सटीक समाचार, नई दिल्ली। JIO %G Network New Update: रिलायंस जियो ने ब्रॉड बैंड के क्षेत्र में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। ब्रॉडबैंड में रिलायंस जियो की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से भी अधिक हो गई है। जियो 5जी नेटवर्क में सबसे आगे है और बाजार में उसके 92.7 लाख ग्राहक हो गए हैं।
हाईस्पीड इंटरनेट बाजार में रिलायंस जियो की पकड़ जुलाई में और मजबूत हुई। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण यानी ट्राई (TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 5G आधारित वायरलेस ब्रॉडबैंड में जियो के ग्राहक बढ़कर 92.7 लाख हो गए हैं। देश में इस सेवा के कुल 1.32 करोड़ ग्राहकों में जियो की हिस्सेदारी 70 फीसदी से भी अधिक हो गई है।
होम ब्रॉडबैंंड में पकड़ मजबूत हुई
वायर वाले यानी फिक्स्ड वायरलाइन ब्रॉडबैंड में भी जियो पहले स्थान पर बना हुआ है। जुलाई के अंत तक इस बाजार में जियो के 1.47 करोड़ ग्राहक थे, जबकि एयरटेल के करीब 34 लाख कम, यानी 1.13 करोड़ ग्राहक थे।
5G वायरलेस ब्रॉडबैंड ऐसे इलाकों में भी घर तक तेज इंटरनेट पहुंचाने की क्षमता रखता है, जहां फाइबर बिछाना मुश्किल हो या उसमें ज्यादा समय लगे। जुलाई में जियो ने 5G वायरलेस में करीब 1.56 लाख नए कनेक्शन जोड़े और उसका ग्राहक आधार 91.14 लाख से बढ़कर 92.70 लाख हो गया।
जियो का कुल फिक्स्ड वायरलेस ग्राहक आधार 1.44 करोड़ हुआ
जियो UBR नाम की एक दूसरी फिक्स्ड वायरलेस तकनीक का भी इस्तेमाल करता है। जुलाई के अंत तक इस तकनीक पर जियो के 51.38 लाख कनेक्शन थे। दोनों को मिलाकर जियो का कुल फिक्स्ड वायरलेस ग्राहक आधार करीब 1.44 करोड़ हो गया।
मोबाइल बाजार में भी जियो सबसे बड़ा ऑपरेटर
मोबाइल बाजार में भी जियो सबसे बड़ा ऑपरेटर बना रहा। जुलाई के अंत तक उसके कुल मोबाइल कनेक्शन 50.6 करोड़ से ज्यादा थे। ट्राई के मुताबिक मोबाइल बाजार में जियो की हिस्सेदारी 39.29 फीसदी और एयरटेल की 38.01 फीसदी रही।
कुल मिलाकर जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि जियो की बढ़त अब केवल मोबाइल तक सीमित नहीं है। फिक्स्ड वायरलाइन और 5G वायरलेस, होम ब्रॉडबैंड के दोनों मोर्चों पर वह पहले स्थान पर बना हुआ है।

