सटीक समाचार, पटियाला। Punjab Mini Buses: पंजाब में गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए भगवंत मान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में ग्रामीण रूटों पर 100 मिनी बसें चलाई जाएंगी। मुख्यमंंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला में 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।
भगवंत मान ने कहा, सरकार गांंवों को शहरों से जोड़ने को प्रतिबद्ध
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने का कहा कि उनकी सरकार प्रत्येक गांव को शहरों से जोड़ने के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि जिस तरह नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाया गया है, उसी तरह पंजाब के हर गांव तक बसें पहुंचाई जाएंगी।

उन्होंने गांवों से शहरों तक जाने वाली बस सेवाएं बंद करने के लिए पिछली सरकारों पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि ये नई बसें ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, दैनिक आवागमन को आसान बनाएंगी तथा शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार करेंगी।
अगले महीने परिवहन विभाग के बेड़े में 309 बड़ी बसें शामिल होंगी
भगवंत मान ने अगले महीने बस बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल करने की घोषणा भी की। भगवंत मान ने कहा कि 29 सीटों वाली 100 मिनी बसें शामिल किए जाने से लगभग 150 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इसके अलावा, 15 युवाओं को तत्काल परिवहन विभाग में नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।
भगवंत मान ने कहा, युवाओं को नौकरियां मिलेंगी
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, ‘ पंजाब के परिवहन ढांचे को मजबूत करते हुए आज हमने पटियाला में पीआरटीसी के बेड़े में 100 नई मिनी बसें शामिल की हैं। ये बसें विशेष रूप से हमारे गांवों को शहरों से जोड़ेंगी, जिससे गांवों के निवासियों के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। हमने विभाग में नौकरियों के लिए 15 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे हैं। सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अगले महीने बस बेड़े में 309 और नई बड़ी बसें शामिल की जाएंगी।’
सार्वजनिक परिवहन ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा की तरह
मीडिया से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा, ‘सार्वजनिक परिवहन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणो के लिए जीवनरेखा की तरह है। विश्वसनीय बस सेवाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलती है, परिवारों को रोजगार के अवसर मिलते हैं और गांवों का आर्थिक एवं सामाजिक ताना-बाना मजबूत होता है।’
कहा- पिछली सरकारों ने ग्रामीण परिवहन व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया
उन्होंने कहा पिछली सरकारों ने ग्रामीण परिवहन संपर्क व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण लोगों को काम, शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए शहरों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हमारी सरकार इस स्थिति को बदलने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी व्यक्ति को अपने निवास स्थान के कारण अवसरों से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि इन बसों को पटियाला, बठिंडा, चंडीगढ़, संगरूर, बरनाला, बुढलाडा, कपूरथला, फरीदकोट और लुधियाना सहित विभिन्न डिपो में वितरित किया गया है। इन 100 नई मिनी बसों की शुरुआत से लगभग 150 ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस दौरान परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
100 मिनी बसें इन डिपुओं से चलेंगी
पटियाला: 25 बसें
बठिंडा: 15बसें
चंडीगढ़:15बसें
संगरूर:10बसें
बरनाला:9बसें
बुढलाडा:8बसें
कपूरथला:7बसें
फरीदकोट:6 बसें
लुधियाना:5 बसें।
