जियो की नई सर्विस, लांच करेगा जिओ साउंडपे

जियो की नई सर्विस, लांच करेगा जिओ साउंडपे
Last Updated: 26 Jun, 2025 at 02:52 PM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, मुंबई।

जियो अपने उपभोक्‍ताओं के लिए नई सेवा ला रहा है। वह जिओसाउंडपे (JioSoundPay) सर्विस के नाम से यूपीआई भुगतान एप लांच करेगा। इसको गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को लांच किए जाने की घोषणा की गई है। कंपनी ने कहा है कि यह सुविधा जियोभारत फोन पर आजीवन फ्री में उपलब्ध होगी।

जियो भारत फोन पर फ्री में मिलेगा यूपीआई भुगतान अलर्ट

कंपनी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि जियोसाउंडपे (JioSoundPay) से बिना किसी साउंड बॉक्स के यूपीआई (UPI) भुगतान के अलर्ट मिल सकेंगे। देश में यह किसी भी मोबाइल फोन पर उपलब्ध अपनी तरह की पहली सुविधा है। कंपनी का दावा है कि इसका देश के पांच करोड़ से अधिक छोटे उद्यमियों व छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

जियोसाउंडपे से बिना किसी साउंड बॉक्स के UPI भुगतान का अलर्ट मिलेगा

कंपनी के मुताबिक जियोसाउंडपे एक अभूतपूर्व इनोवेशन है। यह हर यूपीआई ( UPI) भुगतान का तत्काल, बहुभाषी ऑडियो अलर्ट मैसेज देगा। इससे छोटे से छोटे किराना स्टोर संचालकों,सब्जी विक्रेताओं और सड़क किनारे खाने-पीने की चीजें बेचने वाले दुकानदारों के लिए व्यवसाय करना आसान हो जाएगा।

करोड़ों छोटे व्यापारी बचा पाएंगे सालाना 1,500 रुपये तक

कंपनी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि मौजूदा छोटे व्यापारी साउंड बॉक्स के लिए हर महीने करीब 125 रुपये का भुगतान करते हैं। अब यह सेवा जियोसाउंडपे पर मुफ़्त उपलब्ध होने के कारण जियोभारत फोन इस्तेमाल करने वाले उपयोगकर्ता सालाना 1,500 रुपये तक बचा पाएंगे।

करीब एक साल पहले लांच हुआ था जिओ भारत मोबाइल फोन

जियोभारत मोबाइल फोन(Jio Bharat Mobile Phone) को करीब एक साल पहले लांच किया गया था। यह दुनिया का सबसे किफ़ायती 4G फ़ोन माना जाता है और कीमत मात्र 699 रुपये है। कोई भी व्यापारी नया जियोभारत फ़ोन खरीदकर सिर्फ़ छह महीने में फ़ोन की पूरी कीमत वसूल सकता है। इसके साथ ही भारत गणतंत्र के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जियोसाउंडपे पर आधुनिक संगीत वाली वंदे मातरम की धुनें प्रस्तुत की हैं।

जियो के प्रेसिडेंट सुनील दत्त ने कहा, ‘जियो हर भारतीय को सशक्त बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने में विश्वास करता है। जियोभारत पर मुफ़्त जियोसाउंडपे सुविधा और वंदे मातरम के भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण के साथ हम जश्न मना रहे हैं और एक सच्चे डिजिटल भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्ट कर रहे हैं।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *