चातुर्मास संप‍ूर्ति पर विदाई समारोह, जैन स्‍थानक में उमड़ी श्रद्धा और भक्ति

Panipat Jain Sthanak: पानीपत के गांधी मंडी जैन स्‍थानक में जैन सभा द्वारा आयोजित चातुर्मास संपूर्ति पर आयोजित विदाई समारोह में डॉ. राजेश मुनि महाराज के साथ जैन सभा के पदाधिकारी व प्रमुख लोग। विजय जैन ने जैन मुनि का चित्र डॉ. राजेश मुनि के समक्ष जैन सभा के पदाधिकारियों को समर्पित किया। (फोटो सौजन्‍य जैन सभा)
Panipat Jain Sthanak: पानीपत के गांधी मंडी जैन स्‍थानक में जैन सभा द्वारा आयोजित चातुर्मास संपूर्ति पर आयोजित विदाई समारोह में डॉ. राजेश मुनि महाराज के साथ जैन सभा के पदाधिकारी व प्रमुख लोग। विजय जैन ने जैन मुनि का चित्र डॉ. राजेश मुनि के समक्ष जैन सभा के पदाधिकारियों को समर्पित किया। (फोटो सौजन्‍य जैन सभा)
Last Updated: 25 Nov, 2026 at 02:34 PM by Sunil Kumar Jha

सटीक समाचार, पानीपत। Panipat Jain Sthanak: यहां गांधी मंडी जैन स्‍थानक में चातुर्मास संपूर्ति पर आयोजित विदाई समारोह में श्रद्धा और भक्ति उमड़ पड़ी। समारोह का आयोजन श्री एसएस जैन सभा (रजि.) के तत्वावधान में किया गया। समारोह का आयोजन जैन संत अभिग्रहधारी डॉ. राजेश मुनि जी महाराज व अन्‍य जैन संतों के चातुर्मास प्रवास के पूर्ण होने के उपलक्ष्‍य में किया गया।

अभिग्रहधारी डॉ. राजेश मुनि, राजेंद्र मुनि, महासाध्‍वी समता जी व साध्‍वी भविका जी का चातुर्मास पूर्ण

समारो‍ह में अभिग्रहधारी डॉ. राजेश मुनि जी महाराज के साथ-साथ परम सेवाभावी राजेंद्र मुनि जी महाराज, महासाध्वी समता जी महाराज, तपस्विनी साध्वी भविका जीमहाराज ठाणे-4 का सानिध्य रहा। इस अवसर पर अखिल भारतीय जैन कांन्‍फ्रेंस के चेयरमैन विजय जैन, गांधी मंडी जैन सभा के संरक्षक डॉ. एपी जैन, जैन सभा के प्रधान जगदीश जैन, महामंत्री डॉ. ईश्वर जैन, मंत्री राजेंद्र जैन, राजीव जैन ने चातुर्मास के दौरान हुई गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

चातुर्मास के दौरान प्राप्‍त उपलब्धियों के बारे में दी जानकारी

समाराेह में कई महिला श्रद्धालुओं ने इस चातुर्मास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने बुधवार को को जैन संतों और साध्‍व‍ियों के विहार (विदा होने) के दृश्‍य को बड़े खूबसूरत ढंग से प्रस्तुत किया। जैन सभा के संरक्षक डाॅ. एपी ने बताया कि चातुर्मास में होने वाले धर्म-ध्यान, तप-त्याग के अतिरिक्त इस बार बहुत कुछ नया हुआ है। सरकारी प्रोटोकॉल से हटकर मुख्यमंत्री नवाब सिंह सैनी द्वारा डॉ. राजेश मुनि जी महाराज के अभिग्रह पूरे करवाना एक अनोखा कार्य रहा।

उन्‍होंने बताया कि मुनि जी की प्रेरणा से नशा मुक्ति के लिए लगभग 21,000 व्यक्तियों द्वारा संकल्प पत्र भरकर गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में गांधी मंडी समाज का नाम दर्ज़ करवाना, मुनिश्री की ही प्रेरणा व उनके मार्गदर्शन में श्री एसएस जैन महासभा, हरियाणा द्वारा 5,5 00 व्यक्तियों से संकल्प-पत्र भरवाना भी सामाजिक सरोकार ही नहीं धार्मिक क्रिया भी रहा।

डॉ. एपी जैन ने जैन संतों-साध्वि‍यों की विदाई की पीड़ा व्‍यक्‍त की

डॉ. एपी जैन ने कहा कि उपरोक्त एवं अन्य उपकारों के बावजूद हमसे संत सतियां जी महराजों की अविनय अशातना (त्रुटि) हो सकती है जिसके लिए उनसे बार-बार क्षमा याचना की गई है। उन्‍होंंने विदाई के अवसर पर हो रही पीड़ा को व्यक्त करते हुए कहा कि हम जिन शासन की इस स्वस्थ परंपरा के समक्ष मौन हैं कि “साधु जीवन है दरिया का पानी, बहते रहना सदा है पावन ज़िंदगी की निशानी”। फिर भी विनती है कि हम पर सुदृष्टि रखेंगे और भविष्य में भी यथासंभव चातुर्मास प्रदान करेंगे।

उन्‍होंने कहा कि शासनपति भगवान महावीर से प्रार्थना की गई कि उनकी संयम यात्रा सदियों तक निर्विघ्न चलती रहे और उनका यहां से विचरना निष्कंटक हो तथा उनकी सदा जय हो, विजय हो।

हेमंत जैन को अभिग्रह विशेषज्ञ के अलंकरण से सम्‍मानित किया गया

समारो‍ह में हेमंत जैन को ‘अभिग्रह विशेषज्ञ’ के अलंकरण से सम्मानित किया गया। वह पानीपत के लगभग सभी अभिग्रहों में और इनको पूरा करवाने में सहयोगी रहे। उनकी अनुपस्थिति में उनके भाई विजय जैन ने जैन सभा के पदा‍धिकारियों से सम्मान ग्रहण किया। आज राजीव जैन का 41वां जन्मदिन था। इस खुशी में उन्होंने डॉ. राजेश मुनि जी महाराज का चित्र उनको समर्पित करके जैन समाज को भेंट किया तथा उसकी 41 प्रतियां भी लोगों में वितरित की। साथ ही उदार मन से प्रभावना भी बांटी, लकी कूपन भी निकाले गए।

डॉ. राजेश मुनि ने चातुर्मास प्रवास के अनुभव को मुक्‍तक के माध्‍यम से व्‍यक्‍त किया

समारोह में अभिग्रहधारी डॉ. राजेश मुनि जी महाराज ने अपने संबोधन में दो मुक्तक पेश किए। ये थे, “पानीपत संघ में ख़ूब रही मौज़/ धर्म का प्रेम से, कठोरता से देते रहे डोज़/ पर भक्तजन गुरु में गुण की करते रहे खोज/इसलिए गुरुवर ने एक चोमासा और करवाने के लिए किया प्रपोज़।” और “चौमासे का पूरा हुआ अरमान/ ख़ूब हुआ धर्म ध्यान / राष्ट्रीय स्तर पर बनी पहचान / आज विदाई पर चली गई चेहरे की मुस्कान।”

यह समाचार भी पढ़िये: देवोत्‍थान एकादशी संग विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू, इस सीजन 52 लाख शादियों का अनुमान

मुनिश्री जी ने इस चातुर्मास को बहुत सफल माना और इसके लिए जैन सभा के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जाने या अनजाने में हमसे भी ऐसा कुछ कहा या किया जा सकता है जिससे किसी के दिल को ठेस पहुंचे। उसके लिए सभी से क्षमा याचना। इसी प्रकार के भाव महासाध्वी समता जी महाराज ने भी प्रकट किए।

समारोह में ये प्रमुख लोग भी रहे उपस्‍थ‍ित

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांन्‍फ्रेंस के कोषाध्यक्ष विनय जैन, हरियाणा जैन महासभा के अध्यक्ष रविंद्र जैन, कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन, हरियाणा जैन कांन्‍फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. रामनिवास जैन, मनीष जैन, वीरेंद्र जैन, कालू जैन, राजपाल जैन, सुरेश जैन, सुशील जैन, अजित जैन, आत्माराम जैन, किरण जैन, अंजलि जैन, सुमन जैन, पूनम जैन, आदि बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *