New Heat In Punjab Politics: पंजाब की राजनीति में वार-पलटवार तेज, सुखबीर बोले- आप और भगवंत मान पूरे राज्‍य काे लूटने में लगे

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मलोट में रैली को संबोधित किया। सुखबीर को सम्‍मानित करते पार्टी के नेता। (फोटो - शिअद एक्‍स हैंडल)
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मलोट में रैली को संबोधित किया। सुखबीर को सम्‍मानित करते पार्टी के नेता। (फोटो - शिअद एक्‍स हैंडल)
Published: 27 Aug, 2026 at 03:43 AM

सटीक समाचार, चंडीगढ़। New Heat In Punjab Politics: पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच वार – पलटवार तेज हो गया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने भगवंंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि आप सरकार और भगवंत मान पंजाब को लूटने में लगे हुए हैं।

मलोट में Save Panjab रैली में आप सरकार पर किए हमले

सुखबीर बादल ने मलोट में शिरोमणि अकाली दल की ‘सेव पंजाब रैली’ (Save Punjab Rally) को संबोधित किया। पिछले दिनों महाराष्‍ट्र के नांदेड़ साहिब में हमले के बाद उनकी यह पहली जनसभा थी। उन्‍होंने रैली में आम आदमी सरकार पर जमकर हमले किए।

बता दें कि सीएम भगवंत मान ने अमृतसर के चविंडा देवी में आयोजित सभा में कहा था कि अकाली दल और उसका नेतृत्‍व पंंजाब को फिर लूटने के लिए भाजपा से गठबंधन की कोशिश में लगा हुआ है।

सुखबीर बादल ने कहा कि आप सरकार, भगवंत मान और उनका परिवार पंजाब को लूटने में लगा है। पंजाब के लोग इस ‘लूट’ सरकार की असलियत को जानते हैं। ये आगे पंजाब में नजर नहीं आएंगे और लोग इनको बाहर का रास्‍ता दिखा देंगे।

कहा- पिछले पांच साल में पंजाब बर्बाद हो गया

उन्‍होंने कहा कि पिछले पांंच साल में पंजाब बर्बाद हो गया है और अब इसे बचाना हमारी जिम्‍मेदारी है। अब उन्‍हें पंजाब को बर्बाद नहीं करने देंगे। इसके बाद ये लोग (आप नेता) गुरुद्वारों को लूटेंगे। इनको (आम आदमी पार्टी) पंजाब की कोई परवाह नहीं है। वे बस शिरोमणि अकाली दल को समाप्‍त करना चाहते हैं। पंजाब का कल्‍याण उनका मकसद नहीं है और वे बाहरी लोगों के इशारों पर काम करते हैं।

सुखबीर बादल ने कहा , मैं पिछले दो वर्षों में दो जानलेवा हमलों में बचा। ये हमले बादल परिवार को पंजाब की राजनीति से हटाने की बड़ी सियासी साजिश का हिस्‍सा थे। लेकिन, मुझ पर वाहे गुरु की कृपा है कि मैं बच गया।

सुखबीर ने कहा, ‘ ये बांटने वाली ताकतें दावा करती हैं कि लोग बादल परिवार से नाराज हैं। आखिर यह नाराजगी किस बात को लेकर है? इसलिए कि हम सांप्रदायिक अशांति नहीं होने देते हैं, या इसलिए कि हम धर्म‍निरपेक्षता और शांति को बढ़ावा देते हैं? असल में यही तो उनकी मुख्‍य दिक्‍कत है।

सुखबीर ने अमृतपाल पर भी साधा निशाना

सुखबीर सिंह बादल ने अमृतपाल पर भी निशाना साधा। उन्‍होंने कहा, ‘अमृतपाल वर्ष 2022 में दुबई से भारत आया था। उसके बाल कटे हुए थे और वह क्‍लीन सेव (बिना दाढ़ी-मूंछ के) था। किसी को पता नहीं था कि वह कहां से आया और यहां कैसे पहुंचा। पंजाब आने के बाद दावा करने लगा कि वह ‘वारिस पंजाब दे’ है। उसने दावा किया कि पंजाब से नशा खत्‍म कर देगा, लेकिन अपने भाई को ही ड्रग्‍स की लत से नहीं बचा पाया।’

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Video – Punjab Politics New Update: भगवंत मान का शिअद पर हमला, बाेले- अकाली पंजाब को फिर लूटने के लिए भाजपा से गठजोड़ की कोशिश में

सुखबीर ने कहा, उसका (अमृतपाल) परिवार वर्ष 1984 तक कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। तब पंथ के लिए उसका प्‍यार कहां था, जब कांग्रेस ने टैंकों से श्री दरबार साहिब पर हमला किया। हजारों सिखों का कत्‍लेआम हुआ तो उसने और उसके परिवार ने विरोध क्‍यो नहीं किया ? उन्‍होंने कहा कि अकाली दल के नेताओं ने तो कभी अपनी रिहाई की भीख नहीं मांगी। लेकिन, उन्‍हें (वारिस) देखिए, बस अपने नेता की रिहाई चाहते हैं। सरदार प्रकाश सिंह बादल तो 16 साल जेल में रहे।

उन्‍होंने रैली को कामयाब बताया और कहा कि शिरोमणि अकाली दल प्रति लोगों का भरोसा ही विरोधियों को खटकता है। दुश्‍मन मुझ पर चाहे जितने भी हमले करता रहे, हम पंजाब में अशांति और अराजकता पैदा करने का प्रयास करने वालों को कभी सफल नहीं होने देंगे। रैली से पहले शिअद का रोड शो भी हुआ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *