सटीक समाचार, बंगलूरू।
Karnataka CM Resign: कर्नाटक में आखिरकार सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया है और डीके शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे। वह अभी सिद्धारमैया की सरकार में मंत्री हैं। मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच काफी अरसे से खींचतान चल रही थी। सिद्धारमैया ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर त्यागपत्र दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंपा है। राज्यपाल अभी बाहर हैं।
सिद्धारमैया दोपहर बाद करीब तीन बजे राजभवन पहुंचे और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप दिया। सिद्धरमैया ने कहा, राज्यपाल अभी यहां नहीं हैं और रात को लौटेंगे। इसी कारण मैंने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप दिया। राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभुशंकर ने कहा कि सिद्धारमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा मुझे मिल गया है। राज्यपाल लौटने के बाद ही इसे स्वीकार कर सकते हैं।
बता दें कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार में लंबे समय से खींचतान चल रही थी। सिद्धारमैया को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली बुलाया था। इस मुुलाकात में सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा सौंप दिया।
सिद्धारमैया ने कहा, कांग्रेस हाईकमान ने पहले ही इस्तीफा देने को कहा था और इसकी कारण मैंने आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। मुझे पूरा यकीन है कि राज्यपाल लौटेंगे तो इसे स्वीकार कर लेंगे। कांग्रेस के पास बहुमत है और उसका अगला मुख्यमंत्री बनेगा। मैं साेनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे का आभारी हूं कि मुझे मुख्यमंंत्री बनने का अवसर प्रदान किया।
इससे पहले सुबह सिद्धरमैया ने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ अपने आवास पर बैठक की। इस दौरान नाश्ते के समय उन्होंने मंत्रियों को अपना इस्तीफा देने के बारे में बताया। अब डीके शिवकुमार को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना जाएगा और इसके बाद वह राज्यपाल के समक्ष सरकार गठन का दावा पेश करेंगे। अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि शिवकुमार कब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

