Illegal Colonies: प्‍लाॅट या घर खरीदने से पहले ठीक से कर लें पता, पानीपत में पांच अवैध कालोनियां ध्‍वस्‍त

Illegal Colonies: प्‍लाॅट या घर खरीदने से पहले   ठीक से कर लें पता, पानीपत में पांच अवैध कालोनियां ध्‍वस्‍त
Published: 26 Jun, 2026 at 12:38 AM

सटीक समाचार, पानीपत। आप किसी काॅलोनाइजर के माध्‍यम से प्‍लाट या घर खरीदने की तैयारी में हैं तो उसके और कालोनी के बारे में ठीक से पता कर लें कि वह अवैध तो नहीं है। पानीपत में अवैध काॅलोनाइजरों और अवैध कालोनियों (Illegal Colonies) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही पांच अवैध कालोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान करीब 25 डीपीसी, एक निर्माणाधीन ढांचे तथा कॉलोनियों में विकसित किए गए आंतरिक सड़क नेटवर्क को भी तोड़ दिया गया।

20 एकड़ क्षेत्र में फैली 20 अवैध कालोनियों व कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई

जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) की अगुवाई में चलाए गए विशेष अभियान के तहत राजस्व एस्टेट राकसेड़ा, डिकाडला, और समालखा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध विकास निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

बिना जांंच के अवैध कालोनियों में निवेश से होगा नुकसान

कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) ने आम नागरिकों से कहा है कि किसी भी प्लॉट, मकान या अन्य अचल संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता की विभागीय स्तर पर जांच अवश्य कर लें। बिना जांच-पड़ताल के अवैध कालोनियों में निवेश करने से आर्थिक नुकसान होगा। इसके साथ ही भविष्य में कई कानूनी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

अवैध कालोनियों में नहीं मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं

उन्होंने कहा कि अवैध कालोनियों में सरकार द्वारा सड़क, सीवरेज, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं। ऐसे में लोगों को केवल वैध और स्वीकृत परियोजनाओं में ही निवेश करना चाहिए। उन्‍होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कालोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।

बता दें कि पानीपत के साथ ही हरियाणा के अन्‍य जिलों में भी अवैध कॉलोनाइजरों द्वारा अवैध कालोनियां विकसित की जा रही हैं। इन कालोनियों में कार्रवाई होती रहती हैं और यहां प्‍लाट या मकान खरीदने वाले लोग भटकने को मजबूर हो जाते हैं। सरकार के स्‍तर पर तमाम जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग अवैध काॅलोनाइजरों के झांसे में आ जाते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *