कैबिनेट की बैठक में ‘पंजाब कस्टम मिलिंग पॉलिसी’, ‘अनाज ढुलाई नीति 2027’ व ‘अनाज लेबर एवं कार्टेज नीति 2027’ को हरी झंडी
सटीक समाचार, चंडीगढ़। Paddy Procurement New Update: पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार ने राज्य में धान की खरीद के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पंजाब कैबिनेट ने आगामी खरीफ मंडीकरण सीजन (केएमएस) 2026-27 के दौरान धान की निर्बाध एवं सुचारू खरीद और ढुलाई सुनिश्चित करने के लिए तीन महत्वपूर्ण नीतियों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही कैबिनेट की बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में शनिवार कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें पंजाब लोक सेवा आयोग (ग्रुप ए) सेवा नियम, 2012 में संशोधन, सब-डिविजनल अस्पताल, चमकौर साहिब में 33 पदों को सर्जित करने, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में 138 नए पदों के सृजन और 80 रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति भी दी गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से बताया गया कि आगामी खरीफ मंडीकरण सीजन 2026-27 के दौरान धान की सुचारू और बिना किसी कठिनाई के खरीद सुनिश्चित करने के लिए ‘पंजाब कस्टम मिलिंग पॉलिसी फॉर खरीफ 2026-27’, ‘पंजाब फूडग्रेन्स ट्रांसपोर्टेशन पॉलिसी 2027’ और ‘पंजाब फूडग्रेन्स लेबर एंड कार्टेज पॉलिसी 2027’ को मंजूरी दी गई।
सरकार ने कहा- किसानों की फसलों के एक-एक दाने की होगी खरीद
सरकार ने आगामी खरीद सीजन के दौरान किसानों की फसलों के एक-एक दाने की खरीद व लिफ्टिंग के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। कैबिनेट ने धान के आगामी खरीद सीजन के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को नीतियों के किसी भी प्रावधान में संशोधन करने का अधिकार भी दिया।

पंजाब लोक सेवा आयोग नियमों में संशोधन को मंजूरी
एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में कैबिनेट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (ग्रुप ए) सेवा नियम, 2012 में संशोधन को मंजूरी दे दी है, जिससे पंजाब लोक सेवा आयोग में निजी सहायक से निजी सचिव के रूप में पदोन्नति के लिए प्रावधान शामिल करने संबंधी अधिसूचना जारी करने का रास्ता साफ हो गया है।
सब-डिविजनल अस्पताल, चमकौर साहिब में 33 पदों को बहाल करने की मंजूरी
चमकौर साहिब और इसके आस-पास के इलाकों के लोगों को बेहतर और उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कैबिनेट ने सब-डिविजनल अस्पताल, चमकौर साहिब में नव सृजित 33 पदों को सर्जित करने की स्वीकृति दे दी है।
यह समाचार भी पढ़िये : Punjab T20 League New Match: बारिश से बाधित मैच में बठिंडा रॉयल्स की जीत, जालंधर ने लुधियाना को हराया
इस सब-डिविजनल अस्पताल को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर से अपग्रेड किया गया था। इन पदों में मेडिकल ऑफिसर (मेडिसिन), मेडिकल ऑफिसर (ऑर्थोपेडिक्स), मेडिकल ऑफिसर (एनेस्थीसिया), मेडिकल ऑफिसर (पैथोलॉजी), मेडिकल ऑफिसर (नेत्र रोग विशेषज्ञ), मेडिकल ऑफिसर (रेडियोलॉजी), एमबीबीएस जनरल, नर्सिंग सिस्टर, सीनियर असिस्टेंट/अकाउंटेंट, स्टाफ नर्स, ओटीए, ड्राइवर और क्लर्क आदि शामिल हैं।
कैबिनेट ने दी 138 पदों के सृजन और 80 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी
कैबिनेट ने सिविल सर्जन कार्यालय, मालेरकोटला के लिए विभिन्न कैडरों के 19 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है ताकि जिले के निवासियों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ सरकारी कामकाज को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
एक अन्य फैसले में कैबिनेट ने लोगों को व्यापक और अधिक उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से धूरी के सब-डिविजनल अस्पताल और वहां नवनिर्मित एमसीएच सेंटर में विभिन्न कैडरों के 119 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दे दी है।
मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मेडिकल ऑफिसर (डेंटल) के 80 रिक्त पदों को भरने के लिए भी अपनी सहमति दे दी है। इनमें से 53 पदों को रिक्त हुए एक वर्ष से अधिक, जबकि 27 पदों को एक वर्ष से कम समय हो गया है।

