Kargil Vijay Divas 2026: वार मेमोरियल पर वीरों को श्रद्धांजलि, भगवंत मान बोले- सरकार शहीदों के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है

कारगिल विजय दिवस पर वार मोमोरियल पर शहीद जवानों को सैल्‍यूट करते पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान। (सौजन्‍य- पंजाब डीपीआर)
कारगिल विजय दिवस पर वार मोमोरियल पर शहीद जवानों को सैल्‍यूट करते पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान। (सौजन्‍य- पंजाब डीपीआर)

सटीक समाचार, चंडीगढ़। कारगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Divas) पर वार मेमोरियल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदाें को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों के परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्‍मानित किया गया। भगवंत मान ने कहा कि सरकार शहीद जवानों के परिवारों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

वार मेमोरियल पर पुष्‍पांजलि अर्पित, लास्‍ट पोस्‍ट धुन बजाई गई

मुख्यमंत्री ने वार मेमोरियल पर पुष्पमाला अर्पित कर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जवानों के सम्मान में ‘लास्ट पोस्ट’ की धुन बजाई गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया। मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों और शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर देश के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं और अटूट समर्पण की सराहना की। इसके उपरांत उन्होंने पीएपी ग्रुप कमांडर डीएसपी दविंदर सिंह सैणी के नेतृत्व में पीएपी बैंड द्वारा प्रस्तुत भव्य गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी भी ली।

सीएम भगवंत मान ने पूर्व दोपहिया वाहन दिए

भगवंत मान ने दिव्यांग पूर्व सैनिकों को पांच दोपहिया वाहन वितरित किए। उन्‍होंने एनसीसी कैडेटों के साथ-साथ महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेटों को सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

भगवंत मान ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए शहीद जवानों के परिवारों तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता है। जवानों की अद्वितीय वीरता, साहस और अतुलनीय सेवा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

कार‍गिल युद्ध में पंजाब के 65 जवान हुए बलिदान

भगवंत मान ने अपने एक्‍स पेज पर पोस्‍ट में लिखा, 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 527 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। इनमें पंजाब के 65 वीर सपूत भी शामिल थे। उनका बलिदान प्रत्येक पंजाबी को गर्व से भर देता है।”

शहीद जवान एक परिवार के नहीं, बल्कि पूरे देश की सबसे बड़ी धरोहर

उन्होंने कहा ,’ शहीद जवान केवल एक परिवार के नहीं होते, वे पूरे देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। आज हम जिस स्वतंत्रता और सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उनकी शहादत को स्मरण करना और उनकी महान विरासत का सम्मान करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

उनकी अद्वितीय शहादत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी

भगवंत मान ने वार मेमोरियल पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, हमारे वीर सैनिकों का अद्वितीय बलिदान नई पीढ़ियों को देशभक्ति समर्पण और निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। पंजाब का इतिहास अनगिनत बलिदानों से लिखा गया है।

यह समाचार भी पढ़ि‍ये : Punjab In Modi Cabinet: मोदी मंत्रिमंडल में पंजाब से कोई मंत्री नहीं, राघव चढ्ढ़ा सहित तीन नाम चर्चा में, बिट्टू को मिलेगी यह नई भूमिका

भगवंत सिंह मान ने कहा कि चाहे कारगिल की बर्फीली चोटियां हों या जैसलमेर का तपता रेगिस्तान, हमारे बहादुर सैनिक देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर समय डटे रहते हैं। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध को याद करना प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देता है। उस कठिन समय में पूरा देश अद्वितीय देशभक्ति की भावना के साथ एकजुट होकर खड़ा था।

सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सरकार प्रतिबद्ध

उन्‍होंने सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्‍होंने कहा कि पंजाब सरकार ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले प्रत्येक सैनिक के परिवार को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। यह हमारी सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों और महिला सैनिकों की अमूल्य सेवाओं को सम्मान देने का एक विनम्र प्रयास है।

यह भी समाचार पढ़िए : Punjab Polls 2027: भगवंत मान का दावा- पंंजाब में 2027 में भी बनेगी AAP की सरकार, विपक्ष बिना दूल्‍हे की बरात
एनसीसी कैडेटों तथा महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेटों के साथ हुई बातचीत का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि सशस्त्र बलों के माध्यम से देश की सेवा करना सबसे महान कार्यों में से एक है। पंजाब सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत तथा सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    प्रातिक्रिया दे

    आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *