सटीक समाचार, मोहाली।
भगवंंत मान सरकार ने पंजाब की महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत (Relief To Female Employees) दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य की ग्रुप सी और डी श्रेणियों से संबंधित महिला कर्मचारियों की उनके घर से 40 किलोमीटर के दायरे में तैनाती दी जाएगी। इनमें स्टाफ नर्सें, महिला पुलिसकर्मी और अन्य पात्र कर्मचारी शामिल हैं। इन कर्मचारियों को यह तैनाती प्रोबेशन काल पूरा होने के बाद दी जाएगी।
हजारों महिला कर्मचारियों को होगा लाभ
भगवंत मान ने यहां कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य महिला कर्मचारियों के निजी जीवन और कार्यालय के कार्यों के बीच संतुलन को बेहतर बनाना है। ‘आप’ सरकार कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। इस कदम से राज्य भर के विभिन्न विभागों में कार्यरत हजारों महिला कर्मचारियों को लाभ होगा।
अधिकारियों को आवश्यक ढ़ाचा तैयार करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ही अधिकारियों को इस पहल को लागू करने के लिए आवश्यक ढांचा तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। हजारों महिला कर्मचारियों, विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत स्टाफ नर्सों, अध्यापकों और महिला पुलिस कर्मियों को इस पहल का लाभ मिलेगा।
Relief to Female Employees
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैंने व्यक्तिगत रूप से कई महिला कर्मचारियों से बातचीत की है, जिन्होंने मुझे बताया कि उनकी तैनाती उनके घरों से लगभग 200 किलोमीटर दूर की गई है। इसके कारण वे सप्ताह में केवल दो दिन ही अपने परिवारों से मिल पाती हैं और उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने ऐसी नीति बनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत ग्रुप सी और डी श्रेणियों से संबंधित महिला कर्मचारियों, जिनमें स्टाफ नर्सें, अध्यापक और महिला पुलिस कर्मी शामिल हैं, को परख काल पूरा होने के बाद उनके घरों से अधिकतम 40 किलोमीटर के दायरे में तैनात किया जाएगा।’
उन्होंने कहा, ‘महिला कर्मचारी आधिकारिक फॉर्म भरते समय अपने मायके या ससुराल का पता दे सकेंगी। इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वे लगभग एक घंटे के भीतर अपने परिवार तक पहुंच सकें। 40 किलोमीटर केवल ऊपरी सीमा है और ये तैनातियां इससे भी कम दूरी, जैसे 15 या 20 किलोमीटर के भीतर भी हो सकती हैं।’
