी भी है। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आई है और वह जनहित के मुद्दों को पूरी तरह दबाना चाहती है।

हुड्डा ने कहा कि सरकार याद रखे कि कांग्रेस वह संगठन है, जो न किसी से डरता है और न कभी हार मानता है। जनहित के मुद्दों को पार्टी के विधायक, तमाम नेता और कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर तरीके से उठाते रहेंगे। कर्मचारियों के साथ कांग्रेस कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनकी तमाम मांगों का समर्थन करती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *