Sateek Samachar, लुधियाना/चंडीगढ़।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को बड़ी सीख दी है। उन्हाेंने कहा कि युवा गैरकानूनी तरीके से विदेश जाने से बाज आएं। वे अमेरिका से गैरकानूनी प्रवासियों (Illegal Immigrants) की वापसी (Deport) से सबक लें और गलत तरीकों से विदेश जाने की सोच छोड़कर अपने राज्य को देश में अग्रणी बनाने में योगदान दें।
विदेश जाने की सोच छोड़कर अपन राज्य को अग्रणी बनाने में योगदान दें
भगवंत मान लुधियाना के घुंधराली में आयोजित खेल टूर्नामेंट के समापन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की पवित्र धरती पर जन्म लेना गर्व की बात है। पंजाब की भूमि विश्व में सबसे उपजाऊ है। पिछली सरकारों की नाकामी के कारण राज्य के युवा बेहतर भविष्य की तलाश में अन्य देशों की ओर पलायन करने को मजबूर थे। अमेरिका से अवैध अप्रवासियों (Illegal Immigrants) की सामूहिक वापसी हम सभी के लिए आंखें खोलने वाली है। अब युवाओं को गैरकानूनी तरीके से विदेश नहीं जाना चाहिए। वे राज्य और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए कड़ी मेहनत करें।

पंजाब सरकार राज्य के युवाओं को दे रहे हैं रोजगार
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने पहले ही राज्य के युवाओं को योग्यता के आधार पर 50 हज़ार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। राज्य के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि तीन वर्ष में युवाओं को इतनी बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियां दी गई हैं। यह सिलसिला जारी रहेगा। युवा राज्य में सरकारी नौकरियां पाने के लिए विदेश से लौट रहे हैं।
पंजाब पुलिस में होगी 10 हजार नई भर्तियां
भगवंत मान ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यकुशलता बढ़ाने और युवाओं को रोजगार देने के लिए पंजाब पुलिस में हर साल 1800 सिपाही और 300 सब इंस्पेक्टर भर्ती करने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने पंजाब पुलिस में 10 हजार नई भर्तियां करने का फैसला किया है और इसके लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
कहा- पारंपरिक पार्टियों के नेता कर रहे भ्रामक प्रचार
भगवंत मान ने कहा कि पारंपरिक पार्टियां उनसे इसलिए नाराज़ हैं क्योंकि वह एक आम परिवार से संबंध रखते हैं। इन पार्टियों के नेता मानते हैं कि उन्हें शासन करने का दिव्य अधिकार है, इसलिए उन्हें यह सहन नहीं हो रहा कि एक आम आदमी कुशलता से सरकार चला रहा है। इन नेताओं ने लंबे समय तक लोगों को गुमराह किया, लेकिन अब लोग उनके भ्रामक प्रचार में नहीं आने वाले।
खेल संस्कृति नशे के खिलाफ प्रभावशाली तरीका
भगवंत मान ने कहा कि खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना राज्य सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम का सबसे प्रभावशाली तरीका हो सकता है। खेलों को प्रोत्साहित करने से युवाओं की ऊर्जा खेल के मैदान में लगती है। खेलों में व्यस्त युवा नशे की ओर देखने का समय भी नहीं निकाल पाते क्योंकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए पूरी मेहनत करते हैं।