भाजपा ने मेयर पद के लिए नौ प्रत्‍याशियों के नाम किए जारी, करनाल से रेणुबाला और सोनीपत से राजीव जैन को टिकट

भाजपा ने मेयर पद के लिए नौ प्रत्‍याशियों के नाम किए जारी, करनाल से रेणुबाला और सोनीपत से राजीव जैन को टिकट
Last Updated: 26 Jun, 2025 at 02:09 PM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, चंडीगढ़।

हरियाणा में स्‍थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नौ नगर निगम के मेयर पद के लिए अपने प्रत्‍याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने मानेसर नगर निगम के मेयर पद के लिए अपने उम्‍मीदवार का नाम अभी घोषित नहीं किया है। पार्टी ने हिसार, रोहतक , पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, यमुनानगर, करनाल से मेयर पद के चुनाव के लिए प्रत्‍याशी के नाम जारी किए हैं। इसके साथ ही सोनीपत और अंबाला में मेयर पद के उपचुनाव के लिए उम्‍मीदवार के नाम घोषित किया है। पार्टी ने 19 नगर परिषद व पालिका के चेयरमैन पद के लिए उम्‍मीदवारों के नामों की सूची भी देर रात जारी कर दी। इसके साथ ही नगर निगम चुनाव के लिए पार्षद पद के लिए भी नाम जारी किए गए हैं।

मानेसर नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्‍याशी का नाम अभी घोषित नहीं

हिसार से मेयर पद के लिए भाजपा ने प्रवीन पोपली और पानीपत से कोमल सैनी को मेयर पद के लिए प्रत्‍याशी बनाने की घोषणा की है। सोनीपत से मनोहर लाल के मुख्‍यमंत्री रहने के दौरान उनके मीडिया सलाहकार रहे राजीव जैन को मेयर पद का प्रत्‍याशी बनाया है। वह पूर्व मंत्री कविता जैन के पति हैं।

राजीव जैन की पत्‍नी कविता जैन का विधानसभा चुनाव में कट गया था टिकट

बता दें कि कविता जैन का पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट काट दिया था। माना जा रहा है कि इसी कारण उनके पति राजीव जैन को भाजपा ने उम्‍मीदवार बनाया है। 53 वर्षीय राजीव जैन ने साल 2000 में हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे और तीसरे स्‍थान पर रहे थे। वह 2007 भाजपा में शामिल हाे गए थे। वह मनोहर लाल के 2014 में मुख्‍यमंत्री बनने के बाद उनके मीडिया सलाहकार बनाए गए थे।

राज्‍य में करनाल से भाजपा ने पिछली बार की मेयर रेणुबाला गुप्‍ता को दोबारा प्रत्‍याशी बनाया है। 52 वर्षीया रेणुबाला गुप्‍ता पिछले विधानसभा चुनाव में करनाल शहरी सीट से भाजपा टिकट की दावेदार थीं। वह भाजपा की जिले की कार्यकारी अध्‍यक्ष भी हैं। वह लगातार दो बार करनाल की मेयर रह चुकी हैं। इस तरह इस बार उनकी जीत हुई तो वह मेयर पद पर हैट्रिक बनाएंगी।

पानीपत से अवनीत कौर नहीं मिला टिकट, काेमल सैनी होंगी भाजपा प्रत्‍याशी

पानीपत से पिछली बार की मेयर अवनीत कौर को इस बार भाजपा का टिकट नहीं मिला है। पार्टी ने 35 वर्ष की काेमल सैनी को मेयर पद का उम्‍मीदवार बनाने का फैसला किया है। वह वार्ड 11 से पार्षद रह चुकी हैं। उनके ससुर रामकुमार सैनी भी पार्षद रहे हैं।

हिसार से प्रत्‍याशी आरएसएस से रहे हैं जुड़े

हिसार से भाजपा के मेयर पद के प्रत्‍याशी बनाए गए 55 वर्षीय प्रवीन पोपली राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। वह भाजपा के हिसार जिला महामंत्री रहे हैं। वह हरियाणा में नमो एप के संयोजक हैं। वह पंजाबी समाज से हैं।

रोहतक से रामअवतार वाल्‍मीकि को टिकट

रोहतक से भाजपा के मेयर पद के उम्‍मीदवार 51 वर्षीय रामअवतार वाल्‍मीकि तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। वह 2024 के विधानसभा चुनाव में कलानौर सीट से भाजपा टिकट के दावेदार थे।

यमुनानगर से सुमन बहमनी होंगी मेयर पद की प्रत्‍याशी

यमुनानगर से भाजपा की उम्‍मीदवार बनाई गईं सुमन बहमनी स्‍कूल की प्रिंसिपल थीं और बाद में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बनीं। 55 वर्षीया सुमन 2024 में स्‍वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में आई थीं और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं। वह विधानसभा चुनाव में भाजपा टिकट की दावेदार थीं।

फरीदाबाद से प्रवीन जोशी उम्‍मीदवार

फरीदाबाद से भाजपा की मेयर पद की उम्‍मीदवार बनाई गईं 59 वर्षीया प्रवीन जोशी हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्‍यक्ष रही हैं और उनके पति संदीप जोशी प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं। उनके ससुर रमेश जोशी हैं, जो भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष रह चुके हैं।

ये होंगे भाजपा के उम्‍मीदवार –

  • फरीदाबाद – प्रवीन जोशी।
  • हिसार – प्रवीन पोपली।
  • करनाल – रेणुबाला गुप्‍ता।
  • पानीपत – कोमल सैनी।
  • रोहतक – रामअवतार वाल्‍मीकि।
  • यमुनानगर – सुमन बहमनी।
  • गुरुग्राम – राजरानी मल्‍होत्रा।
  • सोनीपत – राजीव जैन।
  • अंबाला- सैलजा सचदेवा।

बता दें कि हरियाणा में आठ नगर निगम पानीपत, करनाल , हिसार, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, यमुनानगर और मानेसर के लिए चुनाव होना है। इसके अलावा अंबाला और सोनीपत नगर निगम के मेयर का उपचुनाव होगा। इसके साथ ही चार नगर परिषद और 21 नगरपालिकाओं के लिए चुनाव होंगे। इसके साथ ही गुरुग्राम जिले के सोहना, करनाल जिले के असंध और कुरुक्षेत्र जिले के इस्‍माईलाबाद नगर परिषद के चेयरमैन पद के लिए उपचुनाव होगा।

2 मार्च को होगा मतदान और मतगणना 12 मार्च को

इसके अलावा कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा, जींद जिले के सफीदों और तरावड़ी में नगर पालिका सदस्‍य के लिए उपचुनाव होंगे। राज्‍य में स्‍थानीय निकाय चुनाव व उपचुनाव के लिए 2 मार्च को मतदान होगा। इसके लिए 12 मार्च को मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित होंगे। ये चुनाव ईवीएम से होंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *