सटीक समाचार, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब में हर महिला (Punjab Women) को पेंशन मिलेगी। इसके लिए ‘मांंवा -धीयां सत्कार योजना’ शुरू हो रही है। राज्य की सभी महिलाओं के बैंक खातों में पहली जुलाई को तीन माह की पेंशन ट्रांसफर की जाएगी।इसके तहत अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4500 रुपये और अन्य श्रेणियों की महिलाओं को 3000 रुपये मिलेंगे।
अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4500 रुपये और अन्य के खातों में 3000 रुपये आएंगे
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक कार्यक्रम में कहा कि यह महिला आर्थिक सशक्तिकरण की ओर ऐतिहासिक कदम है। ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पहली जुलाई को महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की सम्मान राशि की पहली किस्त जमा कर दी जाएगी।
सीएम भगवंत मान ने कहा- पंजाब में जब तक आप सरकार रहेगी योजना जारी रहेगी
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए ‘आप’ सरकार (AAP Government) की प्रतिबद्धता दर्शाती है। पंजाब में जब तक आम आदमी पार्टी की रहेगी यह सहायता बिना किसी रुकावट जारी रहेगी।
अनुसूचित जाति की महिलाओं को हर माह 1500 रुपये और सामान्य श्रेणी की महिलाओं को 1000 रुपये
उन्होंने कहा कि पहली जुलाई को 18 साल से अधिक उम्र की महिला लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर उनके खातों में वित्तीय सहायता जमा होने के नोटिफिकेशन प्राप्त होंगे। सामान्य श्रेणी से संबंधित महिलाओं को ₹1,000 प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह मिलेंगे। यह राशि बिना किसी मध्यस्थ के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो महिलाएं पहले से ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही हैं, वे भी इस योजना के पात्र होंगी। पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस पहल का लाभ मिलने की उम्मीद है। पंजाब सरकार ने इसके लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता महिलाओं को सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास देगी। महिलाएं सबसे अधिक सम्मान की हकदार हैं। घरेलू दर्जे को सुधारने, लिंग समानता को बढ़ावा देने और सामाजिक तथा आर्थिक फैसले लेने में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए उनको वित्तीय स्वायत्तता को मजबूत करना बहुत जरूरी है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं तो परिवार खुशहाल होते हैं और समाज आगे बढ़ता है।
एसआइआर में पंजाब में किसी सही मतदाता का नाम नहीं कटने देंगे
एसआइआर प्रक्रिया की चर्चा करते हुए भगवंत मान ने कहा ‘ इसमें पंजाब सरकार किसी भी असली मतदाता का नाम काटने नहीं देगी। मैं लोगों को सचेत करना चाहता हूं कि भाजपा वैध वोटों को काटने के लिए एसआइआर प्रक्रिया का दुरुपयोग करने की कोशिश कर सकती है। ऐसा चुनाव वाले अन्य राज्यों में हुआ है। हम पूरी तरह से सतर्क हैं और भगवा पार्टी के नापाक इरादों को सफल नहीं होने देंगे। पंजाब के हर असली मतदाता की रक्षा की जाएगी।’
सुखबीर बादल पर निशाना साधा
शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल पंजाब की जमीनी हकीकतों से कोसों दूर हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन ऐशो-आराम और सुविधाओं के वातावरण में बिताया है। वह पंजाब में सत्ता हासिल करने के लिए तो उतावले हैं, लेकिन उन्हें यहां मूलभूत भौगोलिक स्थिति तक की जानकारी नहीं है।
