Sateek samachar, मुंबई।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने वर्ष 2025-26 के लिए अपना बजट पेश कर दिया है। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट है। यह पिछले वर्ष से 9246.62 करोड़ अधिक है। बीएमसी मुंबई में परिवहन नेटवर्क को और मतबूत करने के लिए 2000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी। बजट में नागरिक बस सेवा बेस्ट के लिए (BEST) 1000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।
बीएमसी ने वर्ष 2025-26 के लिए कुल 74427.41 करोड़ का बजट पेश किया है। वर्ष 2024-25 के लिए कुल 65180.79 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। बजट में बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन सेवा (BEST) का खास ध्यान रखा गया है। बेस्ट सेवा लोकल ट्रेन के बाद मुंबई महानगर की सबसे बड़ी सार्वजनिक परिवहन सेवा है। इसकी बसों से प्रतिदिन करीब 30 लाख से अधिक लोग सफर करते हैं। इसकी अभी करीब 3000 बसें हैं। दो हजार और इलेक्ट्रिक बसें आ जाने के बाद इसके बेड़े में बसों की संख्या पांच हजार हो जाएगी।
शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बीएमसी के 74 हजार करोड़ रुपये से अधिक के बजट से मुंबई का विकास तेज होगा। आय में सात हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। भ्रष्टाचार समाप्त हुआ है।
बजट में किस कार्य पर कितना खर्च होगा –
- कोस्टल प्रोजेक्ट – 5807 करोड़ रुपये
- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट – 5545 करोड़ रुपये।
- जल आपूर्ति – 5400 करोड़ रुपये ।
- सड़क – 5100 करोड़ रुपये।
- स्वास्थ्य सेवाएं – 2172 करोड़ रुपये।
- पुल निर्माण – 1980 करोड़ रुपये।
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट- 499 करोड़ रुपये।
- स्कूल भवन मरम्मत – 411 करोड़ रुपये।
इन परियोजनाओं पर होगा काम –
- अंधेरी के गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज के दूसरे चरण का कार्य अप्रैल 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसका पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है।
- नेहरू सांईंस सेंटर को डा. एनी बेसेंट राेड से जोड़ने के लिए बनेगा पैदल अंडरपास। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इस पर अभी 14 प्रतिशत कार्य हुआ है।
- महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के निकट केशवराव खाडये मार्ग पर केबल स्टेड आरओबी का विस्तार। इसका अब तक 35 प्रतिशत कार्य हुआ है।
- मुंबई सेंट्रल और ग्रांट रोड रेलवे स्टेशनों के बीच आरओबी का पुनर्निमाण।
- महालक्ष्मी ब्रिज के दक्षिणी भाग से एनएम जोशी मार्ग तक नई सड़क और डायवर्जन का निर्माण। यह कार्य शुरू हो चुका है और अभी 10 प्रतिशत काम हुआ है।
- जुहू वार्सोवा जंक्शन से डीएन नगर , बारिवाला रोड तक फ्लाईओवर का निर्माण।
- ओशिवारा नाला के एस. वी. रोड पर जर्जर पुल को ध्वस्त कर नया पुल (फेज-II) निर्माण। इस पर कार्य भी शुरू हो चुका है ।
- मृणाल ताई गोरे फ्लाईओवर का राम मंदिर रोड से रिलीफ रोड तक विस्तार। इसका कार्य करीब 65 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
जानें बेस्ट में कहां खर्च होगी राशि –
- बजट प्रस्तावों के अनुसार बेस्ट के लिए आवंटित राशि का उपयोग बुनयादी ढ़ांचा (इन्फ्रांस्ट्रक्चर) के विकास के लिए किया जाएगा।
- इससे पूंजीगत उपकरणों की खरीद होगी।
- ऋण की चुकौती की जाएगी।
- बसों के पट्टे।
- कर्मचारियों के वेतन संशोधन।
- दैनिक परिचालन।
- इंटेलिजेंस ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) परियोजना।
- कर्मचारियों के दिवाली बोनस।
- पेंशनभाेगी बकाया।
- बिजली बिल।