Haryana Congress Cross Voting: राज्‍यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करनेवाले विधायकों को हुड्डा ने बताया धोखेबाज, कहा-इस्‍तीफा दें

Haryana Congress Cross Voting: राज्‍यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करनेवाले विधायकों को हुड्डा ने बताया धोखेबाज, कहा-इस्‍तीफा दें
आपके शेयर से बदलेगा नज़रिया!

Sateek Samachar, नारायणगढ़ (अंबाला)।

हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने राज्‍यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करनेवाले पाटी के विधायकों को धोखेबाज करार दिया है। उन्‍होंने कहा कि इन विधायकों ने कांग्रेस और जनता दोनों को धोखा दिया है। इन विधायकों का विधानसभा की सदस्‍यता से इस्‍तीफा दे देना चाहिए। इसके साथ ही हरियाणा कांग्रेस (Haryana Congress) के अध्‍यख राव नरेंद्र (Rao Narendra) ने कहा कि इन विधायकों पर सख्‍त कार्रवाई होगी।

वह यहां पत्रकाराें से बात कर रहे थे। पत्रकारों ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भी सवाल पूछा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक पार्टी के प्रभारी , नेता प्रतिपक्ष और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पर भेदभावपूर्ण तरीके से कार्रवाई का आरोप लगा रहे हैं, तो हुड्डा ने कहा कि एक झूठ को छिपाने के लिए 100 झूठ बोलने पड़ते हैं। इन विधायकों की यही स्थिति है।

हुड्डा ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने सिर्फ पार्टी को धोखा नहीं दिया, बल्कि उस जनता को भी धोखा दिया है, जिसने उन्हें भाजपा के खिलाफ चुनकर विधानसभा भेजा था।

हरियाणा कांग्रेस अध्‍ध्‍यक्ष राव नरेंद्र ने भी कहा कि क्रास वाेटिंग करनेवाले सभी विधायकों पर सख्त कार्रवाई होगी। उनके नाम अपने नोट के साथ मैंने हाईकमान को भेज दिए हैं। आगे की कार्रवाई हकमान के स्तर पर होगी। इन लोगों को कांग्रेस ने चुनाव में उम्मीदवार बनाकर जनता के बीच भेजा था और जनता ने कांग्रेस पर भरोसा करके इन्हें जितवाया था। ऐसे में अगर ये लोग कांग्रेस के साथ ही धोखा करते हैं, तो जनता उन्हें जरूर सबक सिखाएगी। झूठ का सहारा लेकर कोई विधायक बच नहीं सकता।

हुड्डा बोले- भाजपा सरकार फसल खरीद के नाम पर घोटाले करती है

हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह ने अन्‍य कांग्रेस नेताओं के साथ नारायणगढ़ क्षेत्र की अनाजमंडियों का दौरा कर फसल खरीद का जायजा लिया। हुड्डा ने कहा है कि भाजपा सरकार फसल खरीद के नाम पर सिर्फ घोटाले करती है। गेहूं-सरसों खरीद के नाम पर एक और घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। सरकार गेहूं और सरसों की खरीद करने की बजाय किसानों पर एक के बाद एक अजीबो-गरीब शर्तें थोप रही है।

उन्‍होंने कहा कि कभी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, फिर गेट पास, उसके साथ बायोमेट्रिक, ट्रेक्टर नंबर, वेरिफिकेशन और गारंटर जैसी शर्तें थोपी जा रही हैं। किसानों के साथ अपराधियों सा व्यवहार किया जा रहा है। कुल मिलाकर सरकार की कोशिश है कि किसानों को इसी में उलझाकर रखा जाए, ताकि उनकी फसल खरीदनी ही न पड़े। कांग्रेस के शासनकाल मे भी खरीद होती थी , लेकिन कभी किसानों को कोई परेशानी नही हुई।

मंडियों के लगातार दौरे कर रहे हैं

हुड्डा ने कहा कि वह लगातार मंडियों का दौरा कर रहे हैं। यहां भी उन्होंने किसानों, मजदूरों व आढ़तियों से मुलाकात की है। किसानों ने मंडी में फैली अव्यवस्थाओं के बारे में बताया है। इसको लेकर अधिकारियों से बात कर रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि पिछले सीजन में सरकार ने धान खरीद में घोटाला किया, फिर आलू खरीद में और अब गेहूं व सरसों में भी ऐसी साजिशें साफ नजर आ रही हैं। भाजपा सरकार किसानों को लूटने का एक भी मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहती। यह पूर्ण रूप से किसान विरोधी सरकार है।

उन्‍होंने कहा कि एक तरफ सरकार का अत्याचार और ऊपर से मौसम की मार, किसान बीच में पिसकर रह गए हैं। लगातार हो रही बेमौसमी बारिश के चलते किसानों की खड़ी फसल खराब हो गई है। ऐसे में सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर उन्हें मुआवजा देना चाहिए। और किसानों को प्रति क्विंटल बोनस देना चाहिये लेकिन ऐसा करने की बजाए सरकार में बैठे मंत्री बचकाने बयान दे रहे हैं कि बारिश की वजह से पैदावार बढ़ जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *