Sateek Samachar, नई दिल्ली।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और बिहार से सांसद पप्पू यादव मुश्किल में पड़ सकते हैं। दोनों नेताओं पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का आरोप लगा है और भाजपा ने उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। दोनों नेताओं ने संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर टिप्पणी की थी।
भाजपा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को इस बारे में सोमवार को पत्र दिया है। इस नोटिस पर भाजपा के करीब 40 सांसदों का समर्थन है। बता दें कि सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य हैं और पप्पू यादव लोकसभा के सदस्य हैं। बता दें कि 31 जनवरी को संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा और लोकसभा सदस्यों को संबोधित किया था।
भाजपा ने राज्यसभा सभापति और लोकसभा स्पीकर को भेजे पत्र
इसको लेकर सोनिया गांधी ने टिप्पणी के दौरान उनके लिए ‘बेचारी’ शब्द का इस्तेमाल किया था। सोनिया ने कहा था, ‘ राष्ट्रपति अंत तक बहुत थक गई थीं, Poor Lady वह ठीक से बोल नहीं पा रही थीं। ‘ उनकी इस टिप्पणी पर विवाद पैदा हो गया और एनडीए के सांसदों विशेषकर भाजपा के नेताओं ने सोनिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेता और लोकसभा सदस्य राहुल गांधी ने कहा था कि राष्ट्रपति का अभिभाषण बोरिंग था।
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद हैं पप्पू यादव
दूसरी ओर, बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर भी विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पप्पू यादव ने कथित तौर पर कहा, ‘ राष्ट्रपति केवल रबर स्टांप हैं, किसी का प्रेम पत्र पढ़ना है उनको।’ उनकी इस टिप्पणी पर हंगामा हो गया था और उनके खिलाफ नारेबाजी हुई थी।
भाजपा ने कहा, टिप्पणियां राष्ट्रपति की गरिमा को चोट पहुंचाने वाली
भाजपा की ओर से राज्यसभा के सभापति और लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्रों में कहा गया है कि ‘ऐसी टिप्पणियां राष्ट्रपति की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। इस तरह की टिप्पणियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमें शर्म और उपहास का पात्र बना देती हैं।’
राष्ट्रपति भवन की ओर से टिप्पणियों पर व्यक्त की गई थी कड़ी प्रतिक्रिया
अभिभाषण पर नेताओं की टिप्पणियों पर राष्ट्रपति भवन की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई थी। राष्ट्रपति भवन से जारी बयान में इन टिप्पणियों को गरिमा के खिलाफ और अस्वीकार्य बताया गया था।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने दी थी मां सोनिया की ओर से सफाई
बाद में इस मामले में सोनिया गांधी की पुत्री और लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा ने सफाई दी थी और कहा था कि सोनिया गांधी के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। प्रियंका ने सोनिया गांधी का हवाला देते हुए कहा कि वह 78 साल की बूढ़ी महिला हैं और वह राष्ट्रपति का अपमान नहीं करेंगी।