Rajya Sabha Election 2026 : हुड्डा बोले – राज्‍यसभा चुनाव में निर्वाचन अधिकारी ने की धांधली, कांग्रेस EC में करेगी शिकायत

Rajya Sabha Election 2026 : हुड्डा बोले – राज्‍यसभा चुनाव में निर्वाचन अधिकारी ने की धांधली, कांग्रेस EC में करेगी शिकायत
Last Updated: 28 Mar, 2026 at 12:40 AM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, चंडीगढ़।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में राज्‍यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव को लेकर निर्वाचन अधिकारी पर धांधली के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही उन्‍होंने इंडियन नेशनल लोकदल (Indian National Lok dal) पर भी निशाना साधा है। हुड्डा ने कहा ककि राज्यसभा चुनाव में धांधली करने वाले निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ कांग्रेस चुनाव आयोग में शिकायत करेगी। निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा के साथ मिलकर साजिश रची और कांग्रेस के चार वोट रद्द कर दिए। चुनाव आयोग इस मामले में तुरंंत कार्रवाई करे।

बता दें कि हरियाणा में राज्‍यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव हुआ था। इसमें भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के उम्‍मीदबार करबीर सिंह बौद्ध विजयी रहे थे। निर्दलीय प्रत्‍याशी सतीश नांंदल को होर मिली थी। मतों की गिनती के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने पांच वोट रद्द कर दिए थे।

बोले, इनेलो कभी भाजपा के खिलाफ नहीं जा सकता

हुड्डा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में राज्‍यसभा चुनाव पर अपनी बात रखी। हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में एक बार फिर साफ हो गया है कि इनेलो (INLD) कभी भी भाजपा (BJP) के खिलाफ नहीं जा सकता। इस बार इनेलो ने वोट इसलिए नहीं किया क्योंकि उसे पता चल चुका था कि कांग्रेस की जीत निश्चित है। वोट रद्द होने और क्रॉस वोटिंग के बावजूद कांग्रेस के पास 28 वोट थे, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को सिर्फ 16 वोट मिले। इनेलो निर्दलीय के पक्ष में वोट भी डालता तो भी कांग्रेस की जीत पक्की थी।

गैस और पेट्रोल-डीजल संकट के लिए सरकार पर किया हमला

हुड्डा ने देश में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल को लेकर पैदा स्थिति के लिए सरकार पर हमला किया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कई वर्ष तक जनता से पेट्रोल-डीजल पर कांग्रेस शासन के मुकाबले डबल टैक्स वसूला। अब एक्साइज ड्यूटी भी इस तरह घटाई जा रही है कि उससे आम जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, उल्‍टा ईंधन के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

उन्होंने नायरा कंपनी द्वारा पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाने और सिलेंडर की कालाबाजारी का भी मुद्दा उठाया। देशभर में गैस की किल्लत पर हुड्डा ने सवाल किया कि अगर सरकार कह रही है कि कोई कमी नहीं है, तो जगह-जगह लोगों की लंबी लाइनें क्यों लग रही हैं? उन्होंने हरियाणा में रसोई गैस की कमी के लिए भी भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्‍होंंंने कहा कि सरकार अभी तक स्थिति को लेकर स्पष्ट नहीं हो रही है।

हरियाणा देश में सबसे असुरक्षित राज्‍य

हुड्डा ने कानून व्यवस्था का भी मुद्दा उठाया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था का पूरी तरह दिवाला निकल चुका है। पूरे देश में हरियाणा सबसे असुरक्षित राज्य है और यह केंद्र सरकार का सामाजिक प्रगति सूचकांक बताता है।

IDFC बैंक और पंचकूला नगर निगम घोटाले की पूरी तरह जांच हो

उन्‍होंने IDFC बैंक में हुए 590 करोड़ रुपये और पंचकूला नगर निगम में 160 करोड़ के घोटाले का जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि अभी तक यह नहीं पता चला कि घोटाला किसके हस्ताक्षर से हुआ और कौन जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की कि मामले की पूरी जांच हो, दोषियों के नाम सामने आएं और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। हुड्डा ने न खरीद में हुए हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप भी लगाया। उन्‍होंने कहा कि इसमें बड़े पदों पर बैठे लोग शामिल हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर छोटे कर्मचारियों को फंसाने में लगी हुई है और असली दोषियों को बचाया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *