Women Cricket: विश्‍वकप विजेता क्रिकेटर लीसा काइटली बनीं मुंबई इंडियंस महिला टीम की हेड कोच

सटीक समाचार, मुंबई।

मुंबई इंडियंस ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर लीसा काइटली को अपनी महिला टीम का हेड कोच नियुक्त किया है। लीसा काइटली दो बार महिला विश्‍वकप जीतने वाली आस्‍ट्रेलिया की टीम में शामिल रहीं। 1997 और 2005 में ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीमों का हिस्सा रहीं काइटली महिला क्रिकेट की सम्मानित कोचों में से एक हैं।

माना जा रहा है कि अपने शानदार खेल करियर और ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और शीर्ष वैश्विक लीगों में कोचिंग के अनुभव के साथ वह मुंबई इंडियंस टीम में बेजोड़ अनुभव और दूरदर्शिता लेकर आएंगी। मुंबई इंडियंस महिला टीम विमेन प्रीमियर लीग (WPL) के इतिहास की सबसे सफल टीम है। मुंबई इंडियन महिला टीम ने पिछले तीन सीज़न में दो बार चैंपियनशिप जीती हैं। वह 2023 और 2025 में WPL विजेता रही है।

नीता एम. अंबानी ने कहा, ‘ हमें मुंबई इंडियंस परिवार में लीसा काइटली का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। लीसा ने अपने जुनून से क्रिकेट की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उनका आगमन मुंबई इंडियंस के लिए एक रोमांचक व नया अध्याय है क्योंकि हम और ऊँचा उड़ने के लिए तैयार हैं।’

लीसा काइटली ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस में शामिल होना सम्मान की बात है। इस टीम ने WPL में कई मानक स्थापित किए हैं। मैं टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं ताकि हम अपनी सफलता को और आगे बढ़ा सकें । इसके साथ ही मैदान के अंदर और बाहर नई पीढ़ी को प्रेरणा देते रहें।’

काइटली, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड महिला टीमों की कोच रही हैं। वह इंग्लैंड की पूर्णकालिक हेड कोच बनने वाली पहली महिला थीं। उन्हें WBBL, द हंड्रेड और WPL में फ्रेंचाइज़ी कोचिंग का भी अनुभव है, और हाल ही में उन्होंने पिछले महीने द हंड्रेड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को महिला खिताब जितवाया था। काइटली को एक स्टाइलिश सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर जाना जाता रहा है। काइटली ने 9 टेस्ट, 82 वनडे और 1 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *