Sugar New Update: पंजाब में चीनी की जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई, सीएम ने कहा- लोग घबराएं नहीं, पर्याप्‍त स्‍टॉक मौजूद

Sugar New Update: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि राज्‍य में चीनी का पर्याप्‍त स्‍टॉक मौजूद है। (फाइल फोटो साेशल मीडिया)
Sugar New Update: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि राज्‍य में चीनी का पर्याप्‍त स्‍टॉक मौजूद है। (फाइल फोटो साेशल मीडिया)
Published: 25 Aug, 2026 at 10:49 PM

सटीक समाचार, चंडीगढ़। Sugar New Update: पंजाब में चीनी की जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास करना भारी पड़ेगा। राज्‍य सरकार ने कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में चीनी की कोई कमी नहीं है। पंजाब सरकार आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए चीनी के भंडारण, बिक्री और आपूर्ति पर लगातार नजर रख रही है। लोग घबराहट या गलतफहमी में न आएं। राज्‍य में चीनी का पर्याप्‍त स्‍टॉक मौजूद है।

सीएम भगवंत मान ने वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक की

मुख्‍यमंत्री ने इस संबंध में वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्‍होंंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस आवश्यक वस्तु की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कृत्रिम कमी पैदा करने या जमाखोरी करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों से कहा- सुनिश्चित करें कि चीनी का स्‍टॉक बना रहे

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के पास पहले से ही चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर समय आवश्यक स्टॉक बना रहे। चीनी हर घर के लिए आवश्यक वस्तु है और इसकी उपलब्धता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कृत्रिम कमी पैदा करने या जमाखोरी करने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा।

लोगों में किसी तर‍ह की घबराहट न फैले

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को चीनी की उपलब्धता को लेकर लोगों में किसी भी तरह की घबराहट या गलतफहमी को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। खराब मौसम के कारण वर्ष 2025-26 के दौरान पंजाब सहित पूरे देश में गन्ने के उत्पादन में गिरावट आई थी। कम पैदावार के बावजूद पंजाब के पास चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और राज्य में कोई चिंता की स्थिति नहीं है।

चीनी मिलों के स्‍टॉक का भी मौके पर सत्‍यापन होगा

मुख्यमंत्री मान ने अधिकारियों को चीनी मिलों के पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक का मौके पर सत्यापन सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने फूड स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर पंजीकरण और साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के साथ-साथ चीनी की स्टॉक होल्डिंग लिमिट को भी सख्ती से लागू करने को कहा।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : US New Action: ट्रप हैं कि मानते नहीं, H-1B फीस वृद्धि के प्रस्‍ताव के बाद अब दो लाख वीजा कैंस‍िल करने की तैयारी, नियम भी बदलेंगे

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चीनी के थोक उपभोक्ताओं पर स्टॉक होल्डिंग लिमिट को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। पंजाब सरकार व्यापक जनहित में चीनी की बिक्री, स्टॉक और आपूर्ति पर कड़ी नजर बनाए रखेगी। पंजाब में चीनी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

बैठक में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, सहकारिता विभाग के सचिव अजीत बालाजी जोशी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये: Punjab Salary Increase New Update : पंजाब में आदर्श स्‍कूलों के शिक्षकों के वेतन में 120% की वृद्धि, अब इतनी होगी सैलरी

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *