सटीक समाचार, पानीपत। Panipat New Update: केंद्रीय ऊर्जा तथा आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने यहां पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जाएगा। हर व्यक्ति को मानसून सीजन में कम से कम 15 पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
मनोहर लाल 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए
वह सोमवार को ऑफिसर कॉलोनी में वन मंडल एवं जिला प्रशासन की ओर से आयोजित 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और पौधारोपण किया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का बुके देकर अभिनंदन किया तथा पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के साथ-साथ समस्त जीव-जंतुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। मनुष्य ही नहीं, अन्य प्राणी भी ऑक्सीजन लेते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं। इसलिए पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन का पानीपत में एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि जिला प्रशासन ने पानीपत में एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान जिले के पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने ऑक्सीजन के महत्व को बेहद करीब से महसूस किया। उस समय ऑक्सीजन की आवश्यकता और उपलब्धता को लेकर गंभीर परिस्थितियां सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पानीपत और हिसार में ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किए गए।
युवा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं
मनोहर लाल ने कहा कि युवा शक्ति पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल का जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया।
यह समाचार भी पढ़िये: JIO Prime Plan New Update: जियो ने शुरू की 300 रुपये में प्राइम मेंबरशिप, 600 का कैशबैक, एक साल तक अभी की दर पर रिचार्ज कर सकेंगे अपना मोबाइल प्लान
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई इस मुहिम को आगे ले जाया जाएगा। पानीपत को हरा-भरा और पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर जिला बनाने के लिए प्रशासन ने एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान की शुरुआत वन महोत्सव के अवसर पर कर दी गई है और पूरे मानसून सीजन में जिलेभर में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज, एसपी भूपेन्द्र सिंह, एसडीएम मनदीप कुमार, डीसीएफ पाटिल दीपक प्रभाकर, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, पौधारोपण अभियान के संयोजक एडवोकेट संदीप जिंदल, विभू पॉलिवाल, हेमा रमन, मुकेश कुमार, सुमित मित्तल, जगदीश धमिजा, तुषार चावला, धनंंंजयय सिंगला सहित विभिन्न स्कूलों के स्काउट एवं एनसीसी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

